आज भी नहीं थमेगा बारिश का दौर! 9 सितंबर को बिहार, ओडिशा और बंगाल समेत 11 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने दी ये चेतावनी

IMD Heavy Rain Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज यानी 9 सितंबर के लिए नया वेदर बुलेटिन जारी करते हुए चेतावनी दी है कि बारिश का दौर अभी थमने वाला नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक बिहार, ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल समेत देश के 11 राज्यों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है

अपडेटेड Sep 09, 2026 पर 10:17 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
IMD Heavy Rain Alert: देश के करीब 11 राज्यों में आज यानी 9 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है

IMD Heavy Rain Alert: देश के पूर्वी, पूर्वोत्तर और तटीय इलाकों में मानसूनी गतिविधियां लगातार उफान पर हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज यानी 9 सितंबर के लिए नया वेदर बुलेटिन जारी करते हुए चेतावनी दी है कि बारिश का दौर अभी थमने वाला नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक बिहार, ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल समेत देश के 11 राज्यों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। इसके अलावा कई क्षेत्रों में तेज तूफानी हवाओं के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा जताया गया है।

बिहार, ओडिशा और बंगाल समेत 11 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

IMD के आज के बुलेटिन के मुताबिक, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में मानसूनी बादल जमकर बरसेंगे। मौसम विभाग ने बिहार, झारखंड, ओडिशा, गांगेय पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश का अलर्ट दिया है। इन सभी राज्यों के अलग अलग इलाकों में आज दिनभर मध्यम से भारी बारिश का सिलसिला बना रह सकता है।


तेज तूफानी हवाएं और आकाशीय बिजली चमकने का अलर्ट

बारिश के साथ-साथ कई राज्यों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने से सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से झोंकेदार हवाएं चलने और बिजली कड़कने की संभावना है। बिहार, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना और उप-हिमालयी व गांगेय पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 30 से 40 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बादलों की गर्जना का अलर्ट है।

उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।

आंध्र प्रदेश में तेज हवाएं, केरल में उमस और गर्मी का दौर

दक्षिण भारत के राज्यों में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा। आंध्र प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर आज दिनभर तेज सतही हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है। दूसरी ओर, तटीय आंध्र प्रदेश तथा केरल और माहे के अलग-अलग इलाकों में आज मौसम काफी गर्म और अत्यधिक उमस भरा बना रहेगा, जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ सकती है।

समुद्र में स्थिति प्रतिकूल, मछुआरों को सलाह

अरब सागर में मौसमी स्थिति काफी खराब रहने की आशंका व्यक्त की गई है। सोमालिया और ओमान के तटीय इलाकों तथा उससे सटे पश्चिम-मध्य, दक्षिण-पश्चिम और उत्तर-पश्चिम अरब सागर के कुछ हिस्सों में 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज तूफानी हवाएं चलने का अनुमान है, जिनकी रफ्तार बढ़कर 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। IMD ने मछुआरों को इन तटीय और समुद्री क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी है।

ये भी पढ़ें- LDA Flat Scheme 2026: लखनऊ में अपना घर खरीदने का सुनहरा मौका! ₹2 लाख तक की बंपर छूट, जानें- ऑफर की लास्ट डेट समेत पूरी डिटेल

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।