IIIT Delhi Placements 2026: बीटेक में प्रवेश लेने वाले ज्यादातर छात्रों की यही चाहत होती है कि कोर्स पूरा होने के साथ ही उन्हें किसी मल्टीनेशनल कंपनी में तगड़े सैलरी पैकेज पर नौकरी मिल जाए। देश के प्रतिष्ठित आईआईटी या एनआईटी संस्थानों से बीटेक करने वाले छात्रों का ये सपना पूरा होता भी है। लेकिन इस साल दिल्ली के इंजीनियरिंग संस्थान IIIT Delhi ने बाजी मार ली है। यहां के एक बीटेक छात्र को 1.22 करोड़ रुपये से ज्यादा का सालाना पैकेज ऑफर किया गया है। इसके अलावा, इंस्टीट्यूट के कई कोर्स में प्लेसमेंट के आंकड़े भी अच्छे रहे हैं। आइए जानते हैं दिल्ली के इस इंस्टीट्यूट और उसके प्लेसमेंट आंकड़ों के बारे में
प्लेसमेंट के दौरान यहां के B.Tech छात्रों को अलग-अलग श्रेणी में ऑफर मिले हैं। इनमें 372 A+ ऑफर शामिल थे, जिनका सालाना CTC 12.50 लाख रुपये था। इसके अलावा, 222 A कैटेगरी के ऑफर मिले, जिनका CTC 7 लाख रुपये से ज्यादा और 12 लाख रुपये से कम था। वहीं, 88 B कैटेगरी के ऑफर ऐसे थे, जिनका CTC 7 लाख रुपये से कम था। इनमें से 60 ऑफर बाद में A या A+ कैटेगरी में अपग्रेड हो गए।
IIIT दिल्ली के B.Tech छात्र ने झटका तगड़ा पैकेज
इंद्रप्रस्थ इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IIIT) दिल्ली के B.Tech प्लेसमेंट 2026 में सबसे ज्यादा सालाना पैकेज 122.76 लाख रुपये यानी करीब 1.22 करोड़ रुपये रहा। इंस्टीट्यूट की ऑफिशियल वेबसाइट पर जारी आंकड़ों के अनुसार, M.Tech के लिए सबसे ज्यादा पैकेज 38.38 लाख रुपये सालाना दर्ज किया गया। वहीं, फॉरेन प्लेसमेंट में सबसे ज्यादा पैकेज 48.65 लाख रुपये रहा।
क्या कहते हैं प्लेसमेंट 2026 के आंकड़े ?
प्लेसमेंट के दौरान छात्रों को भारत और विदेश, दोनों जगह नौकरी के ऑफर मिले। आंकड़ों में 679 भारतीय और 2 विदेशी ऑफर दर्ज किए गए। हालांकि, इन ऑफरों की संख्या और कुल प्लेसमेंट ऑफरों की संख्या में अंतर है, क्योंकि प्लेसमेंट के आंकड़ों में अलग-अलग तरह के ऑफर शामिल हो सकते हैं।
सीएसई में सबसे ज्यादा 98.26 % रहा प्लेसमेंट
IIIT दिल्ली में अलग-अलग बीटेक ब्रांच में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (CSE) में सबसे ज्यादा 98.26% छात्रों को प्लेसमेंट मिला। वहीं, CSAM में 94.55% और CSSS में 92.68% छात्रों को नौकरी के ऑफर मिले। इसके अलावा, CSAI ब्रांच में प्लेसमेंट प्रतिशत 92% और CSB में 91.11% रहा। EVE में 87.50% छात्रों को प्लेसमेंट मिला, जबकि ECE में यह आंकड़ा 69.70% दर्ज किया गया। इन आंकड़ों से पता चलता है कि इंस्टीट्यूट में कंप्यूटर साइंस से जुड़ी कई ब्रांच का प्लेसमेंट प्रदर्शन बेहतर रहा।
क्यों खास है IIIT दिल्ली?
आईआईआईटी दिल्ली के प्लेसमेंट 2026 के आंकड़े बताते हैं कि यहां बीटेक के एक छात्र को 1.22 करोड़ रुपये से ज्यादा का पैकेज मिला, जबकि बीटेक का औसत पैकेज 20.77 लाख रुपये रहा। इसलिए इंजीनियरिंग में एडमिशन लेने की योजना बना रहे छात्रों के लिए यह इंस्टीट्यूट भी विचार करने लायक विकल्प हो सकता है। हालांकि, एडमिशन से पहले अपनी पसंद की ब्रांच और उससे जुड़े प्लेसमेंट के आंकड़ों की जांच जरूर करनी चाहिए।