उत्तर भारत के ज्यादातर जगहों पर इस समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दिल्ली, पंजाब, राजस्थान के लोग इस समय ठंड से काफी परेशान है। वहीं अभी कुछ दिनों तक उत्तर भारत के लोगों को ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है। इंडिया मेटियोरोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने झारखंड के 15 जिलों के लिए अगले दो दिनों तक घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक, कोहरे की वजह से कई जगहों पर विजिबिलिटी कम रह सकती है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। ये चेतावनी राज्य में बढ़ती ठंड को देखते हुए जारी किया गया है और अनुमान है कि 4 जनवरी की सुबह करीब 8:30 बजे तक कोहरा बना रह सकता है।
राज्य के इन जगहों पर जारी हुआ येलो अलर्ट
झारखंड के गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी के मुताबिक, रविवार सुबह तक घना कोहरा बना रह सकता है और 5 जनवरी तक रांची सहित इन इलाकों में फिर से कोहरा छाने की आशंका है। इस दौरान विजिबिलिटी 50 से 200 मीटर तक घट सकती है, जिससे सड़क पर चलने वाले लोगों, वाहन चालकों और हवाई सेवाओं को परेशानी हो सकती है, इसलिए अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
शनिवार को झारखंड में ठंड काफी बढ़ गई। गुमला में सबसे कम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे ठंडा रहा। वहीं डाल्टनगंज और पाकुड़ में न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री, जबकि खूंटी में 9.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री रहा। अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। हालांकि 4 से 6 जनवरी के बीच एक पश्चिमी विक्षोभ के असर से तापमान करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। उन्होंने कहा कि सोमवार को रांची और आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना है