India Heavy Rain Alert: इन 17 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट! अगले 5 दिन भारी, दिल्ली से यूपी तक ऐसा रहेगा मौसम

India Heavy Rain Alert: मौसम विभाग (IMD) ने देश के 17 से अधिक राज्यों में भारी से बहुत भारी और अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक, अगले 5 दिन देश के कई हिस्सों के लिए बेहद भारी रहने वाले हैं। इस बीच उत्तर प्रदेश और इसके आसपास के इलाकों में अगले 2 दिनों तक भीषण लू का प्रकोप भी देखने को मिलेगा

अपडेटेड Jun 29, 2026 पर 3:51 PM
India Heavy Rain Alert: मौसम विभाग ने देश के कम से कम 17 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है

India Weather Update: देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसकी वजह से कई राज्यों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के 17 से अधिक राज्यों में भारी से बहुत भारी और अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 5 दिन देश के कई हिस्सों के लिए बेहद भारी रहने वाले हैं। इस बीच उत्तर प्रदेश और इसके आसपास के इलाकों में अगले 2 दिनों तक भीषण लू का प्रकोप भी देखने को मिलेगा।

मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, मानसून की उत्तरी सीमा (NLM) फिलहाल सूरत, इंदौर, मांडला, डालटनगंज और मोतिहारी से होकर गुजर रही है। अगले 2 दिनों में इसके गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। इसके बाद के 2-3 दिनों में यह हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और गुजरात के बचे हुए हिस्सों में भी दस्तक दे देगा।

इन राज्यों में बेहद भारी बारिश की चेतावनी


मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम में 7 से 20 सेंटीमीटर तक भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है:-

उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम: यहां कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ आज एक्स्ट्री भारी बारिश होने की संभावना है। 30 जून को भी यहां बहुत भारी बारिश का अलर्ट है।

असम और मेघालय: इन राज्यों में 29 और 30 जून को अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है।

अरुणाचल प्रदेश: यहां आज (29 जून) कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

कोंकण व गोवा और मध्य महाराष्ट्र: कोंकण व गोवा में आज (29 जून) और 2 व 3 जुलाई को कई स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। वहीं मध्य महाराष्ट्र में 2 और 3 जुलाई को अत्यंत भारी बारिश का अनुमान है।

दिल्ली-एनसीआर से यूपी तक: अगले 5 दिनों के मौसम का हाल

उत्तर-पश्चिम भारत में 2 जुलाई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिससे मैदानी इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी।

दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब: इन क्षेत्रों में 29 जून से 1 जुलाई तक छिटपुट बारिश होगी, लेकिन 2 से 4 जुलाई के बीच काफी व्यापक से लेकर मूसलाधार बारिश होने का अनुमान है। दिल्ली-एनसीआर और पंजाब में 1 से 3 जुलाई के बीच भारी बारिश हो सकती है।

उत्तर प्रदेश: पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 30 जून से 22 जुलाई के बीच और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 29 जून से 2 जुलाई के बीच भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान 40-50 किमी/घंटे की रफ़्तार से तेज हवाएं और आंधी चलने का भी अलर्ट है।

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश: उत्तराखंड में 29 जून से 5 जुलाई तक लगातार व्यापक बारिश होगी, जिसमें 1 और 2 जुलाई को बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। हिमाचल प्रदेश में 2 और 3 जुलाई को बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

राजस्थान: पूर्वी राजस्थान में आज (29 जून) 50-60 किमी/घंटे की रफ़्तार से थंडरस्कॉल चलने का अनुमान है। 2 से 5 जुलाई के बीच यहां भारी बारिश होगी। पश्चिमी राजस्थान में 2 से 5 जुलाई के बीच धूलभरी आंधी चलने की आशंका है।

मध्य, पूर्वी और दक्षिण भारत में भारी बारिश का पूर्वानुमान

मध्य भारत (मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ)

मध्य प्रदेश (पूर्वी और पश्चिमी) में 1 से 5 जुलाई के बीच व्यापक बारिश होगी। 2 से 4 जुलाई के बीच बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। छत्तीसगढ़ में 29 जून से 5-जुलाई तक और विदर्भ में 29 जून से 2 जुलाई तक भारी बारिश होगी। विदर्भ में 3 और 4 जुलाई को बहुत भारी बारिश की संभावना है।

पूर्वी भारत (बिहार, ओड़िशा और झारखंड)

बिहार में 29 जून से 1 जुलाई के बीच भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। ओडिशा में 1 से 4 जुलाई के बीच बहुत भारी बारिश हो सकती है। झारखंड में 30 जून और 1 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट है।

दक्षिण भारत (कर्नाटक, केरल और तेलंगाना)

तटीय कर्नाटक में 30 जून से 5 जुलाई के बीच अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। केरल और माहे में 29 और 30 जून को भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। तेलंगाना में 29 जून से 5 जुलाई तक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 3 से 5 जुलाई के बीच बहुत भारी बारिश की संभावना है।

तापमान में गिरावट और लू का अलर्ट

पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में और 29-30 जून के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़ व दिल्ली में अलग-अलग पॉकेट्स में लू की स्थिति बनी रहेगी। मानसून और बारिश के आगे बढ़ने के साथ ही उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकतम तापमान में 4 जुलाई तक 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक गिरावट आएगी। महाराष्ट्र में 3 जुलाई तक तापमान 3-4 डिग्री गिरेगा, जबकि मध्य प्रदेश में 2 जुलाई के बाद और गुजरात में 1 जुलाई के बाद पारा 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ जाएगा।

ये भी पढ़ें- Europe Heatwave Explainer: पिघलती सड़कें, 1300 से अधिक मौतें! यूरोप में 40°C पार टेंप्रेचर ने कैसे मचा दिया हाहाकार?

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।