India Heavy Rain Alert: IMD ने 25+ राज्यों के लिए जारी किया भारी बारिश का अलर्ट, 12 जुलाई तक इन इलाकों में हैवी रेन-आंधी का डबल अटैक
India Heavy Rain Alert: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने ताजा मौसम बुलेटिन में देश के 25 से अधिक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए भारी से अत्यंत भारी बारिश और तेज आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। आगामी 12 जुलाई तक तमाम इलाकों में मानसून की मूसलाधार बारिश के साथ तेज हवाओं और आंधी का डबल अटैकृ देखने को मिलेगा
India Heavy Rain Alert: देश के कम से कम 25 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है
India Weather Update: देश के अधिकांश हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने ताजा मौसम बुलेटिन में देश के 25 से अधिक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए भारी से अत्यंत भारी बारिश और तेज आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक आगामी 12 जुलाई तक उत्तर, मध्य, पूर्व, पूर्वोत्तर, पश्चिम और दक्षिण भारत के तमाम इलाकों में मानसून की मूसलाधार बारिश के साथ 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं और आंधी का डबल अटैकृ देखने को मिलेगा।
दक्षिण झारखंड और उससे सटे उत्तरी आंतरिक ओडिशा के ऊपर बना डिप्रेशन 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ गया है। इसके अगले 24 घंटों के दौरान झारखंड, उत्तरी छत्तीसगढ़ और उससे सटे पूर्वी मध्य प्रदेश में उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की प्रबल संभावना है। इसके अलावा दक्षिण गुजरात से लेकर उत्तरी केरल तट तक एक ऑफ-शोर ट्रफ भी सक्रिय है। ये भी भारी बारिश को बढ़ावा दे रहा है।
उत्तर-पश्चिम भारत: दिल्ली-NCR, यूपी और पंजाब-हरियाणा में बारिश की चेतावनी
उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में 6 से 12 जुलाई के बीच व्यापक रूप से बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है-
दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़: इन इलाकों में 7 से 9 जुलाई के दौरान व्यापक स्तर पर बारिश होगी। 6 जुलाई और 10-12 जुलाई के दौरान छिटपुट से लेकर बिखरी हुई बारिश की संभावना है। 6-9 जुलाई और 11-12 जुलाई के बीच कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है।
उत्तर प्रदेश: पूर्वी उत्तर प्रदेश में 7 से 12 जुलाई तक और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 6 से 12 जुलाई के दौरान बारिश का दौर जारी रहेगा। 6-7 जुलाई को दोनों क्षेत्रों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाएं (झोंके 60 किमी प्रति घंटे तक) और बिजली कड़कने की आशंका है। पश्चिमी यूपी में 7-12 जुलाई के दौरान भारी बारिश जबकि पूर्वी यूपी में 6, 9 और 12 जुलाई को भारी और 10-11 जुलाई को अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है।
पंजाब: पंजाब में 7-9 जुलाई और 11-12 जुलाई को व्यापक बारिश का अनुमान है जबकि 6-9 जुलाई और 11-12 जुलाई के बीच अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
राजस्थान: पूर्वी राजस्थान में 6-9 जुलाई के दौरान व्यापक बारिश होगी और इस दौरान 6-9 जुलाई के बीच अत्यंत भारी बारिश की भी आशंका है। पश्चिमी राजस्थान में 6-12 जुलाई के दौरान छिटपुट बारिश और 7-8 जुलाई को भारी बारिश हो सकती है। 6 से 9-10 जुलाई के दौरान राजस्थान में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी/तेज हवाएं चल सकती हैं।
हिमाचल और उत्तराखंड: हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 6 से 12 जुलाई तक लगातार व्यापक बारिश होगी। हिमाचल में 6-7 जुलाई को और उत्तराखंड में 6 जुलाई को बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। इसके बाद भी 12 जुलाई तक दोनों राज्यों में भारी बारिश जारी रहेगी।
जम्मू-कश्मीर-लद्दाख: यहां 6-12 जुलाई के दौरान व्यापक बारिश के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका है। 6-8 जुलाई और 11 जुलाई को भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मध्य भारत: छत्तीसगढ़ में बेहद भारी बारिश का रेड अलर्ट
छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ में 6 जुलाई को अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ बेहद भारी बारिश होने की आशंका है। इसके अलावा 7 जुलाई को बहुत भारी बारिश और 8 जुलाई को भारी बारिश का अनुमान है। 6-7 जुलाई को यहां आंधी-तूफान और बिजली कड़कने का अलर्ट है।
मध्य प्रदेश: पश्चिमी मध्य प्रदेश में 6-9 जुलाई और पूर्वी मध्य प्रदेश में 6-10 जुलाई के दौरान व्यापक बारिश होगी। दोनों क्षेत्रों में 6-8 जुलाई के दौरान कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि 9-10 जुलाई को भारी बारिश का अनुमान है।
विदर्भ: विदर्भ क्षेत्र में 6-8 जुलाई तक व्यापक बारिश और 6-7 जुलाई को बिजली चमकने की चेतावनी है। 6-7 जुलाई को बहुत भारी बारिश और 8 जुलाई को भारी बारिश हो सकती है।
पूर्व और पूर्वोत्तर भारत: बिहार-झारखंड में आंधी-बारिश का डबल अटैक
बिहार और झारखंड: झारखंड में 6-12 जुलाई तक लगातार व्यापक बारिश होगी और 6 जुलाई को बहुत भारी बारिश जबकि 7-8 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है। बिहार में 7-8 जुलाई को बहुत भारी बारिश और 9-12 जुलाई के दौरान भारी बारिश होने का अनुमान है। बिहार में 6 और 8-12 जुलाई को तेज हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटे) चलेंगी।
पश्चिम बंगाल और सिक्किम: उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 8 जुलाई को अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 7 और 9 जुलाई को भी बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 6 और 10 जुलाई को भारी बारिश और 6-7 जुलाई को तेज आंधी चलने का अनुमान है।
ओडिशा: ओडिशा में 6 जुलाई को बहुत भारी बारिश और 7 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है।
पूर्वोत्तर राज्य (असम, मेघालय, अरुणाचल): असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 6 से 12 जुलाई तक व्यापक बारिश जारी रहेगी। अरुणाचल प्रदेश में 7-9 जुलाई के दौरान बहुत भारी बारिश होगी। वहीं असम और मेघालय में 8 जुलाई को बहुत भारी जबकि शेष दिनों में भारी बारिश का अनुमान है।
पश्चिम भारत: कोंकण, गोवा और गुजरात में अत्यधिक भारी बारिश
कोंकण और गोवा: मौसम विभाग ने 6 और 7 जुलाई को कोंकण और गोवा के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 8 जुलाई को भी इस क्षेत्र में बहुत भारी बारिश की संभावना है।
गुजरात राज्य: गुजरात क्षेत्र और सौराष्ट्र-कच्छ में भी मानसून का रौद्र रूप दिखेगा। 6 और 7 जुलाई को पूरे गुजरात राज्य में अलग-अलग स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश होने का अनुमान है। इसके बाद 8 जुलाई को गुजरात क्षेत्र में बहुत भारी बारिश और 9 जुलाई को भारी बारिश हो सकती है।
मध्य महाराष्ट्र: मध्य महाराष्ट्र के घाट इलाकों में 6 से 8 जुलाई के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश के साथ अत्यंत भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है।
दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत: कर्नाटक और तेलंगाना में थंडरस्कॉल का अलर्ट
कर्नाटक: तटीय कर्नाटक में 6 और 7 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश के साथ अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 6 जुलाई को अत्यंत भारी बारिश और 7-8 जुलाई को बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में 6-7 जुलाई को बहुत भारी बारिश हो सकती है। 6-7 जुलाई को कर्नाटक के सभी हिस्सों में 50-60 किमी प्रति घंटे (झोंके 70 किमी प्रति घंटे तक) की रफ्तार से चलने वाला भयानक तूफान आ सकता है।
तेलंगाना: तेलंगाना में भी 6-7 जुलाई को 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से थंडरस्कॉल चलने की चेतावनी है। इसके साथ ही 6 से 12 जुलाई के दौरान क्षेत्र में मजबूत सतही हवाएं चलती रहेंगी।
केरल और माहे: केरल में 6 से 11 जुलाई के बीच व्यापक बारिश होगी जिसमें 6 जुलाई को बहुत भारी बारिश और 7-8 जुलाई को भारी बारिश होने का अनुमान है।
आंध्र प्रदेश और रायलासीमा: तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलासीमा में 6 से 12 जुलाई के दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बारिश का अनुमान है।