IMD Rain Alert: देश के किन राज्यों में 25 मई तक कहां-कहां होगी बारिश, डेटवाइज मौसम विभाग की पूरी लिस्ट देखिए
IMD Rain Alert: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सात दिनों (19 मई से 25 मई तक) के लिए देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का विस्तृत वेदर फोरकास्ट जारी कर दिया है। केरल और अंडमान में मानसून की दस्तक के साथ भारी बारिश का अलर्ट हुआ है
IMD Rain Alert: सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का विस्तृत वेदर फोरकास्ट जारी कर दिया गया है
IMD Rain Alert: उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में जहां सूरज आग उगल रहा है। वहीं देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर भी चल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सात दिनों (19 मई से 25 मई तक) के लिए देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का विस्तृत वेदर फोरकास्ट जारी कर दिया है। एक तरफ जहां केरल और अंडमान में मानसून की दस्तक के साथ भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश के लोगों को अगले 7 दिनों तक भीषण लू और तपते दिन-गर्म रातों का डबल टॉर्चर झेलना पड़ेगा।
IMD के ताजा बुलेटिन और मैप के मुताबिक देश में इस समय दो चरम मौसम स्थितियां एक साथ देखने को मिल रही हैं। दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत जहां पूरी तरह मानसून के रंग में रंगने को तैयार है। वहीं मैदानी इलाकों में शुष्क मौसम के चलते भयंकर गर्मी पड़ रही है।
देश के लिए क्या है बारिश का अनुमान?
आईएमडी की 7 दिनों की रेनफॉल लिस्ट के मुताबिक, पश्चिमी यूपी में 25 मई तक मौसम पूरी तरह ड्राई रहेगा। हालांकि, पूर्वी यूपी में 22 मई से लेकर 25 मई के बीच कुछ बेहद सीमित इलाकों में हल्की बौछारें देखने को मिल सकती हैं।
आप यहां नीचे IMD की स्टेट वाइज लिस्ट देख सकते हैं
इन राज्यों में होगी भारी से बहुत भारी बारिश
देश के कुछ हिस्सों में 19 से 25 मई के बीच 76% से 100% स्टेशनों पर मूसलाधार बारिश दर्ज की जाएगी:-
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह: यहां पूरे सप्ताह (19 से 25 मई) लगातार व्यापक स्तर पर भारी बारिश (WS- वाइड स्प्रेड) होगी।
केरल और लक्षद्वीप: इन दोनों जगहों पर 19 से 21 मई तक लगातार भारी बारिश (WS) का दौर चलेगा। जबकि 22 से 25 मई के बीच कई स्थानों पर (FWS- फेयरली वाइड स्प्रेड) बारिश दर्ज की जाएगी।
पूर्वोत्तर भारत: असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम व त्रिपुरा (N.M.M.T.) में 22-23 मई से बारिश की रफ़्तार बहुत तेज हो जाएगी और 24-25 मई को इन सभी राज्यों में व्यापक बारिश (WS) का अलर्ट है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी 21 से 25 मई तक भारी बारिश (WS) होने का अनुमान है।
यहां होगी छिटपुट (Scattered) बारिश
इन राज्यों के 26% से 50% इलाकों में बादलों की आवाजाही और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है:-
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश: पहाड़ी राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ के चलते 19 और 20 मई को छिटपुट बारिश (SCT) होगी, जबकि जम्मू-कश्मीर में 21 मई को कई जगहों पर (FWS) बारिश की संभावना है।
बिहार: बिहार में 19 और 20 मई को कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश (SCT) हो सकती है, जबकि बाकी दिन मौसम मुख्यतः शुष्क या हल्की बूंदाबांदी वाला रहेगा।
दक्षिण भारत: तटीय और आंतरिक कर्नाटक एवं रायलसीमा में 19 मई को अच्छी बारिश (SCT/FWS) के आसार हैं।
इन राज्यों में मौसम रहेगा पूरी तरह शुष्क (No Rain - DRY)
मौसम विभाग की लिस्ट के अनुसार, देश के मध्य और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में बारिश की कोई संभावना नहीं है और यहां सूखा एवं गर्म मौसम बना रहेगा:-
दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब।
राजस्थान (पूर्वी और पश्चिमी दोनों भाग)।
मध्य प्रदेश (पूर्वी और पश्चिमी दोनों भाग)।
गुजरात रीजन, सौराष्ट्र और कच्छ।
देश के बाकी राज्यों का हाल (Isolated Rainfall)
ओडिशा, झारखंड, उत्तराखंड, कोंकण एवं गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में अगले 7 दिनों के दौरान कुछ चुनिंदा तारीखों पर बेहद सीमित स्थानों पर ही हल्की-फुल्की बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे गर्मी से कोई बड़ी राहत नहीं मिलेगी।
उत्तर प्रदेश: अगले 7 दिनों तक भीषण लू का अलर्ट, रातें भी रहेंगी गर्म
मौसम विभाग के आंचलिक केंद्र द्वारा जारी चेतावनी के मुताबिक, यूपी के लोगों को फिलहाल गर्मी से कोई राहत नहीं मिलने वाली है:-
पश्चिमी उत्तर प्रदेश: 19 मई से लेकर 24 मई तक पूरे संभाग में दिन के समय कुछ स्थानों पर उष्ण लहर से भयंकर उष्ण लहर (तीव्र लू) चलने की प्रबल संभावना है। इसके साथ ही 19 मई को कहीं-कहीं गर्म रातों (Warm Night) का भी अलर्ट है, यानी रातें भी बेहद बेचैन करने वाली होंगी।
पूर्वी उत्तर प्रदेश: यहां भी 19 मई से 21 मई तक संभाग में तीव्र लू चलेगी। वहीं 22 से 24 मई के बीच पूर्वी यूपी के दक्षिणी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भीषण लू का प्रकोप बना रहेगा।