INDIA bloc Ramlila Maidan Rally: दिल्ली में आज INDIA गठबंधन का हल्लाबोल: रामलीला मैदान किले में तब्दील! 4,000 पुलिसकर्मी और CAPF जवान तैनात

Ramlila Maidan Rally: दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को INDIA गठबंधन की प्रस्तावित रैली को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रैली में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत 4,000 से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की कंपनियों को भी तैनात किया गया है

अपडेटेड Nov 01, 2026 पर 8:42 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Ramlila Maidan Rally: दिल्ली के रामलीला मैदान में आज विपक्षी गठबंधन INDIA की बड़ी रैली होने जा रही है

INDIA Bloc Rally Today Delhi: राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को होने वाले 'इंडिया' गठबंधन की प्रस्तावित महारैली के मद्देनजर 4,000 से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ-साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CRPF) की कंपनियों को तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पूरे स्थल को 14 जोन में बांटकर निगरानी के लिए 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने इस रैली के मद्देनजर सुरक्षा और ट्रैफिक को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। इस रैली में करीब 50,000 लोगों के शामिल होने का अनुमान है। मिंटो ब्रिज से लेकर कार्यक्रम स्थल तक के रैली मार्ग और रामलीला मैदान दोनों जगह बल तैनात करने की योजना बनाई गई है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 'इंडिया' के प्रतीकात्मक 'जन महाभियोग' का प्रस्ताव पारित होने के अगले दिन रामलीला मैदान में गठबंधन की रैली होने जा रही है। पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने विशेष आयुक्त, संयुक्त आयुक्त और मध्य एवं नई दिल्ली जिलों के पुलिस उपायुक्तों सहित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शनिवार को मिंटो रोड और रामलीला मैदान में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।

दिल्ली में पिछले दिनों विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर बुलाईं गईं सीएपीएफ की 270 कंपनियों की तैनाती की अवधि को तीसरी बार बढ़ाकर 16 नवंबर तक कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस को पूरे शहर में इनकी तैनाती के समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


200 से अधिक कैमरे लगाए गए

रैली के संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई को बताया, "निगरानी के लिए 200 से अधिक कैमरे लगाए गए हैं। हम भीड़ के इकट्ठा होने, एंट्री-एग्जिट पॉइंट की निगरानी करेंगे और कार्यक्रम स्थल पर एंट्री करने वाले किसी भी आपराधिक तत्व की जांच करेंगे।" इन व्यवस्थाओं में ड्रोन से निगरानी और बॉडी-वॉर्न (शरीर पर लगे) कैमरे भी शामिल हैं। स्थिति पर नजर रखने के लिए मैदान के भीतर एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। जबकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए दंगा-रोधी वाहन और अन्य निगरानी उपकरण तैनात रहेंगे।

50,000 लोग आ सकते हैं रामलीला मैदान

कार्यक्रम स्थल के 14 जोन में से प्रत्येक की देखरेख सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) स्तर के अधिकारी करेंगे। जबकि दो जोन की निगरानी अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त स्तर के अधिकारी द्वारा की जाएगी। वरिष्ठ अधिकारी व्यवस्था पर कड़ी नजर रखेंगे। अधिकारियों के मुताबिक, रामलीला मैदान के खाली रहने पर उसमें करीब 45,000 से 50,000 लोग आ सकते हैं। हालांकि, कुर्सियां, घेराबंदी और निर्धारित रास्ते बनाए जाने के कारण पुलिस का अनुमान है कि 30,000 से 40,000 लोगों का जमावड़ा हो सकता है।

वहीं, 'इंडिया' गठबंधन के नेताओं ने रैली में 10 लाख तक लोगों के पहुंचने की उम्मीद जताई है। रैली को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित करने की अनुमति दी गई है। पुलिस ने आयोजकों से कहा है कि वे भीड़ को नियंत्रित करने, लोगों की आवाजाही को सुगम बनाने और पेयजल व्यवस्था के लिए वालंटियर्स को तैनात करें। भीड़ अधिक होने की स्थिति से निपटने के लिए मैदान के बाहर भी जगह रखी जाएगी।

कांग्रेस ने की बड़ी तैयारी

चुनावी सिस्टम में कथित अनियमितताओं के विरोध और सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित 'दिल्ली चलो' मार्च तथा रैली में शामिल होने के लिए विभिन्न राज्यों से विपक्षी दलों के नेता और समर्थक शनिवार को ही राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने लगे। रामलीला मैदान में मुख्य मंच के ऊपर विशाल तिरंगा शामियाना लगाया गया है। 'इंडिया' गठबंधन के घटक दलों के प्रतिनिधियों के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम के बीच विपक्ष मिंटो रोड से रामलीला मैदान तक मार्च निकालने की तैयारी में है, जिसके बाद रैली होगी।

ये भी पढ़ें- Petrol-Diesel Prices Today: 1 नवंबर को पेट्रोल-डीजल के नए रेट जारी! दिल्ली से मुंबई तक जानिए आपके शहर में आज क्या हैं दाम

रैली में विपक्षी दलों के अलावा छात्र संगठनों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों के भी बड़ी संख्या में शामिल होने की संभावना है। 'इंडिया' गठबंधन ने छात्रों, युवाओं, महिलाओं, श्रमिकों और नागरिक समाज के सदस्यों से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और कुछ छात्र संगठनों ने भी इस आंदोलन को समर्थन दिया है। विपक्षी गठबंधन का मार्च दोपहर 12 बजे मिंटो रोड-कनॉट प्लेस चौराहे से शुरू होगा और रामलीला मैदान पहुंचेगा। इसके बाद रामलीला मैदान में विपक्षी गठबंधन के नेता रैली को संबोधित करेंगे। विपक्षी नेताओं के कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास से बसों में सवार होकर मार्च के शुरुआती स्थल तक पहुंचने की संभावना है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।