India-Pakistan Conflict : भारत पाकिस्तान तनाव बढ़ने से फ्लाइट्स पर क्या असर पड़ रहा है। एयरपोर्ट्स और एविएशन मिनिस्ट्री की तरफ से क्या एडवाइजरी जारी की गई हैं। इस पर पूरी जानकारी के साथ है सीएनबीसी-आवाज़ के रोहन सिंह ने बताया कि उत्तर-पश्चिम भारत के कई अहम एयरपोर्ट्स बंद हैं।
देश भर में 24 एयरपोर्ट्स 10 मई तक बंद रहेंगे।
BCAS यानी ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटीज ने सुरक्षा बढ़ा दी है। BCAS ने सभी फ्लाइट्स के लिए SLPC ( Secondary ladder point check) अनिवार्य कर दिया है। इसके तहत बोर्डिंग से पहले यात्रियों की दोबारा तलाशी और हैंड बैग चेक होंगे। ड्रोन, एयर एम्बुलेंस, नॉन-शेड्यूल्ड फ्लाइट पर निगरानी बढ़ेगी। स्ट्रैटेजिक तरीके से एयर मार्शल्स की तैनाती भी की जाएगी।
एयरलाइंस की एडवाइजरी जारी
स्पाइसजेट, एयर इंडिया और इंडिगो ने समय से पहले पहुंचने को कहा है। यात्रियों को फ्लाइट से कम से कम 3 घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचने की राय दी जा रही है। चेक-इन की प्रक्रिया फ्लाइट डिपार्चर से 75 मिनट पहले बंद किए जाने को कहा गया है।
दिल्ली एयरपोर्ट में ऑपरेशन सामान्य है। लेकिन जांच में देरी संभव है। यात्रियों को सिर्फ आधिकारिक सोर्स से जानकारी लेने की सलाह दी जा रही है। मुंबई एयरपोर्ट ने भी समय से पहले पहुंचने की एडवाइजरी जारी की है।
टूरिज्म, ट्रेवल और एविएशन पर दबाव
गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव का सीधा असर टूरिज्म, ट्रेवल और एविएशन सेक्टर पर पड़ रहा है। इसकी वजह से इन सेक्टर से शेयर में जबरदस्त बिकवाली का दवाब बना हुआ है। एक तरफ जहां राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने नागरिकों से पाकिस्तान छोड़ने को कहा है तो वहीं दूसरी तरफ इस तनाव के चलते दोनों देशों ने अब तक फ्लाइट्स को रद्द कर दिया हैं।
पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपना एयर स्पेस बंद करने का एलान किया है। इसके जवाब में भारत ने भी पाकिस्तान के लिए अपना एयर स्पेस बंद कर दिया है। पाकिस्तान के इस कदम से भी एविएशन सेक्टर को करोड़ों रुपये का रोजाना नुकसान हो रहा है।