हवा में था विमान...अचानक निकलने लगा धुआं, दिल्ली से चेन्नई जा रही IndiGo फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग

दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 6115 को एक यात्री के पावर बैंक से धुआं निकलने के बाद सुरक्षा कारणों की वजह से हैदराबाद डायवर्ट किया गया। 11 अक्टूबर को हुई इस घटना के बाद विमान को राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया

अपडेटेड Oct 11, 2026 पर 7:53 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
विमान के हैदराबाद उतरते ही सुरक्षा टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया

दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट को हैदराबाद में इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी। विमान के अंदर एक यात्री के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से अचानक धुआं निकलने लगा था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक ये डिवाइस पावर बैंक था। धुआं निकलता देख यात्रियों ने क्रू को इसकी खबर दी। इसके बाद सुरक्षा को देखते हुए फ्लाइट को हैदराबाद के लिए डायवर्ट कर दिया गया। घटना के बाद इंडिगो की फ्लाइट को हैदराबाद के शमशाबाद स्थित राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया। ये घटना 11 अक्टूबर को इंडिगो की 6E 6115 फ्लाइट में हुआ।

विमान के हैदराबाद उतरते ही सुरक्षा टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं, इंडिगो यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए अगली फ्लाइट में सीट की व्यवस्था की है। बता दें, इंडिगो की फ्लाइट 6E 6115 को 11 अक्टूबर 2026 को दोपहर 1:10 बजे दिल्ली से उड़ान भरनी थी, लेकिन फ्लाइट 1:30 बजे रवाना हुई। डायवर्ट होने से पहले इसके शाम 4 बजे चेन्नई पहुंचने का समय तय था।

हैदराबाद किया गया डायवर्ट


इंडिगो ने बताया कि, दिल्ली से चेन्नई जा रही फ्लाइट 6E 6115 को हैदराबाद के लिए डायवर्ट किया गया। एयरलाइन के अनुसार, विमान में एक यात्री के पर्सनल इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से धुआं निकलने के बाद यह फैसला लिया गया। इसके बाद फ्लाइट को सुरक्षित तरीके से हैदराबाद उतारा गया। घटना के तुरंत बाद केबिन क्रू ने जरूरी कदम उठाए और स्थिति को काबू में कर लिया। इसके बाद विमान ने हैदराबाद एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की।

पावर बैंक में लगी आग

एयरलाइन ने कहा, "11 अक्टूबर 2026 को दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 6115 को एक यात्री के पर्सनल इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से धुआं निकलने के बाद हैदराबाद डायवर्ट किया गया।" बताया जा रहा कि विमान के अंदर धुआं निकलने की घटना एक पावर बैंक से जुड़ी थी। केबिन में धुआं फैलने के बाद यात्रियों के बीच चिंता का माहौल बन गया और एयरपोर्ट पर आपातकालीन मदद की जरूरत पड़ी। हालांकि, विमान के हैदराबाद में उतरने के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

फ्लाइट का कराया गया इंतजाम

फ्लाइट डायवर्ट होने के बाद इंडिगो ने यात्रियों को चेन्नई पहुंचाने के लिए जरूरी इंतजाम शुरू कर दिए। एयरपोर्ट अधिकारी के मुताबिक, यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने के लिए अगली उपलब्ध फ्लाइट में सीट दिलाई जाएगी। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों की परेशानी कम करने के लिए उन्हें रिफ्रेशमेंट दिया जा रहा है और आगे की यात्रा से जुड़ी व्यवस्था की जा रही है। साथ ही, यात्रियों को स्थिति के बारे में समय-समय पर जानकारी भी दी जा रही है। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, विमान ने हैदराबाद में सुरक्षित लैंडिंग की और सभी यात्रियों को बिना किसी चोट के बाहर निकाल लिया गया।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।