Muling La Project: चीन के साथ जारी सीमा विवाद के बीच भारत सरकार ने उत्तराखंड सेक्टर में एक बेहद चुनौतीपूर्ण और रणनीतिक सड़क परियोजना को हरी झंडी दे दी है। सीमा सड़क संगठन (BRO) उत्तराखंड के नीलापानी से 'मूलिंग ला' (Muling La) तक 32 किलोमीटर लंबी हाई-एल्टीट्यूड सड़क बनाने जा रहा है। यह सड़क भारत-तिब्बत सीमा पर 16,134 फीट की ऊंचाई तक पहुंचेगी। करीब 104 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना भारत की उस नई 'हिमालयन डॉक्ट्रिन' का हिस्सा है, जिसके तहत चीन सीमा पर बुनियादी ढांचे को अभेद्य बनाया जा रहा है।
5 दिन का सफर अब घंटों में, क्यों खास है यह सड़क?
फिलहाल मूलिंग ला बेस तक पहुंचने के लिए भारतीय जवानों को बेहद दुर्गम रास्तों पर 5 दिनों तक पैदल ट्रेकिंग करनी पड़ती है। रसद, ईंधन और सैन्य उपकरण खच्चरों या पोर्टर्स के जरिए ले जाए जाते हैं। सर्दियों में भारी बर्फबारी के कारण यह इलाका पूरी तरह कट जाता है, जिससे सेना को हवाई मदद पर निर्भर रहना पड़ता है। नई ऑल-वेदर रोड बनने के बाद, सैनिकों और भारी हथियारों की तैनाती का समय 5 दिन से घटकर महज कुछ घंटों का रह जाएगा। इससे चीन की किसी भी हिमाकत का जवाब देने में भारतीय सेना की रफ्तार कई गुना बढ़ जाएगी।
चीन की चुनौती के बीच बदलती भारत की रणनीति
1962 के युद्ध के बाद दशकों तक भारत ने सीमा के करीब सड़क बनाने से परहेज किया था, लेकिन 2020 के लद्दाख गतिरोध ने इस सोच को पूरी तरह बदल दिया है। तिब्बत में चीन के रेल और सड़क जाल को देखते हुए भारत अब उत्तराखंड जैसे संवेदनशील राज्यों में 'लास्ट-माइल कनेक्टिविटी' पर जोर दे रहा है। रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि बेहतर सड़कों से तनाव नहीं बढ़ता, बल्कि यह दुश्मन को स्पष्ट संदेश देता है कि भारत किसी भी स्थिति से निपटने के लिए हर पल तैयार है।
हिमालय की दुर्गम चोटियों पर इंजीनियरिंग का कमाल
16,000 फीट से ज्यादा की ऊंचाई पर सड़क बनाना BRO के इंजीनियरों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। इस प्रोजेक्ट के लिए विशेषज्ञों की सलाह ली जा रही है ताकि हिमस्खलन और भूस्खलन जैसी आपदाओं से सड़क को सुरक्षित रखा जा सके। यह सड़क केवल मिट्टी का रास्ता नहीं, बल्कि एक स्थायी सामरिक संपत्ति होगी, जिसमें ढलानों को स्थिर करने और टिकाऊ निर्माण के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा।