Jharkhand: झारखंड के जमशेदपुर से अजीब घटना सामने आई है। जिले के एमजीएम थाना क्षेत्र के मलियंता गांव में शुक्रवार देर रात शादी का खुशनुमा माहौल मातम में तब बदल गया, जब 41 साल के ललित सिंह की अजीबोगरीब तरीके से मौत हो गई। बता दें की दूसरे लोगों की तरह शादी समारोह में पहुंचे ललित सिंह भोजन का लुत्फ उठा रहे थे, तभी एक रसगुल्ला उनके गले में अटक गया। जिस वजह से उनकी तबीयत खराब होने लगी, और उन्हें सांस लेने में भी दिक्कत आने लगी जिस वजह से उनकी दम घुटने से मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह रसगुल्ला खा रहे थे कि अचानक वह उनके गले में फंस गया, जिससे उन्हें तुरंत सांस लेने में तकलीफ होने लगी।
गले से मिठाई निकालने की कोशिश की गई
घटनास्थल पर मौजूद एक रिश्तेदार ने बताया, “जैसे ही यह घटना घटी, उसका चेहरा पीला पड़ गया और वह हांफने लगा।” परिवार और गांववालों ने उसके गले से मिठाई निकालने की कोशिश की, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
ललित को बचाने के लिए घटनास्थल पर तमाम कोशिशें की गईं, लेकिन सफलता नहीं मिली। उनकी हालत बिगड़ते देख परिवारवाले और गांववाले उन्हें MGM अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने तुरंत उनकी जांच की, लेकिन उन्हें होश में नहीं ला सके और उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंपा गया
डॉक्टरों ने बताया कि रसगुल्ले ने उनकी सांस की नली को ब्लॉक कर दिया था, जिससे उनके शरीर तक ऑक्सीजन नहीं पहुंच पा रही थी और इसी वजह से उनकी अचानक मृत्यु हो गई। शनिवार को पोस्टमार्टम किया गया, जिसके बाद शव परिवार को सौंप दिया गया।
इस घटना ने उत्सव के दिन को मातम में बदल दिया। गांववालों और रिश्तेदारों ने गहरा शोक व्यक्त किया और शादी का खुशनुमा माहौल मातम में छा गया।
एक पड़ोसी ने कहा, “यह बहुत ही अचानक और दिल दहला देने वाला नुकसान था।” “पूरा गांव सदमे में है। हम सब जश्न मना रहे थे, और पल भर में हमारी खुशी मातम में बदल गई।”