IMD Heat wave alert: प्रयागराज का टेंप्रेचर पहुंचा 45 डिग्री के पास, 25 अप्रैल तक यूपी के इन हिस्सों में बहेगी प्रचंड लू

IMD Heatwave Alert: मौसम विभाग के अनुसार, प्रयागराज (इलाहाबाद) उत्तर प्रदेश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया है, जहां अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। IMD ने चेतावनी दी है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 25 अप्रैल तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23 अप्रैल तक प्रचंड लू (Heatwave) का प्रकोप जारी रहेगा

अपडेटेड Apr 20, 2026 पर 4:44 PM
Story continues below Advertisement
IMD Heat wave alert: प्रयागराज समेत यूपी के कई शहरों में टेंप्रेचर 45 डिग्री के पार पहुंच गया है

.IMD Heat wave alert: उत्तर प्रदेश में अप्रैल के महीने में ही जून जैसी तपिश महसूस होने लगी है। लखनऊ मौसम केंद्र द्वारा जारी ताजा तापमान मैप के अनुसार, प्रयागराज (इलाहाबाद) प्रदेश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया है, जहां अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 25 अप्रैल तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23 अप्रैल तक प्रचंड लू (Heatwave) का प्रकोप जारी रहेगा।

यूपी के टॉप-5 सबसे गर्म शहर (आधिकारिक आंकड़े):

लखनऊ वेदर केंद्र के मैप के अनुसार, प्रदेश के इन पांच शहरों में भीषण गर्मी का सितम सबसे ज्यादा है:-


प्रयागराज: 44.6°C

वाराणसी: 44.2°C

सुल्तानपुर: 43.8°C

आगरा: 43.6°C

झांसी: 43.6°C

यूपी में प्रचंड लू: नीचे मैप पर देखिए उन जिलों के नाम जहां हीटवेव का 'यलो अलर्ट' जारी

पश्चिमी यूपी में 25 अप्रैल तक नहीं मिलेगी राहत

IMD की राष्ट्रीय प्रेस रिलीज के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 20 से 25 अप्रैल के बीच अलग-अलग हिस्सों में लू चलने की प्रबल आशंका है। 21 अप्रैल को पश्चिमी यूपी में वार्म नाइट (Warm Night) की स्थिति भी बनी रहेगी। इसका मतलब है कि रात के समय भी तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहेगा और लोगों को बेचैनी महसूस होगी।

दिल्ली-NCR का हाल: 44 डिग्री तक पहुंचेगा पारा

दिल्ली और आसपास के इलाकों (NCR) के लिए भी मौसम विभाग का अनुमान डराने वाला है। दिल्ली-एनसीआर में आने वाले दिनों आसमान साफ रहेगा और लू की स्थिति बनी रहेगी। अधिकतम तापमान 41°C से 43°C के बीच रहने का अनुमान है। वहीं, 22-23 अप्रैल को गर्मी और प्रचंड होगी। पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जो सामान्य से 5 डिग्री तक अधिक होगा। दोपहर के समय 20 किमी/घंटा की रफ्तार से गर्म पछुआ हवाएं चलेंगी।

देशभर में हीटवेव का रेड अलर्ट

सिर्फ यूपी ही नहीं, बल्कि हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और राजस्थान में भी 24 अप्रैल तक भीषण लू का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 22 से 24 अप्रैल के दौरान गर्मी का प्रचंड रूप देखने को मिलेगा। ओडिशा और झारखंड में भी 22 अप्रैल तक स्थिति गंभीर बनी रहने की आशंका है।

सावधानी बरतें, सतर्क रहें

भीषण गर्मी को देखते हुए डॉक्टरों और मौसम विभाग ने कुछ सलाहें दी हैं जिन्हें नीचे देखा जा सकता है।

हाइड्रेटेड रहें: प्यास न लगने पर भी पर्याप्त पानी पिएं

दोपहर में बाहर न निकलें: दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच घर के अंदर ही रहें।

वार्म नाइट से बचाव: रात के समय खिड़कियां खुली रखें या उचित वेंटिलेशन सुनिश्चित करें क्योंकि रात का तापमान कम नहीं हो रहा है।

ये भी पढ़ें- यूपी में किसानों को सरकारी खरीद केंद्रों पर MSP पर गेहूं बेचने में आ रही परेशानी खत्म, ये बड़ी रिलीफ मिली

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।