Credit Cards

भारत ने पाकिस्तान के हर अटैक का दिया करारा जवाब, जानिए टकराव की पूरी टाइमलाइन

India-Pakistan Tension: 10 मई की रात पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन किया। श्रीनगर, जम्मू , पंजाब और राजस्थान के कई इलाकों में ड्रोन अटैक और भारी गोलीबारी हुई। भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बताया कि पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन कर दिया है

अपडेटेड May 11, 2025 पर 1:53 PM
Story continues below Advertisement
भारत-पाक के बीच सैन्य टकराव का यह दौर पहलगाम में आंतकी हमले के बाद शुरू हुआ

India-Pakistan Clash Timeline: भारत की सीमा पर करीब 100 घंटों तक भीषण गोलाबारी, ड्रोन और हवाई हमलों के बाद, शनिवार को भारत और पाकिस्तान के बीच 'सीजफायर समझौता' हो गया। हालांकि नई दिल्ली और इस्लामाबाद के बीच गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई बंद होने की घोषणा के कुछ समय बाद, सीमावर्ती क्षेत्रों में कई स्थानों पर पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी की सूचना मिली। भारतीय सेना ने भी इसका माकूल जवाब दिया।

पहलगाम पहले के बाद टकराव की हुई शुरुआत

भारत-पाक के बीच सैन्य टकराव का यह दौर करीब 20 दिन पहले शुरू हुआ था। दरअसल 22 अप्रैल को दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में 26 आम लोग मारे गए थे। इसी के बाद से दोनों देशों में तनाव है। भारत ने इसे पाकिस्तान प्रायोजित बताया है। हालांकि पड़ोसी देश ने इससे इनकार किया है। आइए आपको बताते हैं दोनों देशों के बीच हुए हालिया भीषण टकराव की पूरी टाइमलाइन।

22 अप्रैल- पहलगाम आतंकी हमला। आतंकवादियों ने जम्मू और कश्मीर के पहलगाम में एक बर्बर हमला किया, जिसमें 26 पर्यटक मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। आतंकियों ने लोगों से उनसे उनका धर्म पूछकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।

23 अप्रैल- भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ तत्काल कदम उठाते हुए सिंधु जल संधि को निलंबित कर दिया। भारत सरकार कई अन्य कूटनीतिक घोषणाओं को स्थगित कर दिया गया और वीजा रद्द कर दिए गए। इसके बाद पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा (LoC) पर युद्ध विराम का उल्लंघन शुरू कर दिया, जिससे सीमा पार तनाव बढ़ गया।

7 मई- भारतीय सेना ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत 6-7 मई की रात 1:04 बजे पाकिस्तान में आतंकवादी लॉन्चपैड पर सटीक हमला किया। इस हमले में आतंकी गतिविधियों को संचालित करने वाले कई ठिकानों तबाह कर दिया गया।


8 मई- पाकिस्तान ने ड्रोन और तोपखाने से हमला किया। 8 मई की रात को, इस्लामाबाद ने ड्रोन और भारी तोपखाने का उपयोग करके प्रमुख सीमावर्ती राज्यों में कई भारतीय ठिकानों को निशाना बनाया। भारत ने सभी हमलों को सफलतापूर्वक विफल कर दिया और मजबूत जवाबी हमलों के साथ जवाबी कार्रवाई की।

9 मई- भारत ने पाकिस्तानी वायु रक्षा प्रणाली पर हमला करके जवाबी कार्रवाई की। जवाबी कार्रवाई में भारतीय सशस्त्र बलों ने लाहौर में पाकिस्तान के HQ-9B वायु रक्षा प्रणाली को नष्ट कर दिया।

9 मई(रात)- पाकिस्तान का बड़ा हमला। पाकिस्तान ने पश्चिमी सीमा पर 26 स्थानों को निशाना बनाते हुए ड्रोन, लोइटरिंग म्यूनिशन और फतह मिसाइल का एक और हमला किया।

9 मई(देर रात)- भारत का जबरदस्त जवाबी हमला। भारतीय सेना ने सियालकोट, अंतर्राष्ट्रीय सीमा और कई LoC सेक्टरों सहित कई पाकिस्तानी ठिकानों पर सिलसिलेवार हमला किया।

10 मई(सुबह)- भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तानी हवाई ठिकानों पर हमला किया। भारतीय वायुसेना ने इस्लामाबाद सहित आठ प्रमुख पाकिस्तानी हवाई ठिकानों को निशाना बनाया। स्कार्दू, बोलारी और सरगोधा सहित 8 हवाई पट्टियों को नुकसान पहुंचाया।

10 मई(दोपहर)- महत्वपूर्ण कूटनीतिक हस्तक्षेप। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत और पाकिस्तान दोनों के प्रधानमंत्रियों और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों से बात की और संयम बरतने का आग्रह किया।

10 मई(देर दोपहर)- डीजीएमओ पाकिस्तान ने भारत से संपर्क किया। पाकिस्तानी डीजीएमओ ने सीधे सैन्य-स्तरीय संचार के लिए भारतीय पक्ष से संपर्क किया। दोनों के बीच सीजफायर को लेकर सहमति बनी।

10 मई(शाम)- भारतीय विदेश मंत्रालय ने युद्ध विराम की घोषणा। भारत ने सीधी बातचीत के बाद आधिकारिक तौर पर भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध विराम की घोषणा की।

10 मई(रात)- पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन किया। श्रीनगर, जम्मू , पंजाब और राजस्थान के कई इलाकों में ड्रोन अटैक और भारी गोलीबारी हुई। भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बताया कि पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन कर दिया है। भारतीय सेना जवाबी कार्यवाई कर रही है।

11 मई(सुबह)- सीमावर्ती क्षेत्रों में कोई नई ऐक्टिविटी देखने को नहीं मिली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर की सराहना की। ट्रंप ने कश्मीर के समाधान के लिए दोनों देशों के साथ मिलकर समाधान निकालने की बात कही।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।