Bird Flu Vaccine: 'आत्मनिर्भर भारत' की बड़ी छलांग: बर्ड फ्लू से लड़ने के लिए देश में बनी पहली स्वदेशी H5N1 वैक्सीन, मुर्गी पालन उद्योग को मिलेगी नई ताकत

H5N1 Bird Flu Vaccine: भारत ने बर्ड फ्लू से निपटने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। ICAR-NIHSAD भोपाल के वैज्ञानिकों ने देश की पहली स्वदेशी H5N1 बर्ड फ्लू वैक्सीन विकसित की है। यह वैक्सीन मुर्गियों को H5N1 वायरस के Clade 2.3.2.1a वेरिएंट से सुरक्षा देने के लिए बनाई गई है। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर 2026 को इसे राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह उपलब्धि 'आत्मनिर्भर भारत' और पोल्ट्री किसानों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है

अपडेटेड Nov 19, 2026 पर 8:54 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Bird Flu Vaccine: बर्ड फ्लू से लड़ने के लिए देश ने बनाई गई पहली स्वदेशी H5N1 वैक्सीन की लॉन्चिंग 20 नवंबर को है

H5N1 Bird Flu Vaccine: भारत ने पशु चिकित्सा विज्ञान और कृषि अनुसंधान के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। देश के वैज्ञानिकों ने बर्ड फ्लू जैसी गंभीर बीमारी से मुर्गियों को बचाने के लिए पहली स्वदेशी H5N1 वैक्सीन विकसित की है। यह उपलब्धि न केवल भारत की वैज्ञानिक आत्मनिर्भरता को मजबूत करेगी। बल्कि देश के करोड़ों लोगों की आजीविका से जुड़े पोल्ट्री उद्योग के लिए भी राहत की नई उम्मीद लेकर आई है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि H5N1 बर्ड फ्लू वैक्सीन 'आत्मनिर्भर भारत' के साथ किसान सुरक्षा और देश की जैविक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी पहल है।

इस वैक्सीन को भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (ICAR-NIHSAD) के वैज्ञानिकों ने विकसित किया है। यह निष्क्रिय (Inactivated) H5N1 वैक्सीन है, जिसे विशेष रूप से बर्ड फ्लू के H5N1 वायरस के Clade 2.3.2.1a वेरिएंट्स के खिलाफ मुर्गियों को सुरक्षा देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।

शिवराज सिंह चौहान कल करेंगे लॉन्च


केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान कल यानी 20 नवंबर 2026 को भोपाल स्थित ICAR-NIHSAD में इस वैक्सीन को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस स्वदेशी वैक्सीन को भारत की वैज्ञानिक क्षमता और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, "प्रिय बहनों और भाइयों, एक खुशखबरी आपको दे रहा हूं। बर्ड फ्लू एक ऐसी बीमारी है, जो यदि फैल जाए तो भारी नुकसान करती है। बड़ी संख्या में मुर्गियाँ तो मारी जाती ही हैं, लेकिन मुर्गियों से इंसानों में भी इस बीमारी के फैलने का खतरा रहता है और अब तक 500 बार बर्ड फ्लू का प्रकोप हमारे देश में हो चुका है। लेकिन अब डरने की बात नहीं है।"

उन्होंने आगे कहा, "भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के निसाद संस्थान ने एक ऐसी स्वदेशी वैक्सीन बना ली है, जो मुर्गियों को अगर लग गई तो बर्ड फ्लू रोग से वे बच पाएंगी और केवल मुर्गियां नहीं बचेंगी, मुर्गियों के बचने के साथ-साथ इंसानों में भी यह बीमारी नहीं फैलेगी और जो इस महामारी के कारण नुकसान होता है, उस नुकसान से बचा जा सकेगा। 20 नवंबर को यह पूर्णतः स्वदेशी वैक्सीन, जो प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से बनी है, देश को समर्पित की जा रही है।"

बर्ड फ्लू से किसानों को होता है भारी नुकसान

बर्ड फ्लू यानी हाईली पैथोजेनिक एवियन इन्फ्लुएंजा (HPAI) मुर्गियों और अन्य पक्षियों को प्रभावित करने वाली गंभीर संक्रामक बीमारी है। इसके संक्रमण से प्रभावित पक्षियों में मृत्यु दर लगभग 100 फीसदी तक पहुंच सकती है। बीमारी फैलने पर संक्रमण रोकने के लिए बड़े पैमाने पर पक्षियों को मारना पड़ता है। इसके अलावा पोल्ट्री उत्पादों के व्यापार पर बैन और बाजार में मांग प्रभावित होने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।

भारत में साल 2006 में पहली बार बर्ड फ्लू का मामला सामने आया था। इसके बाद H5N1 और H5N8 वायरस के 500 से अधिक संयुक्त प्रकोप दर्ज किए जा चुके हैं। वर्ष 2006 के प्रकोप से देश को लगभग 2,200 से 3,000 करोड़ रुपये तक के प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष नुकसान का अनुमान लगाया गया था।

स्वदेशी वैक्सीन क्यों है इतनी महत्वपूर्ण?

अब तक भारत में H5N1 वायरस के Clade 2.3.2.1a स्वरूप के खिलाफ कोई विशिष्ट व्यावसायिक वैक्सीन उपलब्ध नहीं थी। ऐसे में ICAR-NIHSAD के वैज्ञानिकों द्वारा विकसित यह वैक्सीन देश की जरूरतों के अनुरूप एक महत्वपूर्ण वैज्ञानिक समाधान है। इसका उद्देश्य मुर्गियों को इस वायरस से सुरक्षा प्रदान करना और पोल्ट्री क्षेत्र में संक्रमण के प्रसार को नियंत्रित करने में मदद करना है। मुर्गियों में संक्रमण नियंत्रित होने से दूसरे पशुओं और इंसानों तक संक्रमण पहुंचने का जोखिम कम करने में भी सहायता मिल सकती है। हालांकि, यह वैक्सीन मुर्गियों के लिए विकसित की गई है, इंसानों के लिए नहीं। साथ ही, इसके व्यापक इस्तेमाल और उपलब्धता से जुड़ी विस्तृत जानकारी अलग से सामने आनी बाकी है।

'आत्मनिर्भर भारत' की दिशा में बड़ी कामयाबी

भारत लंबे समय से कृषि, पशुपालन और पशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में स्वदेशी तकनीक विकसित करने की दिशा में काम कर रहा है। बर्ड फ्लू जैसी चुनौतीपूर्ण बीमारी के खिलाफ देश में ही वैक्सीन विकसित होना इस प्रयास की बड़ी सफलता है।

ये भी पढ़ें- कल का मौसम 20 नवंबर: चक्रवाती तूफान 'अकवान' का कहर! इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 110 KM की रफ्तार से चलेंगी तूफानी हवाएं

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।