IMD Weather Forecast: बिहार के 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट! कई इलाकों में लू का जारी रहेगा कहर, इन राज्यों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी

IMD Weather Forecast: मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार (27 अप्रैल) को बताया कि बिहार 13 जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, आकाशीय बिजली गिरने तथा ओलावृष्टि के आसार हैं। IMD ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक गर्म मौसम जारी रहने का अनुमान है। लोगों को लंबे समय तक धूप में न निकलने की सलाह दी है

अपडेटेड Apr 27, 2026 पर 1:08 PM
Story continues below Advertisement
IMD Weather Forecast: बिहार के 13 जिलों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है

IMD Weather Forecast: बिहार के दक्षिण-पश्चिम हिस्सों में जारी भीषण गर्मी के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 13 जिलों में आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी देते हुए सोमवार (27 अलर्ट) को 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार कुछ जिलों में भारी बारिश भी हुई हैं। मौसम विभाग ने बताया कि 13 जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, आकाशीय बिजली गिरने तथा ओलावृष्टि के आसार हैं।

मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर बिहार के किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और सुपौल जिलों में अगले 48 घंटे में आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का अनुमान है। वहीं, इसके विपरीत राज्य के 25 अन्य जिलों, खास तौर पर दक्षिण-पश्चिम के हिस्सों में भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

रोहतास जिले के डेहरी में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। राज्य के आठ जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। भोजपुर जिले में गर्मी के कारण एक महिला की मौत की भी सूचना है। IMD के अनुसार दक्षिण बिहार में अगले दो से तीन दिन तक गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं और भीषण गर्मी का दौर जारी रह सकता है।


इन राज्यों में बारिश के आसार

उत्तर भारत के राज्य रविवार को लगातार लू की स्थिति से जूझते रहे। राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पंजाब में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा। हालांकि, एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 28 अप्रैल से तेज हवाएं चलने और बारिश होने का अनुमान है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। IMD ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक गर्म मौसम जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को लंबे समय तक धूप में न निकलने की सलाह दी है।

ऊर्जा मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, भीषण गर्मी के कारण शनिवार को भारत में बिजली की अधिकतम मांग 256.11 गीगावाट के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई। इससे एयर कंडीशनर (AC) और कूलर का उपयोग बढ़ गया। इसने शुक्रवार को बने 252.07 गीगावाट के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया। दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक है। रिज क्षेत्र में सबसे अधिक 43.5 डिग्री तापमान रहा।

'येलो अलर्ट' जारी

मौसम विभाग ने सोमवार के लिए शहर में लू जैसी स्थिति का 'येलो अलर्ट' जारी किया है। अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भीषण गर्मी से निपटने के लिए विशेष उपायों की घोषणा की है। इनमें बस स्टॉप पर छतों को ठंडा रखने के इंतजाम और पानी की ठंडी फुहार वाली मशीनें लगाना, स्कूली बच्चों को जीवन रक्षक घोल (ORS) देना और निर्माण श्रमिकों को राहत पहुंचाना समेत पशु-पक्षियों की देखभाल के लिए व्यवस्थाएं शामिल हैं।

उन्होंने बिजली कंपनियों को अस्पतालों, पानी साफ करने के केंद्र और मोबाइल टावर को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उत्तर प्रदेश में रविवार को कई स्थानों पर लू की स्थिति बनी रही, जिसमें बांदा 46.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। भीषण गर्मी का असर अयोध्या में भी देखा गया, जहां राम मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या रोजाना एक लाख से घटकर 40,000 से नीचे आ गई है।

हरियाणा-राजस्थान में प्रचंड गर्मी

हरियाणा में नारनौल (44.2 डिग्री) और पंजाब में बठिंडा (43.7 डिग्री सेल्सियस) अपने-अपने राज्य के सबसे गर्म स्थान रहे। राजस्थान के कई हिस्से लू की चपेट में रहे, जहां अधिकांश इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। बाड़मेर और जैसलमेर 46 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहे, जबकि कोटा और चित्तौड़गढ़ में पारा 45.2 डिग्री सेल्सियस रहा। हिमाचल प्रदेश के ऊना और धर्मशाला में भी भीषण लू चली। मौसम विभाग द्वारा कुल्लू, कांगड़ा और मंडी के लिए सोमवार को लू का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।

उत्तराखंड में स्कूल बंद

उत्तराखंड के देहरादून में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री रहा, जिसके चलते प्रशासन ने 27 अप्रैल को कक्षा एक से 12वीं तक के स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों को बंद रखने का आदेश दिया है। यह तापमान मौसम के औसत से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है। पंतनगर में राज्य का सर्वाधिक 39.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

जम्मू के मैदानी इलाकों में लू का असर बना रहा और तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक है। IMD के अधिकारी के अनुसार, जम्मू, कठुआ, सांबा, रियासी और उधमपुर जिलों में अगले दो दिनों तक मौसम गर्म और शुष्क रहने की संभावना है। साथ ही, 26-27 अप्रैल को कुछ स्थानों पर लू की स्थिति बनी रह सकती है।

ये भी पढ़ें- IRCTC discounts on Train package: 'बुद्धिस्ट सर्किट ट्रेन' के इस पैकेज पर मिल रहा बंपर डिस्काउंट, जानें- पूरी ट्रिप डिटेल्स

ओडिशा का वेदर अपडेट

ओडिशा के झारसुगुड़ा में तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पश्चिम ओडिशा के सात स्थानों पर पारा 43 डिग्री से ऊपर रहा। भीषण गर्मी का कहर दक्षिण भारत के राज्यों में भी देखने को मिला। दक्षिण भारत में तमिलनाडु के 10 से अधिक जिलों में तापमान 100 डिग्री फैरेनहाइट से अधिक दर्ज किया गया। केरल के कई जिलों में भी भीषण गर्मी और उमस को लेकर 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। IMD के अनुसार, पलक्कड़ में पारा 40 डिग्री और कोल्लम में 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।