IMD Heavy Rain Alert: इन 14 राज्यों में 50-60kmph स्पीड वाले बवंडर के साथ हैवी बारिश का अलर्ट, 26 मई तक ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक देश के 14 से अधिक राज्यों में 50-60 किमी प्रति घंटे की तूफानी रफ्तार वाले बवंडर (Thundersquall) के साथ भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, केरल की तरफ बढ़ रहे दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ़्तार भी काफी अच्छी है, जिसके 26 मई को केरल के तट पर दस्तक देने की पूरी उम्मीद है

अपडेटेड May 20, 2026 पर 3:49 PM
Story continues below Advertisement
IMD Heavy Rain Alert: इन 14 राज्यों में 50-60kmph स्पीड वाले बवंडर के साथ हैवी बारिश का अलर्ट, 26 मई तक ऐसा रहेगा मौसम

देशभर के मौसम में इस वक्त गजब का टकराव देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां उत्तर और मध्य भारत के मैदानी इलाके भीषण गर्मी और सीवियर हीटवेव की भट्टी में झुलस रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ देश के एक बड़े हिस्से में मानसून की दस्तक से पहले आंधी, तूफान और मूसलाधार बारिश का तांडव शुरू होने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने दोपहर के ताजा वेदर बुलेटिन में 26 मई तक के लिए बेहद चौंकाने वाला पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक देश के 14 से अधिक राज्यों में 50-60 किमी प्रति घंटे की तूफानी रफ्तार वाले बवंडर (Thundersquall) के साथ भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, केरल की तरफ बढ़ रहे दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ़्तार भी काफी अच्छी है, जिसके 26 मई को केरल के तट पर दस्तक देने की पूरी उम्मीद है।

मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बने अलग-अलग साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ़ लाइन के चलते देश के मौसम में भारी उलटफेर होने जा रहा है। एक तरफ जहां दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश होगी, वहीं उत्तर भारत में सूरज की आग का सितम भी जारी रहेगा। आइए जानते हैं 26 मई तक का पूरा राज्यवार हाल:

दक्षिण भारत: केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में 60kmph की रफ़्तार से थंडरस्क्वाॉल


दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में मानसूनी हवाओं के असर से मौसम सबसे ज्यादा आक्रामक रुख अपनाने वाला है:

आंध्र प्रदेश और कर्नाटक: तटीय आंध्र प्रदेश और यनाम में आज (20 मई) से 24 मई तक, और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में आज से 23 मई तक 50 से 60 किमी प्रति घंटे (झोंके 70 किमी/घंटा) की रफ़्तार से खतरनाक बवंडर और बिजली गिरने की आशंका है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और रायलसीमा में भी 21-22 मई को ऐसा ही अंधड़ आएगा।

भारी बारिश का अलर्ट: केरल, माहे, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराइकल और लक्षद्वीप में आज और कल (20-21 मई) कई जगहों पर भारी बारिश होने के पूरे आसार हैं।

पूर्वी भारत: बिहार, झारखंड, बंगाल और ओडिशा में अंधड़ का तांडव

पूर्वी भारत के राज्यों में भी आंधी-तूफान का दौर 26 मई तक लगातार जारी रहने वाला है:

बिहार और झारखंड: झारखंड में आज (20 मई), 23 और 24 मई को, जबकि बिहार में 22 मई को 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाला थंडरस्क्वाॉल तबाही मचा सकता है। इन दोनों राज्यों में 25 और 26 मई को भी 40-50 किमी/घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी और बारिश का सिलसिला बना रहेगा।

पश्चिम बंगाल और ओडिशा: गंगा तटीय पश्चिम बंगाल और ओडिशा में आज और कल (20-21 मई) भीषण अंधड़ चलेगा। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 22 से 24 मई के बीच भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है।

पूर्वोत्तर भारत: असम, मेघालय और अरुणाचल में अति भारी बारिश का अलर्ट

पूर्वोत्तर के राज्यों में 22 मई से बारिश की तीव्रता बहुत ज्यादा बढ़ने वाली है:

असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश: इन राज्यों में 23 से 25 मई के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी है। नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 22 से 26 मई तक लगातार भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर-पश्चिम भारत: जम्मू-कश्मीर और पहाड़ों में बवंडर की दस्तक

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल: जम्मू-कश्मीर में कल 21 मई को 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से थंडरस्क्वाॉल आने की आशंका है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 21 से 23 मई के बीच बिजली कड़कने के साथ 40-50 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और बारिश होने का अनुमान है।

दूसरी तरफ लू का कहर: दिल्ली, यूपी और पंजाब में सीवियर हीट वेव का अलर्ट

जहां आधा देश आंधी-बारिश से राहत पाएगा या परेशान होगा, वहीं मैदानी इलाकों में सूरज की तपिश सारे रिकॉर्ड तोड़ेगी:

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली: इन इलाकों में आज और कल (20-21 मई) तथा उसके बाद 24 से 26 मई के दौरान कई हिस्सों में भयंकर लू से भीषण लू का प्रकोप रहेगा।

उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश: पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में आज से लेकर 26 मई तक लगातार भीषण लू का कहर जारी रहेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश और विदर्भ में भी 23 मई तक हालात बेहद गंभीर बने रहेंगे। इसके साथ ही यूपी और एमपी में रातें भी बेहद गर्म और बेचैन करने वाली होंगी।

यहां भी चलेगी लू: राजस्थान (20-26 मई), छत्तीसगढ़, तेलंगाना, ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश (20-24 मई) में भी भीषण लू का पहरा रहेगा।

मछुआरों के लिए समुद्री चेतावनी

अरब सागर और बंगाल की खाड़ी: केरल-कर्नाटक तट, लक्षद्वीप, मन्नार की खाड़ी, अंडमान सागर और मालदीव के इलाकों में 40-50 किमी प्रति घंटे (झोंके 60 किमी/घंटा) की रफ़्तार से तूफानी हवाएं चलेंगी। वहीं सोमालिया तट के पास हवा की रफ़्तार 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मछुआरों को इन इलाकों में न जाने की सख्त सलाह दी गई है, हालांकि 25-26 मई को चेतावनी में थोड़ी ढील दी गई है।

IMD Heat Wave Red Alert: यूपी के लिए अगले 72 घंटे भारी! इन 20 से अधिक जिलों के लिए मौसम विभाग ने जारी किया भयानक लू का रेड अलर्ट

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।