UP Severe Storm Death: यूपी में तेज आंधी-तूफान और बारिश से 56 लोगों की मौत! दर्जनों बकरियों की भी गई जान, सीएम योगी ने दिए ये आदेश

UP Severe Storm Death: उत्तर प्रदेश के भदोही, बदांयू, फतेहपुर और सोनभद्र जिलों में भारी बारिश के साथ आए शक्तिशाली तूफान के कारण बुधवार (13 मई) को 56 लोगों की मौत हो गई। भदोही में अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट कुंवर वीरेंद्र कुमार मौर्य ने कहा कि कई क्षेत्रों से उखड़े हुए पेड़ों, बिजली के खंभों और क्षतिग्रस्त घरों के बारे में खबरें आ रही हैं

अपडेटेड May 14, 2026 पर 10:10 AM
Story continues below Advertisement
UP Weather Today: उत्तर प्रदेश के भदोही, बदायूं,फतेहपुर और सोनभद्र जिलों में तूफान और बारिश से 56 लोगों की मौत

UP Weather Today: उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में बुधवार (14 मई) को अचानक बदले मौसम के बीच आए तेज आंधी-तूफान और बारिश से जुड़े हादसों में कम से कम 56 लोगों की मौत हो गई। प्रदेश के विभिन्न जिलों से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक प्रयागराज में 17, भदोही में 16, फतेहपुर में नौ, बदायूं में पांच, प्रतापगढ़ में चार, चंदौली और कुशीनगर में दो-दो तथा सोनभद्र जिले में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में बेमौसम बारिश, आंधी और बिजली गिरने से हुए नुकसान का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को 24 घंटे के अंदर पीड़ितों को राहत देने के आदेश दिए हैं।

प्रयागराज में जिला प्रशासन द्वारा जारी लिस्ट के मुताबिक बुधवार को जिले में आए आंधी तूफान की वजह से बुधवार को 17 लोगों की मौत हुई है। जबकि हंडिया क्षेत्र में सात, फूलपुर में चार, सोरांव में तीन, मेजा में दो और सदर क्षेत्र में एक व्यक्ति की मौत हुई है। भदोही में जिला प्रशासन के सूत्रों ने बताया कि जनपद में बुधवार को आए आंधी-तूफान के कारण हुई दुर्घटनाओं में कम से कम 16 लोगों की मौत हुई है।

अपर जिलाधिकारी कुंवर वीरेंद्र कुमार मौर्य ने पीटीआई को बताया कई क्षेत्रों में आंधी-तूफान के कारण पेड़ तथा बिजली के खंभे उखड़ गए। ई मकान क्षतिग्रस्त हो गए। फतेहपुर से मिली रिपोर्ट के अनुसार अपर जिलाधिकारी अविनाश त्रिपाठी ने बताया कि फतेहपुर में तूफान जनित घटनाओं में नौ लोगों की मौत हो गई और 16 घायल हो गए।


उन्होंने कहा, "खागा तहसील में पांच महिलाओं सहित आठ लोगों की मौत हुई है। वहीं, सदर तहसील में एक घर की दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई। इसके अलावा 16 अन्य लोग घायल हो गए।" प्रतापगढ़ से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक जिले में बुधवार को अचानक मौसम के करवट बदलने के कारण उत्पन्न आंधी-तूफान और बारिश के बीच विभिन्न स्थानों पर शेड एवं दीवार गिरने और आकाशीय बिजली की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गयी।

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि जिले में बुधवार को आंधी और बारिश के कारण लालगंज कोतवाली क्षेत्र के ओझा का पुरवा गांव में भीम यादव (25) नामक व्यक्ति की एक सीमेंट निर्मित शेड गिरने से मलबे में दब कर मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इसके अलावा बाघ राय थाना क्षेत्र के सारी स्वामी गांव में भूषण पांडेय (56) नामक व्यक्ति की आंधी-तूफान के कारण गिरी दीवार के मलबे में दबने से मौत हो गई।

भूकर ने बताया कि इसके अलावा आंधी-तूफान से जुड़ी दुर्घटनाओं में बाघ राय थाना क्षेत्र के नारंगपुर गांव में शांति देवी (46) और अंतू क्षेत्र के छतरपुर शिवाला रघना गांव निवासी लाल बहादुर (44) की मौत हो गई। कानपुर देहात से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक जिले में बारिश से जुड़े हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, रसूलबाद के भौथारी गांव में रुचि (19) नामक युवती की खराब मौसम के बीच गिरी बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई।

दर्जनों बकरियों की भी मौत

उन्होंने बताया कि रुचि तेज बारिश के दौरान बकरियों के साथ एक नीम के पेड़ के नीचे खड़ी थी तभी अचानक उस पर बिजली गिर गयी। बिजली की चपेट में आने से दर्जनों बकरियों की भी मौत हो गई। सूत्रों ने बताया कि घटनास्थल के पास खड़ा 60 साल का एक व्यक्ति भी घायल हो गया। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार ने बताया कि मौतों और पशुधन के नुकसान के बारे में स्थानीय अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई है। सरकारी नियमों के अनुसार आर्थिक मदद दी जाएगी।

देवरिया से जिला प्रशासन के सूत्रों के हवाले से मिली रिपोर्ट के मुताबिक सदर कोतवाली क्षेत्र के भीमपुर गौरा निवासी कोमल यादव (62) की खराब मौसम के बीच गिरी बिजली की चपेट में आने से मृत्यु हो गई। इस दुर्घटना में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं। रिपोर्ट के अनुसार एक अन्य घटना में पथरदेवा क्षेत्र के नेरुआरी गांव निवासी रामनाथ प्रसाद (65) की भी बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। इसके अलावा सोनभद्र में भी बारिश के दौरान गिरे पेड़ के नीचे दबने से माधव सिंह (38) नामक व्यक्ति की मौत हो गई।

सीएम योगी ने दिए मुआवजा देने के आदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में बेमौसम बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से हुई जनहानि का संज्ञान लेते हुए 24 घंटे के अंदर पीड़ितों को मुआवजा देने का आदेश दिया है। उन्होंने संबंधित जिलाधिकारियों समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर पीड़ितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश देते हुए राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनी से नुकसान का सर्वेक्षण कराकर शासन को भी अवगत कराने का आदेश दिया है।

ये भी पढ़ें- आज का मौसम 14 मई: इन राज्यों में तूफानी बारिश का IMD अलर्ट! बिहार, झारखंड और इन जगहों पर 60kmph स्पीड के थंडरस्क्वॉल का तांडव भी आएगा

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।