IMD Rain & Heat wave alert: 20-21 अप्रैल को 7 से अधिक राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, यूपी-एमपी में हीटवेव पर ये है अपडेट

IMD Rain & Heat wave alert: मैदानी इलाकों में सूरज के तेवर अब जानलेवा होने लगे हैं। IMD ने कई राज्यों में लू की चेतावनी जारी की है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 20 से 23 अप्रैल के बीच भीषण लू चलेगी। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 20 से 22 अप्रैल के दौरान लू का प्रकोप रहेगा। पूर्वी राजस्थान और पूर्वी मध्य प्रदेश में 23 अप्रैल तक हीटवेव का अलर्ट है

अपडेटेड Apr 20, 2026 पर 7:44 AM
Story continues below Advertisement
IMD Rain & Heat wave alert: उत्तर प्रदेश और राजस्थान जैसे राज्यों में पारा रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने की आशंका है

IMD Rain & Heat wave alert: देश के मौसम में इस वक्त जबरदस्त उथल-पुथल देखने को मिल रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ताजा प्रेस रिलीज के मुताबिक अगले 48 घंटे देश के कई राज्यों के मौसम में भारी बदलाव देखने को मिल सकता है। एक तरफ जहां पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं उत्तर प्रदेश और राजस्थान जैसे राज्यों में पारा रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने की आशंका है।

पूर्वोत्तर भारत: अरुणाचल में बेहद भारी बारिश का अलर्ट

पूर्वोत्तर के राज्यों के लिए अगले कुछ दिन काफी चुनौतीपूर्ण रहेंगे। मौसम विभाग के अनुसार अरुणाचल प्रदेश में 20 और 21 अप्रैल को बेहद भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। असम और मेघालय में 19 से 21 अप्रैल के बीच मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 22 अप्रैल तक गरज-चमक और 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।


यूपी, एमपी और राजस्थान: भीषण लू (Heatwave) का अलर्ट

मैदानी इलाकों में सूरज के तेवर अब जानलेवा होने लगे हैं। IMD ने कई राज्यों में लू की चेतावनी जारी की है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 20 से 23 अप्रैल के बीच भीषण लू चलेगी। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 20 से 22 अप्रैल के दौरान लू का प्रकोप रहेगा। पूर्वी राजस्थान और पूर्वी मध्य प्रदेश में 23 अप्रैल तक हीटवेव का अलर्ट है। पश्चिमी राजस्थान में 20 से 23 अप्रैल के बीच लू चलेगी। पंजाब-हरियाणा में 21 से 23 अप्रैल के दौरान भीषण गर्मी और लू की स्थिति बने रहने की आशंका है। इसके अलावा हरियाणा और ओडिशा में 'गर्म रातें' (Warm Night) लोगों की बेचैनी बढ़ाएंगी।

ओलावृष्टि और तूफान का संकट

गर्मी के बीच कुछ राज्यों में ओले गिरने और आंधी की भी चेतावनी दी गई है। तेलंगाना, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल में बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जबकि उत्तराखंड में 20 अप्रैल तक मौसम खराब रहेगा। बिहार में 23 अप्रैल को 'थंडरस्क्वॉल' आने की आशंका है, जिसमें हवा की रफ्तार 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

दक्षिण और पश्चिम भारत: बारिश और उमस

दक्षिण भारत के राज्यों जैसे कर्नाटक, तेलंगाना और केरल में 23 अप्रैल तक हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। हालांकि, तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश और तटीय कर्नाटक में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करना जारी रखेगी। पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में 20 से 25 अप्रैल तक भीषण उमस रहने का अनुमान है।

ये भी पढ़ें- US-Iran Talks in Pakistan: अमेरिका-ईरान के बीच आज होगी दूसरे दौर की बातचीत! इस्लामाबाद में हाई अलर्ट, ट्रंप ने दी धमकी

IMD के अनुसार, इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) द्रोणिका के रूप में सक्रिय है। इसके अलावा दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान और पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ 23 अप्रैल से उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है, जिससे आने वाले दिनों में फिर से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।