IMD Rain Forecast: दिल्ली-NCR में आज बारिश के आसार! 'येलो अलर्ट' जारी, इस वीकेंड भीषण गर्मी से मिलेगी राहत

IMD Weather Forecast: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को इस वीकेंड पर गर्मी से कुछ समय के लिए राहत मिलने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बारिश और आंधी-तूफान के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। हालांकि, पूर्वानुमान के अनुसार, अगले सप्ताह की शुरुआत से तापमान में फिर से तेजी से बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

अपडेटेड May 30, 2026 पर 3:34 PM
Story continues below Advertisement
IMD Weather Forecast: दिल्ली में तापमान गिरा हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज हल्की बारिश की संभावना है

IMD Weather Forecast: दिल्ली समेत राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (IMD) में बारिश और गरज-चमक के साथ हुई बौछारों से भीषण गर्मी से लोगों को बहुत जरूरी राहत मिली है। राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को रुक-रुककर हुई हल्की बारिश और बादलों के छाए रहने से सुबह का तापमान मौसम के औसत से काफ़ी नीचे चला गया है। इस बीच, दिल्ली को इस वीकेंड पर भी गर्मी से कुछ समय के लिए राहत मिलने की संभावना है।

दिल्ली में शनिवार (30 मई) को तापमान में और गिरावट दर्ज करने के साथ ही भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने हल्की बारिश और तेज हवाओं को लेकर 'येलो अलर्ट' जारी किया है। हालांकि पूर्वानुमान के अनुसार, अगले सप्ताह की शुरुआत से तापमान में फिर से तेजी से बढ़ोतरी होने की उम्मीद है

सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम और एक दिन पहले की तुलना में 0.7 डिग्री कम था। इस वेधशाला में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस और गुरुवार को 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। पिछले दो दिन में शहर के कुछ हिस्सों में बहुत हल्की से हल्की बारिश होने के बाद तापमान में यह गिरावट देखी गई है। अन्य मौसम केंद्रों पर भी शनिवार को न्यूनतम तापमान में इसी तरह की कमी दर्ज की गई।


पालम वेधशाला में न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में 2.6 डिग्री कम था। लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो शुक्रवार के मुकाबले 2.4 डिग्री कम था। वहीं, रिज और आयानगर में क्रमशः 22.3 डिग्री और 22.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो शुक्रवार की तुलना में 1.7 डिग्री और 2.8 डिग्री कम था।

IMD के अनुसार, आयानगर में शुक्रवार रात 11:30 बजे से शनिवार सुबह 2:30 बजे के बीच 11.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके बाद अन्य किसी मौसम केंद्र पर बारिश दर्ज नहीं की गई। आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, "आज के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। दोपहर और शाम के समय बहुत हल्की से हल्की बारिश, बिजली कड़कने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।"

आईएमडी ने रविवार के लिए भी 'येलो अलर्ट' जारी किया है। इसी तरह का मौसम बने रहने का अनुमान जताया है। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार को अधिकतम तापमान में भी और गिरावट आ सकती है। यह 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

ये भी पढ़ें- Surya Ghar Yojana: 40 लाख घरों में लग गए रूफटॉप सोलर, अभी Solar डीलर बनने के तरीके और इसके 5 बड़े फायदे जान लीजिए

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, इस बीच शहर की वायु गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया गया। शनिवार सुबह 9 बजे एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 82 दर्ज किया गया, जो 'संतोषजनक' कैटेगरी में आता है। इसके मुकाबले शुक्रवार शाम चार बजे 24 घंटे का औसत AQI 123 था, जो 'मध्यम' कैटेगरी में था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।