IMD Heavy Rain Alert: 17+ राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 70kmph स्पीड से टकराएगा बवंडर, 31 मई तक ऐसा रहेगा मौसम

IMD Heavy Rain Alert: पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में मई के अंत तक मूसलाधार बारिश का सबसे बड़ा अलर्ट जारी किया गया है। असम और मेघालय में 25 मई को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ अत्यंत भारी बारिशहोने की पूरी संभावना है। 26-27 मई को भी भारी से बहुत भारी बारिश और 28-31 मई के दौरान भारी बारिश का सिलसिला लगातार जारी रहेगा

अपडेटेड May 25, 2026 पर 4:00 PM
Story continues below Advertisement
IMD Heavy Rain Alert: देश के करीब दो दर्जन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है

IMD Heavy Rain Alert: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपनी ताजा बुलेटिन में देश के 17 से अधिक राज्यों के लिए एक बहुत बड़ा मौसम अलर्ट जारी किया है। एक तरफ जहां कई राज्यों में सूरज आग उगल रहा है। वहीं, दूसरी तरफ मौसम विभाग ने मई महीने के अंत यानी 31 मई तक देश के बड़े हिस्से में भारी बारिश और आंधी-तूफान का पूर्वानुमान जारी किया है। IMD के मुताबिक आने वाले दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाला खतरनाक बवंडर यानी अंधड़ (Thundersquall) सीधे जमीन से टकराएगा।

इसकी रफ्तार बढ़कर 80 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है। उधर साउथवेस्ट मानसून की रफ्तार भी लगातार बढ़ रही है। मानसून अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में आगे बढ़ चुका है। अगले 2 से 3 दिनों में इसके और आगे जाने के लिए परिस्थितियां बिल्कुल अनुकूल हैं।

इस समय जम्मू और उसके आस-पास एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव है। दक्षिण बिहार से लेकर झारखंड और ओडिशा होते हुए उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश तक एक उत्तर-दक्षिण ट्रफ लाइन बनी हुई है। इसके अलावा पंजाब से लेकर उत्तर-पूर्वी अरब सागर तक और बंगाल की खाड़ी से लेकर तमिलनाडु कोस्ट तक भी अलग-अलग ट्रफ लाइन सक्रिय हैं। 28 मई से एक नया मजबूत वेस्टर्न डिस्टर्बेंस भी उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इस मजबूत सिस्टम के कारण 31 मई तक देश के अलग-अलग रीजन्स में मौसम का हाल कुछ इस तरह रहने वाला है:-


पूर्वोत्तर भारत: मूसलाधार और अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में मई के अंत तक मूसलाधार बारिश का सबसे बड़ा अलर्ट जारी किया गया है। असम और मेघालय में 25 मई को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ अत्यंत भारी बारिशहोने की पूरी संभावना है। 26-27 मई को भी भारी से बहुत भारी बारिश और 28-31 मई के दौरान भारी बारिश का सिलसिला लगातार जारी रहेगा। अरुणाचल प्रदेश में 25 मई को भारी से बहुत भारी बारिश और 26-27 मई को भारी बारिश का अलर्ट है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 25, 26, 30 और 31 मई को भारी बारिश होने का अनुमान है।

दक्षिण भारत और द्वीप समूह: धुआंधार बारिश का अलर्ट

केरल और माहे व लक्षद्वीप में 25 से 29 मई के दौरान बिजली कड़कने और 40-50 किमी प्रति घंटे की आंधी के साथ भारी बारिश होगी। केरल और लक्षद्वीप में 30 और 31 मई को भारी बारिश का स्पेशल अलर्ट है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 28 और 29 मई को आंधी-बारिश की शुरुआत होगी और 29 से 31 मई के दौरान भारी बारिश दर्ज की जाएगी। तमिलनाडु, पुडुचेरी व कराइकल और इंटीरियर कर्नाटक में 25 और 26 मई को भारी बारिश होगी। उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में 27 मई को हैवी रेन का अलर्ट है।

पूर्वी और उत्तर-पश्चिम भारत: बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 25 से 27 मई तक और बिहार में 26 व 27 मई को भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 27 मई को उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में ओले गिरने की चेतावनी दी है। इसके बाद 28 और 29 मई को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में ओलावृष्टि का अलर्ट है। 29 मई को उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी ओले गिरने की आशंका है।

70 से 80 kmph की स्पीड से टकराएगा खतरनाक बवंडर

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में देश के कई राज्यों में मौसम सबसे ज्यादा आक्रामक रूप दिखाएगा। इन राज्यों में बेहद तेज रफ्तार से अंधड़ आने की आशंका है। यूपी में 28 मई को 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बवंडर आएगा। इसके बाद 29 मई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और 29 व 30 मई को पूर्वी उत्तर प्रदेश में 60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से खतरनाक बवंडर टकराएगा। इसकी स्पीड बढ़कर 80 किमी प्रति घंटे तक जा सकती है।

31 मई को भी पूरे यूपी में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। तटीय आंध्र प्रदेश और यनाम, ओडिशा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में आज 25 मई को 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलेगा। बिहार और झारखंड में 26 और 27 मई को, गंगीय पश्चिम बंगाल में 27 से 29 मई के दौरान और पंजाब, हरियाणा, दिल्ली एवं दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 28 और 29 मई को 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बवंडर टकराएगा।

इसके अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, विदर्भ, कोंकण व गोवा और मध्य महाराष्ट्र में भी अलग-अलग दिनों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है।

इन इलाकों में 28 मई तक जारी रहेगा लू का टॉर्चर

एक तरफ जहां आंधी-बारिश का अलर्ट है। वहीं दूसरी तरफ मैदानी इलाकों में 28 मई तक सूरज का कड़ा सितम जारी रहेगा। हालांकि जिसके बाद तापमान में 7 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट आएगी। पंजाब में 26-27 मई को, हरियाणा, चंडीगढ़ व दिल्ली में 25-27 मई को, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में 25-27 मई को, पश्चिमी राजस्थान में 25-28 मई को और पूर्वी मध्य प्रदेश में 25-28 मई के दौरान भीषण से अति भीषण लू चलने का डेंजरस अलर्ट है। 28 मई के बाद इन इलाकों में लू से बड़ी राहत मिलेगी और 30-31 मई तक केवल पश्चिमी राजस्थान में हल्की लू की स्थिति रह जाएगी।

ये भी पढ़ें- MP Wedding Scam: मध्य प्रदेश में पल भर में चूर-चूर हुए शादी के सपने! घंटों तक दुल्हनों का इंतजार करते रहे 40 से ज्यादा दूल्हे

बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और पश्चिमी मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 25 से 28 मई के बीच तीव्र लू का असर देखने को मिलेगा। सौराष्ट्र एवं कच्छ, कोंकण व गोवा, तमिलनाडु और गंगीय पश्चिम बंगाल में उमस भरी चिपचिपी गर्मी परेशान करेगी। वहीं यूपी, एमपी, ओडिशा, तेलंगाना और विदर्भ में 25 से 27 मई के दौरान रातें भी बेहद गर्म रहने वाली हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।