Indigo Flight Emergency Landing: इंडिगो की एक फ्लाइट को पक्षी से टकराने के कारण इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। यह फ्लाइट सोमवार दोपहर को पटना से रांची आ रही थी। विमान में 175 यात्री सवार थे, जो सभी सुरक्षित हैं। घटना के समय विमान लगभग 3,000 से 4,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ान भर रहा था।
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची के निदेशक आर. आर. मौर्य ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि, "विमान रांची से लगभग 10 से 12 नौटिकल मील दूर था जब यह एक गिद्ध से टकरा गया। इसके बाद पायलट ने एहतियातन इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला किया।"
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि विमान को नुकसान पहुंचा है और उसके ढांचे पर डेंट आया है। फिलहाल इंजीनियरिंग टीम नुकसान का आकलन कर रही है।
कोलकाता जाने वाला था विमान
घटना दोपहर 1:14 बजे की है। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, यह विमान रांची पहुंचने के बाद कोलकाता जाने वाला था, लेकिन फिलहाल इसे सेवा से बाहर कर जांच की जा रही है।
इंडिगो और एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्परता से कदम उठाए। सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी को कोई शारीरिक नुकसान नहीं हुआ है।
तेज आंधी के चलते टली थी लैंडिंग
इससे पहले रविवार (1 जून) को रायपुर से दिल्ली आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 6313 को खराब मौसम के कारण समय पर लैंड नहीं कर पाई थी। फ्लाइट जब दिल्ली एयरपोर्ट के पास पहुंची, उसी वक्त राजधानी में अचानक तेज धूल भरी आंधी शुरू हो गई।
जानकारी के अनुसार, हवा की रफ्तार करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई थी। ऐसे हालात में पायलट को लैंडिंग से ठीक पहले निर्णय लेना पड़ा कि विमान को सुरक्षित रखने के लिए उसे लैंड नहीं कराया जाए। मौसम सामान्य होने तक फ्लाइट को होल्डिंग पैटर्न में रखा गया।