Hyderabad : आंध्र प्रदेश के तिरुपति से तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट में अचानक तकनीकी खराबी आने से विमान लगभग 40 मिनट तक आसमान में ही मंडराता रहा। जिसके बाद प्लेन की तिरुपति में ही इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई। इस तकनीकी खराबी के चलते विमान में मौजूद यात्री भी बुरी तरह से घबरा गए थे। हालांकि, प्लेन के सुरक्षित लैंडिग के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
बात दें कि रविवार शाम 7:42 बजे तिरुपति एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली इंडिगो की A321neo एयरबस फ्लाइट को उड़ान के लगभग 40 मिनट बाद वापस तिरुपति एयरपोर्ट पर लैंड कराना पड़ा। एयर ट्रैफिक ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के मुताबिक, फ्लाइट ने 8:34 बजे तिरुपति में दोबारा लैंडिंग की।
40 मिनट तक हवा में मंडराती रही फ्लाइट
Flightradar24 के अनुसार, फ्लाइट तिरुपति के वेंकेटनगरी तक गई और फिर वहां से यू-टर्न ले लिया। इसके बाद फ्लाइट 40 मिनट तक हवा में ही मंडराती रही और फिर विमान की एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग करवाई गई।
इंडिगो की ऑफिशियल वेबसाइट के अनुसार, विमान तिरुपति एयरपोर्ट से शाम 7:20 पर उड़ी और 8:30 बजे हैदराबाद पहुंच गई। इस घटना के बाद तिरुपति से हैदराबाद जाने वाली आखिरी उड़ान को रद्द कर दिया गया। जिससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई।
उड़ान रद होने के बाद यात्रियों का गुस्सा भी फूट पड़ा। सोशल मीडिया पर इसके कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें देखा जा सकता है कि गुस्साए यात्री एयरलाइन स्टाफ से बहस कर रहे हैं और जवाब मांग रहे हैं।