IMD Heavy Rain Alert: 21 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 70kmph वाला बवंडर इन इलाकों में मचाएगा तबाही, 2 जून तक ऐसा रहेगा मौसम

IMD Heavy Rain Alert: मौसम विभाग (IMD) की ताजा वेदर बुलेटिन के मुताबिक, आने वाले दिनों में देश के 21 राज्यों में भारी बारिश होने की पूरी संभावना है। इसके साथ ही उत्तर और पूर्वी भारत के कई इलाकों में 70 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से भयंकर बवंडर आने और उत्पात मचाने की चेतावनी दी गई है

अपडेटेड May 28, 2026 पर 4:29 PM
Story continues below Advertisement
IMD Heavy Rain Alert: आइए जानते हैं कि आज से लेकर 2 जून तक आपके राज्य में मौसम का हाल कैसा रहने वाला है

IMD Heavy Rain Alert: देश के मौसम में इस समय बहुत बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। वहीं, दूसरी तरफ भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के एक बड़े हिस्से के लिए खतरनाक वेदर वॉर्निंग जारी की है। IMD की ताजा वेदर बुलेटिन के मुताबिक, आने वाले दिनों में देश के 21 राज्यों में भारी बारिश होने की पूरी संभावना है। इसके साथ ही उत्तर और पूर्वी भारत के कई इलाकों में 70 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से भयंकर बवंडर आने और उत्पात मचाने की चेतावनी दी गई है। कई राज्यों में ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली का भी बड़ा अलर्ट है। आइए जानते हैं कि आज से लेकर 2 जून तक आपके राज्य में मौसम का हाल कैसा रहने वाला है।

IMD की रिपोर्ट के मुताबिक साउथवेस्ट मानसून अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में लगातार आगे बढ़ रहा है। अगले 2-3 दिनों में इसके और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां बिल्कुल अनुकूल बनी हुई हैं। लेकिन इसी बीच उत्तर-पश्चिम भारत में एक एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से आंधी-तूफान का एक बड़ा दौर शुरू हो गया है। इसके असर से अगले कुछ दिनों तक देश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश और आंधी देखने को मिलेगी।

इन राज्यों में भारी बारिश का बड़ा अलर्ट


मौसम विभाग ने आज यानी 28 मई से लेकर 2 जून के बीच देश के जिन राज्यों में अलग-अलग दिनों पर भारी बारिश का ऐलान किया है। इसके मुताबिक वेस्ट यूपी में 29 मई को भारी बारिश की आशंका है। बिहार में 29 मई को अलग-अलग जगहों पर मूसलाधार बारिश का अलर्ट है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 29 और 30 मई को भारी बारिश हो सकती है।

उत्तराखंड में 29 मई को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। ओडिशा में 28 से 30 मई और फिर 31 मई को भारी बारिश का अनुमान है। गंगीय पश्चिम बंगाल में 28 मई को भारी बारिश का अलर्ट है। गुजरात रीजन में 31 मई से 2 जून तक भारी बारिश होने की संभावना है।

पश्चिमी मध्य प्रदेश में 31 मई को भारी बारिश का पूर्वानुमान है। केरल में 28-29 मई और फिर 1-2 जून को, जबकि लक्षद्वीप में 1-2 जून को भारी बारिश का अलर्ट है। तमिल नाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 28 से 31 मई तक लगातार भारी बारिश हो सकती है।

इसके अलावा 28 मई को साउथ इंटीरियर कर्नाटक में भी भारी बारिश की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 28 मई और फिर 1-2 जून को भारी बारिश होगी। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 28 मई और 31 मई से 2 जून के बीच भारी बारिश का अलर्ट है। अंडमान और निकोबार में 29 मई से 31 मई तक भारी बारिश होने की पूरी संभावना है।

70 से 80 kmph की स्पीड से बवंडर (Thundersquall Warning)

मौसम विभाग के मुताबिक, देश के कई राज्यों में हवा की रफ्तार काफी डरावनी होने वाली है। आज 28 मई को उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और गंगीय पश्चिम बंगाल में 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बवंडर आएगा, जिसकी स्पीड झोंकों में 80 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 29 मई को यही खतरनाक बवंडर बिहार, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी उत्पात मचाएगा।

28 मई को बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, आंध्र प्रदेश और नॉर्थ इंटीरियर कर्नाटक में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अलर्ट है। 29 मई को मध्य प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, गंगीय पश्चिम बंगाल और नॉर्थ इंटीरियर कर्नाटक में भी इसी स्पीड से तूफान आएगा। 30 मई को भी इन राज्यों में 50-60 किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

इन राज्यों में गिरेंगे ओले

आंधी और बारिश के साथ-साथ मौसम विभाग ने कई राज्यों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी है। 28 मई को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, वेस्ट उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में ओले गिरने की संभावना है। 29 मई को बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा 30 मई को भी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में ओले गिर सकते हैं। 28 मई और 29 मई को राजस्थान और ईस्ट उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी चलने की भी आशंका है।

तापमान में आएगी भारी गिरावट

इस आंधी-तूफान और बारिश के कारण देश के कई हिस्सों में लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलने वाली है। दिल्ली, यूपी, पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों में 28 से 30 मई के दौरान अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट दर्ज की जा सकती है।

हालांकि, 31 मई से 3 जून के बीच तापमान फिर से 4-6 डिग्री बढ़ सकता है। मध्य भारत में 29 मई से 3 जून के बीच तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरेगा। पूर्वी भारत में भी 31 मई तक तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आएगी।

ये भी पढ़ें- Viral News: जिस बेटी की हत्या के आरोप में पिता-भाई को हुई जेल, वह अब कैसे जिंदा मिली?

मौसम विभाग ने मछुआरों को भी चेतावनी दी है कि वे 2 जून तक बंगाल की खाड़ी, मन्नार की खाड़ी और अरब सागर के प्रभावित इलाकों में न जाएं, क्योंकि वहां 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।