IMD Monsoon Rain Date Alert: उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी और झुलसाने वाली लू के बीच राहत भरी बड़ी खबर आई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दक्षिण-पश्चिम मानसून (Southwest Monsoon) के केरल पहुंचने की तारीख कंफर्म कर दी है। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून अपनी तय रफ्तार से आगे बढ़ रहा है और जल्द ही केरल के तटों पर दस्तक देगा। इस बीच, मानसून के आगे बढ़ने के साथ ही दक्षिण भारत के राज्यों, विशेषकर केरल में मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो गया है।
उत्तर और मध्य भारत के लोग जहां 45-47 डिग्री तापमान में झुलस रहे हैं। वहीं मानसून की दस्तक से उम्मीदें जगा दी हैं। IMD की ताजा रिलीज के अनुसार, मानसून अंडमान-निकोबार को पूरी तरह कवर करने के बाद अब अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के और अधिक हिस्सों में आगे बढ़ गया है।
केरल में इस दिन पहुंचेगा मानसून (Monsoon Arrival Date)
मौसम विभाग ने आधिकारिक तौर पर बताया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई को केरल में दस्तक दे सकता है। हालांकि, मौसम के मॉडल में इसमें प्लस-माइनस 4 दिन का अंतर (Model Error) हो सकता है। यानी मानसून 22 मई से 30 मई के बीच कभी भी केरल पहुंच सकता है।
मानसून की ताजा स्थिति (Current Status)
सोमवार, 18 मई को मानसून ने अपनी रफ्तार बढ़ाते हुए निम्नलिखित क्षेत्रों को कवर कर लिया है:-
दक्षिण-पूर्व अरब सागर के कुछ और हिस्से।
कोमोरिन (कन्याकुमारी) और मालदीव का क्षेत्र।
दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी का अधिकांश हिस्सा।
पूरा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और अंडमान सागर।
पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्से।
आईएमडी के मुताबिक, अगले 3-4 दिनों के दौरान मानसून के अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में और आगे बढ़ने के लिए स्थितियां बेहद अनुकूल बनी हुई हैं।
केरल में भारी बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट'
पीटीआई (PTI) की रिपोर्ट के अनुसार, केरल के कई हिस्सों में प्री-मानसून बारिश ने तांडव शुरू कर दिया है। तटीय आंध्र प्रदेश और केरल के आसपास बने चक्रवातीय परिसंचरण के कारण भारी बारिश हो रही है। कन्नूर और कासरगोड जिलों में बहुत भारी बारिश (11 cm से 20 cm) का अनुमान है। राज्य के 10 अन्य जिलों में भारी बारिश (6 cm से 11 cm) की चेतावनी दी गई है। अगले पांच दिनों तक केरल और माहे में बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश जारी रहने की संभावना है।
पूर्वोत्तर और बंगाल में भी बारिश के आसार
सिर्फ दक्षिण ही नहीं, बल्कि पूर्वोत्तर भारत (असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश) और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम में भी अगले 6-7 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
उत्तर भारत में अभी जारी रहेगा 'लू' का कहर
एक तरफ जहां मानसून की खबरें राहत दे रही हैं। वहीं, उत्तर भारत के मैदानी इलाकों (यूपी, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान) के लिए आईएमडी ने चेतावनी दी है कि इस पूरे सप्ताह भीषण लू का प्रकोप जारी रहेगा। मानसून के आने तक यहां गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद कम है।