Delhi Weather Forecast: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार (4 जून) को दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। वहीं, पिछले कई दिनों से राष्ट्रीय राजधानी में हो रही लगातार बारिश से लोगों को लू से राहत मिली है। बता दें कि आईएमडी ने कल के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली का साप्ताहिक मौसम पूर्वानुमान
IMD ने दिल्ली के लिए अगले सात दिनों का मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। 4 जून को न्यूनतम तापमान 27°C से 29°C के बीच रहने की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान 37°C से 39°C के बीच रहने का अनुमान है।
वहीं, मौसम विभाग ने इस दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, “आंशिक रूप से आसमान में बादल छाए रहेंगे। दोपहर से शाम तक हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, जिनकी गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। रात में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज और बिजली गिरने की संभावना है।”
शुक्रवार (5 जून) के लिए भी मौसम विज्ञान विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें पूर्वानुमान लगाया गया है कि "आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। सुबह से दोपहर तक हल्की बारिश के साथ गरज, बिजली कड़कने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। शाम या रात के दौरान भी गरज और बिजली कड़कने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।" न्यूनतम तापमान 27°C से 29°C के बीच रहने का अनुमान है, जबकि अधिकतम तापमान 36°C से 38°C के बीच रहने की उम्मीद है।
जबकि, शनिवार (6 जून) को दिल्लीवासियों को मौसम से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि इस दिन के लिए मौसम विभाग ने कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। यहां पर अधिकतम तापमान 36°C से 38°C के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 27°C से 29°C के बीच रहेगा। पूर्वानुमान के अनुसार, "आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। सुबह और दोपहर के समय हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।"
रविवार (7 जून), सोमवार (8 जून) और मंगलवार (9 जून) को कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है और मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आसमान साफ रहेगा। इन दिनों अधिकतम तापमान 38°C डिग्री से 41°C के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 27°C से 30°C के बीच रहेगा।