IMD Heat Wave Alert: दिल्ली-NCR समेत पूरा उत्तर भारत इस वक्त भीषण गर्मी से परेशान है। पिछले कुछ दिनों से दिल्ली-NCR में भीषण लू चल रही है। इसके चलते भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार (20 मई) को राष्ट्रीय राजधानी के लिए अपनी चेतावनी को 'येलो' अलर्ट से बढ़ाकर 'ऑरेंज' अलर्ट कर दिया। IMD के अनुसार, 'ऑरेंज' अलर्ट का मतलब है 'तैयार रहें'। शहर में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। साथ ही कुछ इलाकों में दिन के दौरान भीषण गर्मी पड़ने की आशंका है। दिल्ली के अलावा राजस्थान के अधिकतर इलाके भीषण गर्मी की चपेट में हैं। मौसम विभाग के अनुसार, तेज गर्मी का दौर अभी जारी रहेगा।
दिल्ली और यूपी समेत राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के ज्यादातर इलाकों में दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है। पिछले कुछ दिनों से रात के तापमान में पर्याप्त गिरावट नहीं होने की वजह से आम लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक उत्तर भारत में हीटवेव यानी प्रचंड गर्मी की स्थिति बनी रह सकती है। ऐसे में अगले कुछ दिन NCR समेत उत्तर भारत के लोगों के लिए मुश्किल भरे रह सकते हैं।
अगले एक सप्ताह कैसा रहेगा मौसम?
IMD के वैज्ञानिक नरेश कुमार ने बुधवार (20 मई) को कहा, "पूरा उत्तर-पश्चिमी भारत और मध्य भारत लगातार लू की चपेट में है। इसकी शुरुआत पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र से हुई है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी लू की स्थिति बनी हुई है। आने वाले दिनों में भी लगभग ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। उत्तर-पश्चिमी भारत और मध्य भारत में लू की स्थिति अगले लगभग 7 दिनों तक बने रहने की उम्मीद है।"
नरेश कुमार ने आगे कहा, "हिमालयी क्षेत्रों में ये स्थितियां आज (20 मई) और कल (21 मई 2026) तक रह सकती हैं। लेकिन मैदानी इलाकों में इनके जारी रहने की उम्मीद है। हमने अगले तीन दिनों के लिए उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों और मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्सों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है। हमारा अनुमान है कि तापमान 47 डिग्री से ज्यादा रह सकता है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, UP और MP में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी गया है।"
मौसम विभाग के सीनियर वैज्ञानिक कुमार ने कहा, "हमें उम्मीद है कि दिल्ली-NCR में तापमान ऊंचा बना रहेगा। यहां भीषण लू की स्थिति बन सकती है। दिल्ली-NCR में तापमान 47 डिग्री के करीब भी पहुँच सकता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए, हमने दिल्ली-NCR के लिए अगले सात दिनों तक के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है।"
दिल्ली में 5 दिनों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट'
IMD ने बुधवार को देश की राजधानी दिल्ली के लिए अगले पांच दिनों तक 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। IMD ने कहा कि इस सप्ताह दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से नीचे जाने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग तब 'हीटवेव' (लू) की घोषणा करता है, जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला जाता है।