Delhi Weather Update: शुक्रवार को दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण और अधिक बारिश की चेतावनी दी है। IMD के अनुसार, सुबह से दोपहर के बीच एक या दो बार हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
वहीं, गुरुवार को तापमान असामान्य रूप से अधिक रहा, पारा 27.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से लगभग सात डिग्री अधिक था। इससे यह पिछले 7 सालों का सबसे गर्म जनवरी का दिन बन गया।
उच्च तापमान का कारण लगातार चलने वाली गर्म पूर्वी हवाएं और साफ आसमान था, जिससे धूप की अवधि बढ़ गई। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "साल के इस समय में पश्चिमी हवाएं ठंडी होती हैं, जबकि पूर्वी हवाएं गर्म होती हैं।"
दूसरी तरफ, शुक्रवार को कई बार बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 18-20 डिग्री सेल्सियस और शनिवार को 16-18 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान है।
IMD ने पूरे शहर में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अधिकारियों ने कहा, "शुक्रवार दोपहर या शाम के आसपास हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।" उन्होंने निवासियों को तेज हवाओं और स्थानीय गरज-चमक के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है।
दिल्ली की वायु गुणवत्ता में गुरुवार को मामूली सुधार देखा गया। गुरुवार सुबह 8 बजे औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 313 (बहुत खराब) दर्ज किया गया, जबकि बुधवार शाम 4 बजे यह 330 (बहुत खराब) था। शुक्रवार को हवा की गति बढ़ने की संभावना है, जिससे प्रदूषक कण फैलेंगे और राष्ट्रीय राजधानी की वायु गुणवत्ता में सुधार होगा।
दिल्ली की वायु गुणवत्ता में इस सुधार को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) की ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) की उप-समिति ने गुरुवार (22 जनवरी) को दिल्ली-NCR में स्टेज III के प्रतिबंधों को तत्काल प्रभाव से हटा दिया।
PTI की रिपोर्ट के अनुसार, पैनल ने पाया कि अनुकूल मौसम स्थितियों के कारण दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) सुधर रहा है और गुरुवार को यह 322 दर्ज किया गया। IMD/IITM के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में AQI "मध्यम" से "खराब" श्रेणी में रहने की संभावना है। इसलिए, मौजूदा GRAP के तीसरे चरण के तहत लगाए गए प्रतिबंधों के कारण बड़ी संख्या में हितधारकों और आम जनता पर पड़ रहे व्यवधान को ध्यान में रखते हुए, CAQM की GRAP उप-समिति ने सर्वसम्मति से पूरे NCR में GRAP के तीसरे चरण के तहत सभी उपायों को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है।
उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ
IMD ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब के कुछ हिस्सों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और गरज के साथ तूफान (तेज हवाओं के साथ) आने की आशंका जताई है।
वहीं, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।