IMD Rain Alert: बंगाल की खाड़ी में डिप्रेशन से बदला मौसम, यूपी-बिहार समेत 10 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

IMD Rain Alert: मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़ समेत 10 से अधिक राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा के तटों पर बना वेल मार्क्ड लो प्रेशर सिस्टम डिप्रेशन में बदल गया है

अपडेटेड Aug 17, 2026 पर 2:30 PM
IMD Rain Alert: ओडिशा, बंगाल, छत्तीसगढ़ और झारखंड में अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी हुई है

India Weather Update: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर बना डिप्रेशन देश के बड़े हिस्से में मौसम का मिजाज बदल रहा है। इसके असर से उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़ समेत 10 से अधिक राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा के तटों पर बना वेल मार्क्ड लो प्रेशर सिस्टम डिप्रेशन में बदल गया है। यह मौसमी प्रणाली उत्तर-उत्तर-पश्चिम और उसके बाद गांगेय पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के रास्ते उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगी।

ओडिशा, बंगाल, छत्तीसगढ़ और झारखंड में अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी

बंगाल की खाड़ी में बने इस डिप्रेशन की वजह से पूर्वी और मध्य भारत में सबसे ज्यादा आफत की स्थिति बन रही है। मौसम विभाग ने गांगेय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और झारखंड के लिए अगले 2 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 17 अगस्त को गांगेय पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में अलग-अलग जगहों पर अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है। झारखंड में 18 अगस्त को अत्यधिक मूसलाधार बारिश हो सकती है।


इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी मानसूनी बारिश लगातार आफत बनी हुई है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 17 से 23 अगस्त तक लगभग पूरे सप्ताह भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। अरुणाचल प्रदेश में 17-18 अगस्त और फिर 20 से 22 अगस्त के दौरान तेज बारिश और बिजली चमकने का अनुमान जताया गया है।

उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और बिहार में अगले कई दिनों तक रहेगा बारिश का कहर

उत्तर भारत के मैदानी व पहाड़ी राज्यों में भी मानसूनी प्रणालियों का असर साफ दिखेगा। उत्तराखंड में 17 अगस्त को बहुत भारी बारिश होने की संभावना है जबकि 18 से 23 अगस्त तक लगातार भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। हिमाचल प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 18 अगस्त को बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 17 अगस्त के साथ-साथ 20 और 21 अगस्त को अत्यधिक मूसलाधार बारिश हो सकती है।

बिहार में 17 अगस्त को गंभीर बिजली कड़कने की गतिविधियों के साथ भारी बारिश का अलर्ट है जबकि 18 अगस्त को राज्य में बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। इसके साथ ही 19 और 20 अगस्त को भी राज्य के अलग अलग हिस्सों में बारिश जारी रहेगी। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 17 और 18 अगस्त को काफी बारिश और तूफानी बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है।

मध्य, पश्चिम और दक्षिण भारत में मौसम का मिजाज

मध्य भारत के राज्यों में भी डिप्रेशन का व्यापक असर देखने को मिलेगा। पूर्वी मध्य प्रदेश में 17 से 19 अगस्त के दौरान अलग-अलग जगहों पर बहुत भारी बारिश की आशंका है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 20 से 23 अगस्त के बीच मूसलाधार बारिश दर्ज की जा सकती है। छत्तीसगढ़ में 18 अगस्त को अति भारी बारिश का अनुमान है विदर्भ में 17 और 18 अगस्त को व्यापक बारिश होगी।

पश्चिम भारत में कोंकण व गोवा में 17 से 23 अगस्त तक लगातार भारी बारिश का अलर्ट है जबकि गुजरात क्षेत्र में 17 अगस्त को भारी बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने का अनुमान है। दक्षिण भारत में तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तमिलनाडु, कर्नाटक और तेलंगाना में 17 से 21 अगस्त के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने और तूफानी बौछारें गिरने की संभावना जताई गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान कहां कितनी हुई बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों में देश के अलग अलग राज्यों में रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई है। इस दौरान ओडिशा में 21 सेंटीमीटर से अधिक की अत्यंत भारी बारिश रिकॉर्ड की गई। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गांगेय पश्चिम बंगाल, पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कई जगहों पर 12 से 20 सेंटीमीटर तक की बहुत भारी बारिश दर्ज हुई।

ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र के हॉस्टल में भूत का खौफ! 600 छात्राओं ने छोड़ा स्कूल, लड़कियों के 'आत्मा के साए' में होने का दावा

इसके अलावा असम, हिमाचल प्रदेश, सिक्किम, झारखंड, बिहार और पश्चिमी मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर 7 से 11 सेंटीमीटर तक की भारी वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने निचले इलाकों में जलभराव और पहाड़ी क्षेत्रों में लैंडस्लाइड के खतरे को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और आम लोगों को अत्यधिक सतर्क रहने की सलाह दी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।