IMD Weather Update: बंगाल की खाड़ी में बन रहा डीप डिप्रेशन! छत्तीसगढ़ से ओडिशा-आंध्र तक भारी बारिश का अलर्ट, जानिए अपने इलाके का मौसम

IMD Weather Update: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 20 सितंबर को जारी अपने मौसम बुलेटिन में चेतावनी दी है कि उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में 22 से 24 सितंबर, दक्षिणी ओडिशा में 22 से 25 सितंबर, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में 23 से 25 सितंबर और विदर्भ में 24-25 सितंबर के दौरान अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है

अपडेटेड Sep 20, 2026 पर 3:43 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
IMD Weather Update: 24 सितंबर को दक्षिणी छत्तीसगढ़ में अलग-अलग जगहों पर अत्यंत भारी बारिश होने के भी आसार हैं

IMD Weather Update: पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी अंडमान सागर में बने कम दबाव के क्षेत्र के असर और इसके लगातार मजबूत होने से देश के मौसम में बड़ा बदलाव आने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 20 सितंबर को जारी अपने मौसम बुलेटिन में चेतावनी दी है कि उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में 22 से 24 सितंबर, दक्षिणी ओडिशा में 22 से 25 सितंबर, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में 23 से 25 सितंबर और विदर्भ में 24-25 सितंबर के दौरान अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। 23 और 24 सितंबर को दक्षिणी ओडिशा व उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में और 24 सितंबर को दक्षिणी छत्तीसगढ़ में अलग-अलग जगहों पर अत्यंत भारी बारिश होने के भी आसार हैं।

अगर पिछले 24 घंटों के मौसम की बात करें तो तेलंगाना, रायलसीमा और तमिलनाडु में 12 से 20 सेमी तक बहुत भारी बारिश हुई है। इसके अलावा ओडिशा, मध्य प्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, छत्तीसगढ़, असम, नागालैंड और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 7 से 11 सेमी तक भारी बारिश रिकॉर्ड हुई है।

मानसून की वापसी और प्रमुख मौसमी सिस्टम


देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। 19 सितंबर को मानसून की वापसी रेखा रामगढ़, मोहनगढ़, फलोदी, खाजूवाला से होकर गुजरी। अगले 2 से 3 दिनों के दौरान राजस्थान के कुछ और हिस्सों, पंजाब के कुछ भागों, सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ क्षेत्रों से मानसून की आगे वापसी के लिए परिस्थितियां पूरी तरह से अनुकूल हैं।

देश में अभी कई दूसरी चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ रेखाएं भी सक्रिय हैं। 19 सितंबर की शाम को उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र 20 सितंबर की सुबह पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी अंडमान सागर पर केंद्रित रहा। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 21 सितंबर को पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी पर एक डिप्रेश के रूप में और 22 सितंबर को पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी पर एक डीप डिप्रेशन के रूप में मजबूत होने की प्रबल संभावना है। इसके बाद यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए 23 सितंबर की सुबह तक उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा तटों के पास पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पहुंचेगा।

पूर्वी भारत का मौसम: ओडिशा में थंडरक्वाल और अत्यंत भारी बारिश का संकट

पूर्वी भारत में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा गांगेय पश्चिम बंगाल में 20 से 26 सितंबर तक, झारखंड, ओडिशा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम में 22 से 26 सितंबर तक और बिहार में 24 से 26 सितंबर तक अधिकांश जगहों पर बारिश होने का अनुमान है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 20 और 21 सितंबर को अलग अलग जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।

ओडिशा में 20 सितंबर, 23-24 सितंबर और 26 सितंबर को भारी बारिश तथा 22 व 25 सितंबर को बहुत भारी बारिश की संभावना है। 23 और 24 सितंबर को दक्षिणी ओडिशा में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ अत्यंत भारी बारिश होने का अलर्ट है। ओडिशा में 23 और 24 सितंबर को 50 से 60 किमी/घंटे (झोंके 70 किमी/घंटे तक) की रफ्तार से थंडरक्वाल, आंधी चलने की संभावना है।

इसके अलावा गांगेय पश्चिम बंगाल में 22 से 25 सितंबर, झारखंड में 23 से 25 सितंबर, बिहार में 24 से 26 सितंबर और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 23-24 सितंबर व 26 सितंबर को भारी बारिश और 25 सितंबर को बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। झारखंड में 21-22 सितंबर को और गांगेय पश्चिम बंगाल में 22 से 25 सितंबर तक मध्यम से तीव्र बिजली गिरने की आशंका है।

दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत: आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में बिगड़ेगा मौसम

दक्षिण भारत के राज्यों में केरल व माहे और लक्षद्वीप में 20-21 सितंबर तथा 24-25 सितंबर को, तटीय कर्नाटक, उत्तर आंतरिक कर्नाटक व दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 20 से 25 सितंबर तक, तटीय आंध्र प्रदेश व यनम में 22 से 24 सितंबर तक और तेलंगाना में 21 से 26 सितंबर तक अधिकांश जगहों पर बारिश होगी।

तमिलनाडु, पुडुचेरी व कराइकल में 20 सितंबर को बहुत भारी बारिश और 21 सितंबर को भारी बारिश का पूर्वानुमान है। उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश व यनम में 22 और 23 सितंबर को बहुत भारी बारिश होगी जबकि 23 और 24 सितंबर को यहां अलग अलग जगहों पर अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी है। तेलंगाना में 20 से 22 सितंबर और 26 सितंबर को भारी बारिश और 23 से 25 सितंबर तक बहुत भारी बारिश का अलर्ट है।

तेलंगाना में 23 से 25 सितंबर के दौरान 50 से 60 किमी/घंटे (झोंके 70 किमी/घंटे तक) की स्पीड से थंडरक्वाल आंधी चलेगी। तटीय आंध्र प्रदेश व यनम में 20 से 24 सितंबर के दौरान, रायलसीमा में 20 से 23 सितंबर तक और तेलंगाना में 23 से 25 सितंबर तक तेज सतही हवाएं भी चलेंगी। इसके अलावा तटीय, उत्तर और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 20 से 24 सितंबर तक भारी बारिश जारी रहने के आसार हैं।

मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत का हाल

मध्य भारत में छत्तीसगढ़ में 20 से 26 सितंबर तक, विदर्भ में 21 से 26 सितंबर तक, पूर्वी मध्य प्रदेश में 23 से 26 सितंबर तक और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 25-26 सितंबर के दौरान भारी बारिश और गरज-चमक का अनुमान है। छत्तीसगढ़ में 20 से 22 सितंबर और 26 सितंबर को भारी बारिश और 23 से 25 सितंबर तक बहुत भारी बारिश होगी। 24 सितंबर को दक्षिणी छत्तीसगढ़ में अलग-अलग जगहों पर बेहद भारी बारिश होने का खतरा जताया गया है। विदर्भ में 24 और 25 सितंबर को औप पूर्वी मध्य प्रदेश में 25 और 26 सितंबर को बहुत भारी बारिश की संभावना है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी 24 से 26 सितंबर के दौरान भारी बारिश हो सकती है।

उत्तर-पश्चिम भारत के संदर्भ में, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25 और 26 सितंबर को अधिकांश जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश होगी और 24 से 26 सितंबर तक भारी बारिश की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 25 और 26 सितंबर को अलग अलग जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। उत्तर-पश्चिम भारत के शेष हिस्सों में गरज-चमक के साथ छिटपुट से हल्की बारिश जारी रहेगी।

पूर्वोत्तर और पश्चिम भारत का पूर्वानुमान

पूर्वोत्तर राज्यों में असम और मेघालय में 23 से 25 सितंबर के बीच और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 20 सितंबर व 22 से 24 सितंबर तक व्यापक स्तर पर बारिश होगी। इस दौरान असम व मेघालय में 23 से 25 सितंबर, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम व त्रिपुरा में 22 से 23 सितंबर तथा अरुणाचल प्रदेश में 24 और 25 सितंबर को भारी बारिश का पूर्वानुमान है।

पश्चिम भारत की बात करें तो कोंकण और गोवा में 20 से 24 सितंबर तक अधिकांश स्थानों पर बारिश होगी जबकि 22 और 23 सितंबर को यहां भारी बारिश की संभावना है। मध्य महाराष्ट्र में 21 से 23 सितंबर के दौरान भारी बारिश होने के आसार हैं। गुजरात क्षेत्र, मराठवाड़ा और सौराष्ट्र व कच्छ में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है।

समुद्र में तूफानी हवाएं और मछुआरों के लिए सख्त चेतावनी

मौसम प्रणालियों के असर से समुद्र में बेहद खतरनाक स्थिति पैदा हो सकती है। 20 सितंबर को पूर्व-मध्य और उससे सटे अंडमान सागर में 40 से 50 किमी/घंटे (झोंके 60 किमी/घंटे) की गति से तूफानी हवाएं चल रही हैं। 21 सितंबर को पूर्व-मध्य और उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में हवा की गति बढ़कर 45 से 55 किमी/घंटे (झोंके 65 किमी/घंटे), 22 सितंबर को मध्य बंगाल की खाड़ी में 50 से 60 किमी/घंटे (झोंके 70 किमी/घंटे) और 23 सितंबर से 24 सितंबर की शाम तक पश्चिम-मध्य व उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 55 से 65 किमी/घंटे (झोंके 75 किमी/घंटे) तक पहुंचने का अनुमान है।

ये भी पढ़ें- Asian Games 2026: एशियाई खेलों में भारत को दूसरा मेडल, शूटिंग क्वीन इलावेनिल वलारिवन ने जीता सिल्वर

23 सितंबर से 24 सितंबर की शाम तक दक्षिणी ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों के पास 55 से 65 किमी/घंटे तथा पश्चिम बंगाल व दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों के पास 40 से 50 किमी/घंटे (झोंके 60 किमी/घंटे) की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इसकती वजह से 21 से 24 सितंबर तक बंगाल की खाड़ी के मध्य व उत्तर-पश्चिम हिस्सों तथा आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में समुद्र की स्थिति बेहद खराब रहेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।