IMD Weather Update: दिल्ली से लेकर हिमाचल तक भारी बारिश का अलर्ट, यूपी-उत्तराखंड समेत इन राज्यों में बिजली गिरने का खतरा

IMD Weather Update: देश के कई हिस्सों में 17 अगस्त को मानसूनी बारिश रौद्र रूप दिखा सकती है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गांगेय पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कुछ इलाकों में मूसलाधार से अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही उत्तर और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भी भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है

अपडेटेड Aug 17, 2026 पर 11:07 AM
IMD Weather Update: दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई राज्यों में भारी बारिश होने की आशंका है

IMD Weather Update: देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज यानी 17 अगस्त को पूर्वी, मध्य और उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश देखने को मिल सकती है। कुछ इलाकों में बहुत भारी से अत्यंत भारी बारिश की भी चेतावनी जारी की गई है। इसके साथ ही कई राज्यों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का दौर भी देखने को मिल सकता है।

बंगाल और ओडिशा में अत्यंत भारी बारिश का खतरा

IMD के मुताबिक, 17 अगस्त को गंगीय पश्चिम बंगाल और ओडिशा में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ अत्यंत भारी बारिश होने की आशंका है। इन इलाकों में प्रशासन और लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, झारखंड, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, उत्तराखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल में भी कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।


इन राज्यों में भी भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने असम और मेघालय, बिहार, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, पंजाब तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और स्थानीय स्तर पर यातायात प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है।

आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी

बारिश के साथ कई राज्यों में गरज-चमक और तेज हवाओं का भी असर देखने को मिलेगा। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा और तमिलनाडु-पुडुचेरी व कराईकल में कुछ स्थानों पर बिजली चमकने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

वहीं, बिहार, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, मध्य प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम तथा तेलंगाना में कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक हो सकती है।

यूपी, उत्तराखंड समेत इन राज्यों में बिजली गिरने का खतरा

अरुणाचल प्रदेश, असम-मेघालय, छत्तीसगढ़, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम-त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और विदर्भ में भी कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। ऐसे मौसम में खुले मैदान, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी जाती है।

दिल्ली में भी बारिश के आसार

दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 1.3 डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि पालम में न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि रिज केंद्र में न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

इसके अलावा लोधी रोड और आयानगर में क्रमश: 27.6 और 27.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिनभर शहर में आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान के 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।

आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में तेज सतही हवाएं

मौसम विभाग के मुताबिक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में कुछ स्थानों पर तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है। इससे कमजोर पेड़, बिजली के खंभे और अस्थायी ढांचे प्रभावित हो सकते हैं।

अरब सागर में भी खराब मौसम का असर

अरब सागर में भी मौसम खराब रहने की आशंका है। IMD के मुताबिक, गुजरात, सोमालिया और ओमान के तटों के पास 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इनके झोंकों की रफ्तार 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके अलावा अरब सागर के पश्चिम-मध्य हिस्से से जुड़े कुछ दक्षिण-पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वी मध्य हिस्सों में भी तेज हवाओं का असर रहने की संभावना है।

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए भारी बारिश वाले क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। खासकर अत्यंत भारी बारिश वाले इलाकों में निचले क्षेत्रों, नदी-नालों और जलभराव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखना जरूरी है। गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें और स्थानीय प्रशासन की चेतावनियों का पालन करें।

ये भी पढ़ें- Anukampa Niyukti: अनुकंपा नौकरी में बड़े बेटे को मिलेगी पहले प्राथमिकता, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का बड़ा फैसला

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।