IMD Heavy Rain Alert: यूपी, असम-मेघालय समेत 22 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश, आंधी का अलर्ट, 4 जुलाई तक ऐसा रहेगा मौसम

कोंकण और गोवा में 28 जून से 4 जुलाई तक लगातार व्यापक बारिश होगी, जिसमें 28 जून और फिर 1 से 4 जुलाई के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। मध्य महाराष्ट्र में 2 से 4 जुलाई के बीच बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। गुजरात क्षेत्र में 2 से 4 जुलाई के दौरान भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। केरल में 28 जून से 1 जुलाई के दौरान अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश की गंभीर चेतावनी दी गई है, जबकि 2 से 4 जुलाई तक भारी बारिश जारी रहेगी

अपडेटेड Jun 28, 2026 पर 4:29 PM
India Weekly Weather Forecast: देश में मानसून की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है।

India Weekly Weather Forecast: देश में मानसून की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। इसके चलते मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश, असम, मेघालय और पश्चिम बंगाल समेत देश के 22 से अधिक राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के ताजा बुलेटिन के मुताबित देश के विभिन्न हिस्सों में 4 जुलाई तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा और मूसलाधार बारिश का दौर देखने को मिलेगा। 28 जून को मानसून की उत्तरी सीमा सूरत, इंदौर, मांडला, डालटनगंज और मोतिहारी से होकर गुजर रही है। अगले 2-3 दिनों में इसके गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार के बचे हुए हिस्सों, यूपी और उत्तराखंड के कुछ और इलाकों में आगे बढ़ने की उम्मीद है। इसके बाद के 2-3 दिनों में मानसून हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में भी दस्तक दे देगा।

पूर्वोत्तर भारत और बंगाल में बेहद भारी बारिश का रेड अलर्ट

टमौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के लिए सबसे गंभीर चेतावनी जारी की है, जहां अगले 5 दिनों के दौरान 7 से 20 सेमी तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 28 और 29 जून को कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कुछ जगहों पर अत्यंत भारी बारिश होने का रेड अलर्ट है। इसके बाद 30 जून को बहुत भारी बारिश और 1 जुलाई को भारी बारिश का अनुमान है।


असम और मेघालय में 28 जून को कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ अलग-अलग स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश होने की आशंका है। वहीं 29 और 30 जून को बहुत भारी बारिश और 1 से 3 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में 28 जून को कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ अलग-अलग जगहों पर बेहद भारी बारिश हो सकती है। 29 जून को बहुत भारी बारिश और 30 जून से 2 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट है।

उत्तर-पश्चिम भारत: दिल्ली-NCR में 3-4 जुलाई को व्यापक बारिश, जम्मू-कश्मीर में ओलावृष्टि

हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 28-29 जून और 1-2 जुलाई तक छिटपुट बारिश होगी, लेकिन 3 और 4 जुलाई को इन क्षेत्रों में व्यापक रूप से बारिश होने का अनुमान है। पंजाब और हरियाणा में 2-3 जुलाई को भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 1 से 3 जुलाई तक व्यापक बारिश होगी, जबकि 30 जून और 1 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 2 जुलाई को व्यापक बारिश देखी जा सकती है। पूरे यूपी में 28 जून से 4 जुलाई के दौरान 40-50 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की आशंका है।

उत्तराखंड में 29 जून से 4 जुलाई तक और हिमाचल में 2 से 4 जुलाई तक व्यापक बारिश होगी। हिमाचल में 1-4 जुलाई और उत्तराखंड में 30 जून से 4 जुलाई तक भारी बारिश का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 30 जून से 4 जुलाई तक व्यापक बारिश और 2-3 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है। विशेष रूप से 30 जून को ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है। पूर्वी राजस्थान में 2 से 4 जुलाई के बीच भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है।

पूर्वी और मध्य भारत: बिहार-ओड़िशा में बहुत भारी बारिश की चेतावनी

बिहार में 28-29 जून को भारी बारिश का अनुमान है, जबकि 30 जून और 1 जुलाई को राज्य के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। इसके बाद 2 जुलाई को भी भारी बारिश की संभावना है। ओड़िशा में 28-29 जून और 2-4 जुलाई को भारी बारिश होगी जबकि 30 जून और 1 जुलाई को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। झारखंड में 30 जून और 1 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है। गांगेय पश्चिम बंगाल में 1 जुलाई और फिर 3-4 जुलाई को भारी वर्षा दर्ज की जा सकती है। मध्य प्छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 28 जून से 4 जुलाई तक लगातार व्यापक बारिश और भारी बारिश का अनुमान है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 2-3 जुलाई और पूर्वी मध्य प्रदेश में 1-3 जुलाई के दौरान बहुत भारी बारिश होने की आशंका है।

पश्चिम और दक्षिण भारत: गोवा और केरल में मूसलाधार बारिश का कहर

कोंकण और गोवा में 28 जून से 4 जुलाई तक लगातार व्यापक बारिश होगी, जिसमें 28 जून और फिर 1 से 4 जुलाई के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। मध्य महाराष्ट्र में 2 से 4 जुलाई के बीच बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। गुजरात क्षेत्र में 2 से 4 जुलाई के दौरान भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। केरल में 28 जून से 1 जुलाई के दौरान अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश की गंभीर चेतावनी दी गई है, जबकि 2 से 4 जुलाई तक भारी बारिश जारी रहेगी। तटीय कर्नाटक में 28 जून से 4 जुलाई तक व्यापक बारिश होगी, जिसमें 1 और 2 जुलाई को बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में 30 जून और 1 जुलाई को बहुत भारी बारिश की संभावना है। तेलंगाना में 28 जून से 4 जुलाई तक और तटीय आंध्र प्रदेश में 28-29 जून तथा 1-4 जुलाई के दौरान भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

उत्तर प्रदेश में भीषण लू की चेतावनी

भारी बारिश के इस दौर के बीच, मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 2 दिनों तक उत्तर प्रदेश और उसके आसपास के इलाकों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। 28 जून को उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लू से लेकर भीषण लू चलने की आशंका है। इससे तापमान में भारी बढ़ोतरी देखी जा सकती है। इसके अलावा अगले 2-3 दिनों तक मध्य और पूर्वी भारत में आकाशीय बिजली चमकने की घटनाएं भी काफी तीव्र रह सकती हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।