भीषण बारिश की रेड कलर वॉर्निंग: गुजरात से राजस्थान तक मौसम का खतरनाक रूप! IMD ने इन 20+ राज्यों में हैवी बारिश-आंधी का अलर्ट दिया

IMD के आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान देश के कई हिस्सों में रिकॉर्ड तोड़ बारिश दर्ज की गई है। गुजरात रीजन के अलग-अलग इलाकों में असाधारण रूप से अत्यधिक भारी बारिश (230 सेमी) दर्ज की गई। कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, सौराष्ट्र और कच्छ में अत्यंत भारी बारिश (21 सेमी) दर्ज हुई। गांगेय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में बहुत भारी बारिश (12 से 20 सेमी) दर्ज की गई

अपडेटेड Jul 24, 2026 पर 2:38 PM
भीषण बारिश की रेड कलर वॉर्निंग: गुजरात से राजस्थान तक मौसम का खतरनाक रूप!

IMD Heavy Rain Alert: मानसून के सुपर एक्टिव होने के बाद देशभर के अलग-अलग इलाकों में भयानक बारिश देखने को मिल रही है। यूपी से लेकर गुजरात-असम तक नदियां उफनाई हुईं हैं। कई जगहों पर बाढ़ के हालात हैं। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मौसम बुलेटिन जारी कर गुजरात, महाराष्ट्र और राजस्थान समेत देश के 20 से अधिक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए भारी बारिश, आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और आसपास के इलाकों में बने कम दबाव के क्षेत्र की वजह से गुजरात राज्य में 24 और 25 जुलाई को असाधारण रूप से अत्यधिक भारी बारिश की आशंका जताई गई है। मध्य महाराष्ट्र में भी अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

बीते 24 घंटों में कैसा रहा बारिश का हाल?

IMD के आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान देश के कई हिस्सों में रिकॉर्ड तोड़ बारिश दर्ज की गई है। गुजरात रीजन के अलग-अलग इलाकों में असाधारण रूप से अत्यधिक भारी बारिश (230 सेमी) दर्ज की गई। कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, सौराष्ट्र और कच्छ में अत्यंत भारी बारिश (21 सेमी) दर्ज हुई। गांगेय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में बहुत भारी बारिश (12 से 20 सेमी) दर्ज की गई। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, असम, नागालैंड और केरल में भारी बारिश (7 से 11 सेमी) दर्ज हुई।


क्षेत्रवार मौसम का विस्तृत पूर्वानुमान और चेतावनी

  • 1- पश्चिम भारत: गुजरात में रेड अलर्ट

दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में बने लो-प्रेशर सिस्टम की वजह से 24 और 25 जुलाई को गुजरात राज्य में कुछ स्थानों पर असाधारण रूप से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। सौराष्ट्र व कच्छ में 26 जुलाई को और गुजरात रीजन में 26 व 27 जुलाई को बहुत भारी बारिश का अनुमान है। आज 24 जुलाई को मध्य महाराष्टर में कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी वर्षा (Extremely Heavy Rainfall) की संभावना है। यहां 25 और 26 जुलाई को बहुत भारी बारिश होगी। कोंकण और गोवा में 24 और 25 जुलाई को अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश का अनुमान है। 24 से 30 जुलाई के दौरान अधिकांश स्थानों पर बारिश जारी रहेगी। मराठवाड़ा में 24 से 30 जुलाई के दौरान हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिलेगी।

  • 2- उत्तर-पश्चिम भारत: पहाड़ों से मैदानों तक अलर्ट

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 24 से 30 जुलाई तक अधिकांश स्थानों पर बारिश होगी। 27 से 29 जुलाई के दौरान बहुत भारी बारिश की संभावना है। 24 से 26 जुलाई और 30 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट है। जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में 24 जुलाई को बहुत भारी बारिश और 25 से 30 जुलाई तक भारी बारिश होगी। 24 से 30 जुलाई के दौरान 30-40 किमी/घंटा (झोंके 50 किमी/घंटा तक) की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 24-25 जुलाई और 28-30 जुलाई के दौरान व्यापक बारिश होगी। 28 और 29 जुलाई को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में बहुत भारी बारिश की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 29 और 30 जुलाई को और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 28 और 29 जुलाई को बहुत भारी बारिश का अनुमान है। पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में 24 और 25 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश तथा 30-40 किमी/घंटा की गति से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

  • 3- मध्य भारत: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़

पश्चिम मध्य प्रदेश में 24 और 25 जुलाई को अधिकांश स्थानों पर बारिश और 30-40 किमी/घंटा की गति से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। 28 से 30 जुलाई तक भारी बारिश होगी। पूर्वी मध्य प्रदेश में 24 से 30 जुलाई के दौरान व्यापक बारिश होगी। 26 से 30 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट है। छत्तीसगढ़ में 24 से 30 जुलाई तक व्यापक बारिश और 26 से 30 जुलाई के बीच भारी बारिश होगी। विदर्भ में 28 और 29 जुलाई को भारी वर्षा की संभावना है।

  • 4- पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत

गांगेय पश्चिम बंगाल में 24 जुलाई और 26 जुलाई को बहुत भारी बारिश का अनुमान है। 24 से 27 जुलाई के दौरान आंधी-तूफान के साथ 30-40 किमी/घंटा की हवाएं चलेंगी। ओडिशा में 24 से 28 जुलाई के दौरान कई स्थानों पर बहुत भारी बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है। बिहार में 24 जुलाई और 27 से 29 जुलाई के बीच भारी बारिश होगी। झारखंड में 24 से 28 जुलाई तक भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 25 से 30 जुलाई के दौरान 40-50 किमी/घंटा (झोंके 60 किमी/घंटा तक) की रफ्तार से तेज तूफानी हवाएं चलेंगी। असम और मेघालय में आज 24 जुलाई को बहुत भारी बारिश होगी और 25 से 29 जुलाई तक भारी बारिश का सिलसिला बना रहेगा। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में 24 से 30 जुलाई के दौरान भारी बारिश की चेतावनी है।

  • 5- दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत

तटीय कर्नाटक में 24 जुलाई को बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है, जबकि 25 से 28 जुलाई और 30 जुलाई को भारी बारिश होगी। केरल और माहे में 24 से 30 जुलाई के दौरान अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी। 24 से 28 जुलाई के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराइकल और आंतरिक कर्नाटक में 40 से 50 किमी/घंटा (झोंके 60 किमी/घंटा) की रफ्तार से तेज आंधी और बिजली चमकने का अलर्ट है। तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तमिलनाडु के तटीय इलाकों में तेज सतही हवाएं चलेंगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।