IMD Heavy Rain Alert: इन राज्यों में हैवी बारिश का अलर्ट! बिहार से झारखंड तक 70kmph स्पीड वाला थंडरस्क्वॉल, 19 मई तक ऐसा रहेगा मौसम

IMD Heavy Rain Alert: बिहार, झारखंड और ओडिशा जैसे पूर्वी राज्यों में 70 किमी/घंटा की रफ्तार वाले थंडरस्क्वॉल (प्रचंड तूफान) का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले एक हफ्ते तक उत्तर-पूर्वी भारत और दक्षिण प्रायद्वीप में भारी बारिश होगी। जबकि उत्तर-पश्चिमी भारत लू की चपेट में रहेगा

अपडेटेड May 14, 2026 पर 2:41 PM
Story continues below Advertisement
IMD Heavy Rain Alert: अगले एक हफ्ते तक उत्तर-पूर्वी भारत और दक्षिण प्रायद्वीप में भारी बारिश होगी

IMD Heavy Rain Alert: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के विभिन्न हिस्सों के लिए 20 मई तक का डिटेल मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। एक ओर जहां दक्षिण-पश्चिम मानसून के 16 मई तक अंडमान सागर पहुंचने की अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। वहीं, दूसरी ओर वेल-मार्क्ड लो प्रेशर एरिया के प्रभाव से कई राज्यों में भीषण तूफान और भारी बारिश का अलर्ट है। विशेष रूप से बिहार, झारखंड और ओडिशा जैसे पूर्वी राज्यों में 70 किमी/घंटा की रफ्तार वाले थंडरस्क्वॉल (प्रचंड तूफान) का खतरा मंडरा रहा है।

बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव के क्षेत्र और सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के कारण देश के मौसम में बड़े बदलाव आ रहे हैं। IMD के अनुसार, अगले एक हफ्ते तक उत्तर-पूर्वी भारत और दक्षिण प्रायद्वीप में भारी बारिश होगी जबकि उत्तर-पश्चिमी भारत लू की चपेट में रहेगा।

पूर्वी भारत: बिहार, झारखंड और ओडिशा में थंडरस्क्वॉल


पूर्वी भारत के राज्यों के लिए मौसम विभाग ने विशेष चेतावनी जारी की है:-

झारखंड: यहां 17 और 18 मई को 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलेंगी, जो झोंकों में 70 किमी/घंटा तक पहुंच सकती हैं।

बिहार: बिहार में आज (14 मई) से लेकर 20 मई तक बारिश और गरज-चमक का सिलसिला जारी रहेगा। 16 और 20 मई को यहां 70 किमी/घंटा की रफ्तार वाला प्रचंड तूफान आने की आशंका है।

ओडिशा: आज यहां 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

पश्चिम बंगाल और सिक्किम: उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 16 और 17 मई को अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर-पूर्व भारत: मूसलाधार बारिश की चेतावनी

पूर्वोत्तर राज्यों में मानसून से पहले की बारिश तबाही मचा सकती है:-

असम और मेघालय: आज (14 मई) और 18 मई को यहां अति भारी बारिश का पूर्वानुमान है। 20 मई तक यहां भारी बारिश जारी रहेगी।

अरुणाचल प्रदेश: यहां 16 मई तक भारी बारिश और बिजली कड़कने की संभावना है। 18 मई को अति भारी बारिश हो सकती है।

नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा: इन राज्यों में 17 से 20 मई के दौरान भारी बारिश का अलर्ट है।

दक्षिण भारत: केरल और कर्नाटक में ओलावृष्टि

कर्नाटक: आज (14 मई) और कल आंतरिक कर्नाटक में ओलावृष्टि की संभावना है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 15 से 17 मई तक भारी बारिश होगी।

केरल और तमिलनाडु: केरल, माहे और तमिलनाडु में 19 मई तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का दौर जारी रहेगा।

उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत: भीषण लू की वापसी

जहां कुछ राज्यों में बारिश है। वहीं, आधे से ज्यादा भारत लू से तपेगा:-

राजस्थान: पश्चिमी राजस्थान में 17 से 19 मई के बीच सीवियर हीट वेव (भीषण लू) का अलर्ट है। तापमान में 3-5 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।

उत्तर प्रदेश: पश्चिमी और पूर्वी यूपी में 14 से 20 मई के दौरान अलग-अलग समय पर लू चलने की संभावना है।

दिल्ली, पंजाब और हरियाणा: इन क्षेत्रों में 16 से 20 मई के बीच हीटवेव का प्रकोप रहेगा।

मछुआरों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी

बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर में मौसम बेहद खराब रहने वाला है। 17 मई तक बंगाल की खाड़ी के मध्य हिस्सों और म्यांमार तट के आसपास 60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। मछुआरों को 19 मई तक इन क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी गई है।

ये भी पढ़ें- UP Severe Storm Death: यूपी में तेज आंधी-तूफान और बारिश से 56 लोगों की मौत! दर्जनों बकरियों की भी गई जान, सीएम योगी ने दिए ये आदेश

अभी ऐसे मौसमी सिस्टम बन रहे

दक्षिण-पश्चिम मानसून के 16 मई तक अंडमान सागर पहुंचने की अनुकूल स्थितियां हैं। एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ 15 मई से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करना शुरू करेगा, जिससे पहाड़ों पर मौसम बदलेगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।