India-Pakistan Military Power: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान में तनाव बढ़ता जा रहा है। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम शहर के पास 22 अप्रैल को एक प्रमुख पर्यटक स्थल पर आतंकवादियों ने हमला किया था, जिसमें 26 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। इनमें ज्यादातर पर्यटक थे। इस हमले को 2019 में पुलवामा हमले के बाद घाटी में सबसे घातक हमला कहा जा रहा है, जिसमें 40 सुरक्षाकर्मी मारे गए थे। पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा की शाखा द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमले की जिम्मेदारी ली है।
हालांकि, पाकिस्तान ने दावा किया है कि इस घटना से उसका कोई लेना-देना नहीं है। ग्लोबल फायरपावर इंडेक्स 2025 (Global Firepower Index 2025) के अनुसार, दुनिया की सबसे शक्तिशाली सेनाओं की लिस्ट में भारत चौथे स्थान पर है। जबकि पाकिस्तान 9वें से 12वें स्थान पर खिसक गया है।
भारत-पाकिस्तान का रक्षा बजट
चीन के बाद भारत दुनिया का दूसरा सबसे अधिक आबादी वाला देश है। जबकि पाकिस्तान पांचवें नंबर पर है। 2025-26 के लिए भारत का रक्षा बजट 6.8 लाख करोड़ रुपये ($79 बिलियन) निर्धारित किया गया है। यह पिछले वित्तीय साल के बजट अनुमानों से 9.5 फीसदी अधिक है। रिपोर्टों के अनुसार, पाकिस्तान को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए अपने रक्षा बजट में 159 अरब रुपये की वृद्धि करने की उम्मीद है, जिससे कुल उसका आवंटन 2,281 अरब रुपये हो जाएगा।
सैनिकों के मामले में भारत 1,455,550 सक्रिय जवानों के साथ विश्व स्तर पर दूसरे स्थान पर है। इसके अलावा, भारत के पास 1,155,000 सैनिकों का रिजर्ब बल है। इस बीच, पाकिस्तानी सेना में 654,000 सैनिक हैं। भारत के पास 2,527,000 अर्धसैनिक बल हैं। जबकि पाकिस्तान के पास 500,000 अर्धसैनिक बल हैं।
भारत के पास 4,201 टैंक हैं। जबकि पाकिस्तान के पास 2,627 हैं। इंडिया इंडिया के पास T-90 भीष्म और अर्जुन टैंक, ब्रह्मोस मिसाइल और पिनाका रॉकेट सिस्टम जैसी हाई टेक टैंक भी हैं। भारत के पास 148, 594 बख्तरबंद वाहन हैं, जो पाकिस्तान से तीन गुना अधिक हैं। सेल्फ प्रोपेल्ड आर्टिलरी सिस्टम की संख्या में भी भारत पड़ोसी देश से अधिक है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि पाकिस्तान के पास 328 लड़ाकू जेट सहित कुल 1,399 विमान हैं। वहीं, भारत के पास 513 जेट के साथ 2,229 एयरक्राफ्ट हैं। हिंदुस्तान के पास 6 हवाई टैंकर हैं, जबकि पाकिस्तान के पास 4 हैं। हेलीकॉप्टरों के मामले में भारत के पास 899, जबकि पाकिस्तान के पास 373 हैं।
भारत की एक लंबी समुद्री सीमा है। आर्थिक हो या सुरक्षा भारत का प्रभाव बंगाल की खाड़ी, अरब सागर और हिंद महासागर तक में है। वहीं, पाकिस्तान की समुद्री सीमा केवल अरब सागर के साथ है। भारत के पास पाकिस्तान की तुलना में बहुत मजबूत और बड़ी नौसेना है।
भारत के पास INS विक्रमादित्य और INS विक्रांत जैसे विध्वंसक हैं। इसके अलावा भारत के पास 18 पनडुब्बियां हैं। जबकि पड़ोसी देश के पास सिर्फ 8 हैं। पाकिस्तान के पास भी कोई विध्वंसक नहीं है। इस बीच, पाकिस्तान के पास कोई भी विमानवाहक पोत भी नहीं है।
सेना प्रमुख कश्मीर का करेंगे दौरा
पहलगाम आतंकवादी हमले के मद्देनजर सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति की व्यापक समीक्षा करने के लिए शुक्रवार 25 अप्रैल को श्रीनगर का दौरा करेंगे। सैन्य सूत्रों ने बताया कि शीर्ष सैन्य कमांडर सुरक्षा संबंधी विभिन्न पहलुओं पर जनरल द्विवेदी को जानकारी देंगे।
यह अभी स्पष्ट नहीं है कि सेना प्रमुख पहलगाम जाएंगे या नहीं। भारत ने पहलगाम आतंकवादी हमले के मद्देनजर बुधवार को पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए उसके साथ राजनयिक संबंधों में व्यापक कटौती करने, 1960 की सिंधु जल संधि स्थगित करने और अटारी चौकी को बंद किए जाने समेत कई बड़े फैसले किए।