राजस्थान के जयपुर से घरेलू हिंसा और प्रताड़ना का एक ऐसा खौफनाक मामला सामने आया है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। एक हंसते-खेलते परिवार की गृहणी और दो मासूमों की मां ने पति के रोज-रोज के जुल्मों से तंग आकर आत्महत्या कर ली। इस खौफनाक कदम को उठाने से पहले महिला के साथ घर के अंदर क्या-क्या दरिंदगी होती थी, यह सब घर में ही लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया है। फुटेज में घरेलू हिंसा का जो रूप दिखा है, वह बेहद विचलित करने वाला है।
मृतका अनु की शादी साल 2015 में लोक निर्माण विभाग (PWD) में एक्जीक्यूटिव इंजीनियर गौतम मीणा के साथ हुई थी। दोनों के दो मासूम बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) हैं। अनु के परिवार का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही गौतम शराब के नशे में अनु को बुरी तरह प्रताड़ित करने लगा था।
मौत से पहले सामने आए एक क्लिप में दिख रहा है कि अनु जमीन पर बैठी रो रही है और उसका पति गुस्से में हाथ बांधे उस पर चिल्ला रहा है। देखते ही देखते वह अनु के बाल पकड़कर उसका सिर जमीन पर दे मारता है। पास ही उनका मासूम बेटा बेबस खड़ा यह सब देख रहा है।
एक और फुटेज में गुस्से से पागल पति लिविंग रूम में दौड़ता हुआ आता है और दीवार पर लगी फ्लैट स्क्रीन टीवी पर मुक्का मारकर उसे तोड़ देता है।
वीडियो में बेबस अनु अपने बेटे के सामने जमीन पर घिसटती हुई खुद को बचाने की कोशिश कर रही है, लेकिन पति लगातार उस पर झपट रहा है।
"पापा रोज मम्मी को मारते थे..." – मासूम बच्चों की दर्दभरी दास्तां
अनु की मासूम बेटी ने रोते हुए बताया, "पापा हमेशा रात को शराब पीकर घर आते थे। मम्मी एकदम शांत रहती थीं, फिर भी पापा उन्हें बहुत मारते थे। मैंने पापा को कई बार मम्मी को पीटते देखा, लेकिन डर के मारे मैं अपने भाई को भी कुछ नहीं बता पाती थी।"
वहीं उनके 10 साल के बेटे ने बताया कि पापा की मारपीट की वजह से मम्मी का ब्लड प्रेशर (BP) अचानक गिर जाता था। मासूम ने कहा, "मम्मी ने मुझसे कहा था कि जब भी मेरा बीपी कम हो, मुझे नमक-पानी दे देना। एक दिन जब मैं मम्मी को पानी देने गया, तो पापा ने मुझे रोक दिया और उल्टा मम्मी पर ही चिल्लाने लगे।"
अनु के भाई ने बताया कि वे लोग काफी समय से अनु को लेकर चिंता में थे। अनु ने कई बार फोन पर अपनी पिटाई की बात बताई थी। भाई ने कहा, "एक रात वह डरकर बच्चों के साथ हमारे घर भाग आई थी और दो-तीन दिन रुकी थी। वह (गौतम) उसे बहुत प्रताड़ित करता था, खुद शराब पीता था और सारा दोष अनु पर मढ़ देता था।"
पति को वीडियो कॉल कर दी जान
रोज-रोज के इस नरक से तंग आकर अनु ने पिछले महीने 7 अप्रैल को एक आत्मघाती कदम उठा लिया। जान देने से ठीक पहले अनु ने अपने पति को वीडियो कॉल किया ताकि वह उसे लाइव देख सके। इसके बाद उसने फांसी लगा ली। फौरन आस-पड़ोस के लोग घर की तरफ भागे और अनु को अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
मायके वालों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ घरेलू हिंसा और प्रताड़ना का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की सारी फुटेज और रिकॉर्डिंग को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की गहनता से जांच कर रही है। इन मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ चुका है और पिता जेल जाने की कगार पर है।