India-Pakistan Ceasefire: सीजफायर के बाद पहली बार मिलेंगे भारत-पाकिस्तान के DGMO, इन मुद्दों पर होगी बात

India-Pakistan Ceasefire: भारतीय डीजीएमओ ने वायुसेना और नौसेना के अधिकारियों के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर और 7 मई के ऑपरेशन के बाद पाकिस्तान के हमलों पर भारत की जवाबी कार्रवाई की पूरी जानकारी दी। डीजीएमओ ने यह भी बताया कि पाकिस्तान के डीजीएमओ ने ही पहले हॉटलाइन पर बात करके सीजफायर की बात की थी। वहीं आज भारत और पाकिस्तान के डीजीएमओ दोपहर 12 बजे मिलने वाले है

अपडेटेड May 12, 2025 पर 10:01 AM
Story continues below Advertisement
आज भारत और पाकिस्तान के डीजीएमओ की होगी मुलाकात

शनिवार शाम भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर का ऐलान होने के कुछ घंटे बाद ही पाकिस्तान ने इसका उल्लंघन कर दिया। इससे सीमा पर फिर से तनाव बढ़ गया। पाकिस्तान की ओर से कुछ छोटे ड्रोन हमले हुए, जिनका भारतीय सेना ने तुरंत जवाब दिया। इसके बाद फिलहाल अभी सीमा पर शांति है। पाकिस्तान की ओर से आज सुबह कोई ड्रोन हमला नहीं किया गया। वहीं आज भारत के डीजीएमओ लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई और पाकिस्तान के डीजीएमओ मेजर जनरल काशिफ चौधरी दोपहर 12 बजे मिलने वाले है।

इस बैठक में 10 मई की शाम हुए सीजफायर पर बात होगी। इस समझौते के तहत पिछले चार दिनों से जारी सैन्य तनाव, सीमा पार ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद जमीन, हवा और समुद्र में सभी तरह की सैन्य कार्रवाई रोकने पर दोनों देश राजी हुए थे। बता दें भारतीय सेना ने साफ कर दिया है कि अगर पाकिस्तान ने फिर समझौते का उल्लंघन किया, तो इस बार और सख्त जवाब दिया जाएगा।

सेना ने दी ऑपरेशन सिंदूर की पूरी जानकारी


भारतीय डीजीएमओ ने वायुसेना और नौसेना के अधिकारियों के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर और 7 मई के ऑपरेशन के बाद पाकिस्तान के हमलों पर भारत की जवाबी कार्रवाई की पूरी जानकारी दी। सैन्य संचालन महानिदेशक (डीजीएमओ) ने पिछले चार दिनों की पूरी स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना ने कैसे सख्त कार्रवाई की, जिससे पाकिस्तान को सीजफायर की अपील करनी पड़ी। डीजीएमओ ने यह भी बताया कि पाकिस्तान के डीजीएमओ ने ही पहले हॉटलाइन पर बात करके सीजफायर की बात की थी।

कितने आतंकी मारे गए

इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने जानकारी दी कि, ऑपरेशन सिंदूर के बाद पिछले दिनों कुछ हवाई अड्डों और सैन्य डंपों पर पाकिस्तान की ओर से लगातार हवाई हमले किए गए, लेकिन भारतीय सुरक्षा बलों ने सभी हमलों को विफल कर दिया। सेना ने बताया कि, 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया और 100 से ज्यादा आतंकी ढेर हुए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि, 7 से 10 मई के बीच नियंत्रण रेखा (LoC) पर छोटे हथियारों से हुई गोलीबारी में पाकिस्तानी सेना के लगभग 35 से 40 जवान मारे गए हैं।

इस तरह हुआ सीजफायर

भारत और पाकिस्तान ने शनिवार को बढ़ते तनाव के बीच एक समझौता किया, जिसमें जमीन, समुद्र और आसमान में सभी तरह की सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बनी। दोपहर करीब 3:30 बजे पाकिस्तान के डीजीएमओ ने भारतीय डीजीएमओ को फोन कर तनाव कम करने की बात की। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि दोनों देशों ने फैसला किया कि भारतीय समयानुसार शाम 5 बजे से फायरिंग और सैन्य गतिविधियां पूरी तरह रोक दी जाएंगी। दोनों देशों की सेनाओं को इस समझौते का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

पीएम मोदी ने कहा- मिट्टी में मिला दो और फिर...भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' से हासिल किए तीन बड़े लक्ष्य

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।