Jammu Kashmir Cloudburst: किश्तवाड़ के चिशोती में बदल फटने से 32 लोगों की मौत, 120 घायल, अब भी कई फंसे

Kishtwar Cloudburst: अब तक 98 लोगों को बचा लिया गया है। इनमें से 28 की हालत गंभीर बताई जा रही है। चशोती मचैल माता यात्रा का शुरुआती प्वाइंट है और किश्तवाड़ में माता चंडी के हिमालयी मंदिर के रास्ते में इस गांव तक ही गाड़ी भी जाती हैं। अधिकारियों ने बताया कि अचानक आई बाढ़ के बाद सालाना यात्रा स्थगित कर दी गई है

अपडेटेड Aug 14, 2025 पर 6:14 PM
Jammu Kashmir Cloudburst: किश्तवाड़ के चिशोती में बदल फटने से 32 लोगों की मौत

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के चशोती गांव में आज दोपहर बादल फटने से अचानक आई बाढ़ में कम से कम 32 लोगों की मौत हो गई है। बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं और तस्वीरों में तीर्थयात्रियों को बाहर निकालते हुए दिखाया गया है। किश्तवाड़ पुलिस कंट्रोल रूम के अधिकारियों के अनुसार, 32 शव बरामद किए गए हैं और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, अब तक 98 लोगों को बचा लिया गया है। इनमें से 28 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

चशोती मचैल माता यात्रा का शुरुआती प्वाइंट है और किश्तवाड़ में माता चंडी के हिमालयी मंदिर के रास्ते में इस गांव तक ही गाड़ी भी जाती हैं। अधिकारियों ने बताया कि अचानक आई बाढ़ के बाद सालाना यात्रा स्थगित कर दी गई है।

किश्तवाड़ के डिप्टी कमिश्नर पंकज शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नरेश सिंह के साथ बादल फटने से प्रभावित इलाके का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "किश्तवाड़ के चशोती इलाके में अचानक बाढ़ आ गई है, जो मचैल माता यात्रा का स्टार्टिंग प्वाइंट है। बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है।"


NDRF अपने उधमपुर बेस से आधुनिक उपकरणों से लैस 180 सदस्यों को पहले ही बादल फटने से प्रभावित इलाकों में भेज चुका है।

त्रासदी को देखते हुए, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों और शाम को अपने आवास पर होने वाली चाय पार्टी को रद्द कर दिया है।

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर से सांसद और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर विधानसभा में विपक्ष के नेता और स्थानीय विधायक सुनील कुमार शर्मा की ओर से बादल फटने की घटना के बारे में जानकारी दिए जाने के बाद उन्होंने शर्मा से बात की है।

उन्होंने न्यूज एजेंसी ANI को बताया, "बादल फटने की घटना बहुत बड़े पैमाने पर हुई है, जिससे बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने की आशंका है। हमने तुरंत जिला अधिकारियों से संपर्क किया, जो खुद इस घटना से हैरान और परेशान थे। उन्होंने घटनास्थल की ओर पहुंचना शुरू कर दिया है। बहुत जल्द, हमें और जानकारी मिल जाएगी। हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। प्रशासन चिकित्सा उपचार के लिए हेली-रेस्क्यू की भी व्यवस्था करेगा।"

मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि वह जिला प्रशासन के संपर्क में हैं और सभी राहत उपाय किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा, "किश्तवाड़ में बादल फटने की दुखद घटना पर मुख्यमंत्री ने गहरा दुख व्यक्त किया है और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री कार्यालय जिला प्रशासन के संपर्क में है और राहत एवं बचाव के सभी उपाय किए जा रहे हैं।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।