Heavy Rain Alert: भयंकर बारिश का अलर्ट! 31 जुलाई को इन जिलों में बंद रहेंगे सभी स्कूल और कॉलेज

IMD Heavy Rain Alert: 31 जुलाई को जिले के सभी स्कूलों, कॉलेजों और प्रोफेशनल कॉलेजों में छुट्टी घोषित की है। इसके साथ ही आंगनवाड़ी केंद्र और ट्यूशन सेंटर भी बंद रहेंगे। जिला प्रशासन ने यह फैसला मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए लिया है

अपडेटेड Jul 30, 2026 पर 10:01 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
31 जुलाई को एर्नाकुलम, कासरगोड और वायनाड जिलों के सभी स्कूलों और अन्य शिक्षण संस्थानों में छुट्टी घोषित कर दी है।

भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी को देखते हुए केरल के जिला प्रशासन ने शुक्रवार, 31 जुलाई को एर्नाकुलम, कासरगोड और वायनाड जिलों के सभी स्कूलों और अन्य शिक्षण संस्थानों में छुट्टी घोषित कर दी है। यह फैसला भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की चेतावनी के बाद लिया गया है। मौसम विभाग ने इन तीनों जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

एर्नाकुलम

एर्नाकुलम की जिला कलेक्टर जी. प्रियंका ने शुक्रवार, 31 जुलाई को जिले के सभी स्कूलों, कॉलेजों और प्रोफेशनल कॉलेजों में छुट्टी घोषित की है। इसके साथ ही आंगनवाड़ी केंद्र और ट्यूशन सेंटर भी बंद रहेंगे। जिला प्रशासन ने यह फैसला मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए लिया है।


कासरगोड

कासरगोड के जिला कलेक्टर अर्जुन पांडियन ने भी एहतियात के तौर पर जिले के सभी शिक्षण संस्थानों में छुट्टी का ऐलान किया है। इस आदेश के तहत स्कूल, कॉलेज, प्रोफेशनल कॉलेज, आंगनवाड़ी, ट्यूशन सेंटर, आईसीएसई, सीबीएसई स्कूल, केंद्रीय विद्यालय और मदरसे सहित सभी धार्मिक शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। हालांकि, यह आदेश आवासीय (रेजिडेंशियल) स्कूलों पर लागू नहीं होगा। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि पहले से तय विश्वविद्यालय परीक्षाएं, अन्य सार्वजनिक परीक्षाएं और इंटरव्यू अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित किए जाएंगे।

वायनाड

वायनाड की जिला कलेक्टर डी.आर. मेघाश्री ने भी शुक्रवार, 31 जुलाई को जिले के सभी शिक्षण संस्थानों में छुट्टी घोषित कर दी है। इस आदेश के तहत स्कूल, प्रोफेशनल कॉलेज, आंगनवाड़ी केंद्र, ट्यूशन सेंटर, विशेष कक्षाएं और धार्मिक शिक्षा से जुड़ी कक्षाएं बंद रहेंगी। हालांकि, आवासीय (रेजिडेंशियल) स्कूल और आवासीय कॉलेज इस आदेश से बाहर रहेंगे। यानी इन संस्थानों में छुट्टी लागू नहीं होगी।

केरल के कई हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय है, जिसके कारण लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।

केरल में भारी बारिश का अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया है कि अगले कुछ दिनों तक राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश जारी रह सकती है। इसे देखते हुए कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान गरज-चमक, तेज हवाएं और कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। 30 जुलाई के लिए इडुक्की, एर्नाकुलम, कोझिकोड, वायनाड और कन्नूर जिलों में बहुत भारी बारिश की आशंका के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथानामथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम और कासरगोड जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। आईएमडी के अनुसार, बहुत भारी बारिश का मतलब है कि 24 घंटे के दौरान 115.6 मिमी से 204.4 मिमी तक बारिश हो सकती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।