IMD Heavy Rain Warning: लो-प्रेशर एरिया के असर से यूपी, MP में बारिश का तांडव! एक सितंबर तक इन राज्यों में होगी तूफानी बारिश

IMD Heavy Rain Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दक्षिण उत्तर प्रदेश और उससे सटे पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के असर से भारी से बहुत भारी और अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक, इस मौसमी प्रणाली के असर से 26 अगस्त को दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश में अत्यंत भारी बारिश होने की आशंका है

अपडेटेड Aug 26, 2026 पर 2:02 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
IMD Heavy Rain Alert: देश के कई अन्य राज्यों में 1 सितंबर तक मूसलाधार और तूफानी बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है

IMD Weather Update: देश भर में मानसून की सक्रियता के बीच कई राज्यों में मौसम का मिजाज बेहद उग्र हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दक्षिण उत्तर प्रदेश और उससे सटे पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के असर से भारी से बहुत भारी और अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस मौसमी प्रणाली के असर से 26 अगस्त को दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश में अत्यंत भारी बारिश होने की आशंका है। देश के कई अन्य राज्यों में 1 सितंबर तक मूसलाधार और तूफानी बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। जबकि प्रायद्वीपीय भारत में अगले एक सप्ताह के दौरान बारिश की गतिविधियों में सुस्ती बनी रह सकती है।

बीते 24 घंटों के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अत्यंत भारी बारिश (21 सेमी या उससे अधिक) दर्ज की गई। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश और तटीय कर्नाटक में 12 से 20 सेमी तक बहुत भारी बारिश दर्ज हुई। जबकि हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, बिहार, पश्चिमी मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल और केरल में 7 से 11 सेमी तक भारी बारिश दर्ज की गई है।

उत्तर-पश्चिम भारत: यूपी में 26 अगस्त को रेड अलर्ट, उत्तराखंड में 1 सितंबर तक बारिश


उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में मौसम की स्थिति काफी संवेदनशील बनी हुई है। 26 अगस्त को दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर बेहद भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 26 और 27 अगस्त को, और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 अगस्त को बहुत भारी जबकि 27 अगस्त, 31 अगस्त और 1 सितंबर को भारी बारिश का पूर्वानुमान है।

उत्तराखंड में 26 अगस्त से 1 सितंबर तक लगातार व्यापक बारिश जारी रहेगी जिसमें 26 अगस्त और 30 अगस्त से 1 सितंबर के दौरान भारी बारिश की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 31 अगस्त से 1 सितंबर तक व्यापक बारिश और 1 सितंबर को भारी वर्षा का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में भी 31 अगस्त से 1 सितंबर के बीच बारिश होगी। जबकि पूर्वी राजस्थान में 26 अगस्त को भारी बारिश और 27 अगस्त को गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।

मध्य भारत: उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश में 26 अगस्त को अत्यंत भारी बारिश का संकट

मध्य भारत में कम दबाव के क्षेत्र के सीधे असर की वजह से मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में मौसमी गतिविधियां तेज रहेंगी। उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश में 26 अगस्त को अत्यंत भारी बारिश का अनुमान है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 26 और 27 अगस्त को, और पूर्वी मध्य प्रदेश में 26-27 अगस्त के साथ-साथ 30 अगस्त से 1 सितंबर तक भारी बारिश होने की संभावना है।

छत्तीसगढ़ में 26 अगस्त से 1 सितंबर तक पूरे सप्ताह व्यापक रूप से भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। विदर्भ में 26-27 अगस्त और 31 अगस्त से 1 सितंबर के दौरान बारिश की गतिविधियां तेज रहेंगी। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में 30 अगस्त तक गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।

पूर्वी भारत: बिहार में आकाशीय बिजली की चेतावनी, ओडिशा में 1 सितंबर तक मूसलाधार बारिश

पूर्वी भारत में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, गांगेय पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम में 26 अगस्त से 1 सितंबर के दौरान व्यापक बारिश होगी। बिहार में 26 और 27 अगस्त तथा 29 अगस्त को अधिकांश जगहों पर बारिश का अनुमान है, जिसमें 26 से 29 अगस्त के बीच भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने 26 अगस्त को बिहार के अलग-अलग हिस्सों में मध्यम से तीव्र आकाशीय बिजली चमकने और गिरने की विशेष चेतावनी जारी की है।

इसके अलावा झारखंड में 27 से 30 अगस्त, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में 27-28 अगस्त और गांगेय पश्चिम बंगाल में 26 अगस्त व 29 से 31 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना है। जबकि 26 अगस्त को उप-हिमालयी बंगाल में बहुत भारी बारिश हो सकती है. ओडिशा में 26 से 28 अगस्त तक भारी बारिश होगी और 29 अगस्त से 1 सितंबर के दौरान बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में 26 और 27 अगस्त को 50 से 60 किमी प्रति घंटे की गति से तूफानी हवाएं चलने की आशंका है।

पूर्वोत्तर और पश्चिम भारत: असम, अरुणाचल में भारी बारिश और कोंकण-गोवा का हाल

पूर्वोत्तर भारत में 26 अगस्त से 1 सितंबर तक मानसून पूरी तरह मेहरबान रहेगा। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 30 अगस्त तक गरज-चमक के साथ भारी बारिश का दौर जारी रहेगा. अरुणाचल प्रदेश में 26 और 30 अगस्त को, तथा असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 30 अगस्त को पृथक स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।

पश्चिम भारत की बात करें तो कोंकण और गोवा में 26 अगस्त से 1 सितंबर तक लगातार व्यापक बारिश जारी रहेगी। वहीं गुजरात क्षेत्र, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और सौराष्ट्र एवं कच्छ में 1 सितंबर तक छिटपुट से हल्की बारिश का अनुमान है। 26 अगस्त को मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में बिजली चमकने के साथ बारिश होने के आसार हैं।

दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत: केरल और लक्षद्वीप में बारिश, आंध्र और तमिलनाडु में तेज हवाएं

दक्षिण भारत में तटीय कर्नाटक में 26 अगस्त से 1 सितंबर तक व्यापक बारिश होगी। केरल और माहे के साथ लक्षद्वीप में 26 से 28 अगस्त के दौरान व्यापक बारिश का अनुमान है. 26 अगस्त को लक्षद्वीप में और 26-27 अगस्त को केरल व माहे में भारी बारिश हो सकती है।

ये भी पढ़ें- Nepal Flood: नेपाल में तिब्बत से आई अचानक बाढ़ से भारी तबाही! सैलाब में बह गए 1000 लोग, रसुवा में हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स और पुल भी तबाह

मौसम विभाग ने तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराइकल में 26 से 30 अगस्त के दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने और बिजली कड़कने की चेतावनी दी है। उत्तर और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा के इलाकों में मजबूत सतह हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।