यूपी, बिहार, MP संग कई राज्यों में IMD ने अगले 3 दिन तक जारी किया भारी बारिश का अलर्ट, जानिए अपने इलाके के मौसम का हाल

IMD Heavy Rain Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने झारखंड और इसके आसपास के क्षेत्रों में बने कम दबाव के क्षेत्र के असर को देखते हुए उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में अगले 3 दिनों के दौरान भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है

अपडेटेड Aug 25, 2026 पर 2:38 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
IMD Heavy Rain Alert: कई राज्यों में अगले 3 दिनों के दौरान भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है

IMD Heavy Rain Alert: देश के कई हिस्सों में मानसून का एक्टिव रूप तूफानी बारिश करा रहा है। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने झारखंड और इसके आसपास के क्षेत्रों में बने कम दबाव के क्षेत्र के असर को देखते हुए उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में अगले 3 दिनों के दौरान भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक 25 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश और बिहार में अगले तीन दिनों तक रुक-रुक कर भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके उलट प्रायद्वीपीय भारत में अगले एक सप्ताह के दौरान बारिश की गतिविधियों में कमी देखने को मिल सकती है।

IMD के बुलेटिन के मुताबिक, बीते 24 घंटों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मेघालय, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और केरल में 12 से 20 सेमी तक बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, तमिलनाडु और तटीय कर्नाटक में 7 से 11 सेमी तक भारी बारिश दर्ज की गई है।


उत्तर-पश्चिम भारत: यूपी और उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी

उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों की बात करें तो उत्तराखंड में 25 से 31 अगस्त के दौरान अधिकांश जगहों पर हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर 25-26 अगस्त और 30-31 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश में मानसून काफी मेहरबान रहने वाला है।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 25 अगस्त को और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25 से 27 अगस्त के दौरान व्यापक बारिश होगी। 25 और 26 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और 26 व 27 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अनुमान है जबकि 25 अगस्त को पूर्वी यूपी में अति भारी बारिश का अलर्ट है।

हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में 25 से 31 अगस्त के दौरान छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है। पूर्वी राजस्थान में 25 और 26 अगस्त को भारी बारिश होने के आसार हैं और 27 अगस्त को गर्जना के साथ बिजली चमकने की चेतावनी दी गई है।

मध्य भारत: एमपी, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में जमकर बरसेंगे बादल

मध्य भारत में मौसम का मिजाज काफी असरदार रहने वाला है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 25 से 26 अगस्त, पूर्वी मध्य प्रदेश में 25 से 29 अगस्त, विदर्भ में 25 से 28 अगस्त और छत्तीसगढ़ में 25 से 31 अगस्त के दौरान व्यापक रूप से बारिश होने की संभावना है। 25 अगस्त को छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में अति भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।

इसके अलावा पश्चिमी मध्य प्रदेश में 25 से 27 अगस्त, छत्तीसगढ़ व पूर्वी मध्य प्रदेश में 26 से 29 अगस्त और विदर्भ में 25 अगस्त को भारी बारिश होने के आसार हैं। छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 25 से 29 अगस्त के बीच गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।

पूर्वी भारत: बिहार, झारखंड और ओडिशा का मौसम पूर्वानुमान

पूर्वी भारत के राज्यों में 25 से 31 अगस्त के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, गांगेय पश्चिम बंगाल, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में व्यापक बारिश जारी रहेगी। बिहार में 26 अगस्त को अधिकांश जगहों पर जबकि 25, 27 से 31 अगस्त के दौरान कुछ जगहों पर बारिश होने का अनुमान है। बिहार में 25 से 27 अगस्त तक, झारखंड में 25 से 29 अगस्त तक, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में 25 से 28 अगस्त तक और गांगेय पश्चिम बंगाल में 28 से 30 अगस्त के दौरान भारी बारिश हो सकती है।

ओडिशा में 25, 27 और 31 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट है जबकि 28 से 30 अगस्त के दौरान राज्य में अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है। बिहार, झारखंड, गांगेय पश्चिम बंगाल और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में 25 से 29 अगस्त के दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं और बिजली चमकने का भी अनुमान है।

पूर्वोत्तर भारत: असम, मेघालय और अरुणाचल में आफत बनेगी बारिश

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी मानसून की गतिविधियां तेज रहेंगी। अरुणाचल प्रदेश में 25-26 अगस्त और 30-31 अगस्त को अधिकांश जगहों पर बारिश होगी। असम और मेघालय में 25 अगस्त और 28 से 31 अगस्त के दौरान व्यापक बारिश का अनुमान है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 25 से 31 अगस्त तक पूरे हफ्ते भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। इसमें 29 और 30 अगस्त को इन राज्यों में अति भारी बारिश होने की आशंका है।

अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 25 से 31 अगस्त तक लगातार भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 25 से 29 अगस्त के बीच गर्जना और वज्रपात की भी आशंका बनी रहेगी।

पश्चिम और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत का हाल तथा मछुआरों को चेतावनी

पश्चिम भारत में कोंकण और गोवा में 25 से 31 अगस्त तक भारी से मध्यम बारिश जारी रहेगी। मध्य महाराष्ट्र में 25 और 26 अगस्त को भारी बारिश की संभावना जताई गई है जबकि मराठवाड़ा और गुजरात क्षेत्र में छिटपुट बारिश का अनुमान है।

दक्षिण भारत की बात करें तो तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु में 25 अगस्त को और केरल में 25 और 26 अगस्त को भारी बारिश की संभावना है। 25 अगस्त को केरल में बहुत भारी बारिश हो सकती है।

ये भी पढ़ें- यूपी में लड़कियों को स्कूल में हिजाब पहनकर आने की अनुमति नहीं; इलाहाबाद HC ने खारिज की मुस्लिम छात्रा की याचिका

इसके बाद प्रायद्वीपीय भारत में बारिश की गतिविधियों में सुस्ती आने की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तमिलनाडु के तटीय इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के विभिन्न हिस्सों में खराब मौसम के चलते मछुआरों को 30 अगस्त तक समुद्र में न जाने की सलाह दी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।