IMD Heat Wave Red Warning: यूपी के इन जिलों में अगले 48 घंटे के लिए 'रेड अलर्ट' जारी, जिन जगहों पर भयानक लू चलेगी उनके नाम देखिए
IMD Heat Wave Red Warning: मौसम विभाग द्वारा 19 मई को दोपहर 3 बजे जारी की गई ताजा अपडेट के मुताबिक उत्तर प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में शुष्क मौसम और विकिरणीय उष्मन (Radiational Heating) बढ़ने की वजह से तापमान में भारी उछाल आया है
IMD Heat Wave Red Warning: मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए यूपी के कई इलाकों में रेड वार्निंग जारी की है
IMD Heat Wave Red Warning: उत्तर प्रदेश में गर्मी ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। आसमान से बरसती आग और झुलसाने वाली गर्म पछुआ हवाओं के बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के लखनऊ केंद्र ने राज्य में भयानक लू का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए प्रदेश के कई इलाकों में रेड वार्निंग और अधिकतर हिस्सों में ऑरेंज वार्निंग जारी कर दी है।
बुंदेलखंड के बांदा जिले में पारा 47 डिग्री को पार कर चुका है, जिसने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। अगर आप अगले दो दिनों में बाहर निकलने का प्लान बना रहे हैं, तो सावधान हो जाइए। मौसम विभाग द्वारा 19 मई को दोपहर 3 बजे जारी की गई ताजा अपडेट के मुताबिक उत्तर प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में शुष्क मौसम और विकिरणीय उष्मन (Radiational Heating) बढ़ने की वजह से तापमान में भारी उछाल आया है।
इसके साथ ही राज्य में 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार और 40 किमी/घंटा तक के झोंकों के साथ चलने वाली गर्म पछुआ हवाओं (लू के थपेड़ों) का दौर शुरू हो गया है। इसी को देखते हुए आईएमडी ने यूपी के दक्षिणी भाग में 'रेड अलर्ट' और अन्य कई हिस्सों में 'ऑरेंज अलर्ट' घोषित किया है।
बांदा में टूटा रिकॉर्ड, प्रयागराज-झांसी भी भट्टी की तरह तपे
पिछले 24 घंटों में रिकॉर्ड किए गए तापमान के आंकड़े रोंगटे खड़े करने वाले हैं:-
बांदा: यहां प्रदेश का सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 47.6°C दर्ज किया गया, जहां लोग भीषण लू की चपेट में हैं।
प्रयागराज: संगम नगरी में पारा 46.8°C तक जा पहुंचा है।
झांसी और हमीरपुर: झांसी में 45.7°C और हमीरपुर में 45.6°C तापमान रिकॉर्ड हुआ।
वाराणसी, बुलंदशहर और गाजीपुर: वाराणसी (BHU) में 45.0°C, बुलंदशहर में 45.0°C और गाजीपुर में 44.0°C तापमान के साथ भीषण गर्मी दर्ज की गई।
अगले 48 घंटे (19 और 20 मई) इन जिलों में रहेगी भयानक लू
मौसम विभाग के मुताबिक, 19 और 20 मई को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के दक्षिणी क्षेत्रों में अनेक स्थानों पर और बाकी हिस्सों में कुछ स्थानों पर उष्ण लहर से भीषण उष्ण लहर चलने की पूरी आशंका है.
इन जिलों में रहेगा सबसे ज्यादा प्रकोप (Day 1 और Day 2):-
भीषण लू वाले प्रमुख जिले: बांदा, फतेहपुर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, चित्रकूट और प्रयागराज।
इसके अलावा यहां भी कहर बरपेगा: कौशाम्बी, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर (भदोही), जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, रायबरेली, औरैया और ललितपुर।
पश्चिमी यूपी में गर्म रातों का अलर्ट
दिन तो तपेगा ही, लेकिन रात को भी चैन नहीं मिलेगा। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गर्म रातें रहने की चेतावनी दी है।
प्रभावित क्षेत्र: शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा और फिरोजाबाद में रात का तापमान भी सामान्य से काफी अधिक रहेगा।
21 से 23 मई तक कैसा रहेगा मौसम? (आगे का पूर्वानुमान)
21 मई (Day 3): बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, कानपुर देहात, कानपुर नगर, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा और झांसी में भीषण लू की स्थिति जारी रहेगी. इसके अलावा सोनभद्र, हरदोई, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़ और गाजियाबाद समेत दर्जनों जिलों में सामान्य लू (Heat Wave) चलेगी।
22 और 23 मई (Day 4 और Day 5): राहत के कोई आसार नहीं हैं। पश्चिमी यूपी के कुछ स्थानों पर और पूर्वी यूपी के दक्षिणी क्षेत्रों में कहीं-कहीं भीषण लू का दौर बना रहेगा. बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, कानपुर, आगरा, इटावा और जालौन जैसे जिले लगातार भट्टी की तरह तपते रहेंगे।
मौसम विभाग की सलाह
तेज धूप और 40 किमी/घंटे की रफ्तार वाली गर्म हवाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से दोपहर के समय बिना जरूरी काम के घरों से बाहर न निकलने की अपील की है। शरीर में पानी की कमी न होने दें और बाहर निकलते समय चेहरे एवं सिर को सूती कपड़े से ढककर रखें।