जम्मू कश्मीर में बादल फटने से 38 की मौत, PM मोदी ने दिया हर संभव मदद का आश्वासन, अमित शाह ने CM से की बात, हेल्पलाइन नंबर भी जारी
अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के दो जवान भी शामिल हैं। जम्मू-कश्मीर के सुदूर गांव चशोती में मचैल माता यात्रा के मार्ग पर दोपहर 12 बजे से 1 बजे के बीच बादल फटा, जब वहां बड़ी संख्या में लोग जमा थे। 9,500 फीट ऊंचे मंदिर तक 8.5 किलोमीटर की पैदल यात्रा चसोती से शुरू होती है
जम्मू कश्मीर में बादल फटने से 38 की मौत, PM मोदी ने दिया हर संभव मदद का आश्वासन
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के एक सुदूर पहाड़ी गांव में बृहस्पतिवार को बादल फटने से CISF के दो जवानों समेत कम से कम 38 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोगों के अब भी फंसे होने की आशंका है। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है और अब तक 120 लोगों को बचा लिया गया है, जिनमें 38 की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि मृतकों में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के दो जवान भी शामिल हैं।
जम्मू-कश्मीर के सुदूर गांव चशोती में मचैल माता यात्रा के मार्ग पर दोपहर 12 बजे से 1 बजे के बीच बादल फटा, जब वहां बड़ी संख्या में लोग जमा थे। 9,500 फीट ऊंचे मंदिर तक 8.5 किलोमीटर की पैदल यात्रा चसोती से शुरू होती है।
न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि गांव में आई आपदा के बाद यात्रा स्थगित कर दी गई है। अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
अधिकारियों ने बताया कि बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें NDRF, SDRF, पुलिस, सेना और स्थानीय वॉलंटियर्स सहयोग कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने हर संभव मदद का आश्वासन दिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इलाके के लोगों को इस मुश्किल समय में हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
उन्होंने X पर एक पोस्ट में लिखा, "मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में बादल फटने और बाढ़ से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। बचाव और राहत कार्य जारी हैं। जरूरतमंदों को हर संभव सहायता दी जाएगी।"
गृह मंत्री अमित शाह ने CM अब्दुल्ला से की बात
गृह मंत्री अमित शाह ने बादल फटने की घटना के बारे में जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से बात की और लोगों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के बादल फटने से प्रभावित चशोती गांव में बचाव और राहत अभियान जोरों पर है।
उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। उपराज्यपाल ने एक पोस्ट में कहा, ‘‘चशोती में बचाव और राहत अभियान पूरे ज़ोरों पर है। घटनास्थल पर राहतकर्मी और मशीनें भेजी गई हें। अन्य टीम भी भेजी गई हैं।’’
इससे पहले सिन्हा ने इस घटना में हुई जानमाल की हानि पर दुख व्यक्त किया।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘किश्तवाड़ के चशोती में बादल फटने की घटना से व्यथित हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। असैन्य, पुलिस, सेना, एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल) और एसडीआरएफ (राज्य आपदा मोचन बल) अधिकारियों को बचाव एवं राहत अभियान को और तेज करने तथा प्रभावितों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।’’
हेल्प लाइन नंबर जारी किए
अधिकारियों ने बताया कि चशोती गांव में आई आपदा के बाद पद्दार में कंट्रोल रूम बनाया गया है। यह गांव आपदा स्थल से लगभग 15 किलोमीटर दूर है। कंट्रोल रूम में पांच अधिकारियों को तैनात किया गया है। इसके लिए कई हेल्प लाइन नंब भी जारी किए हैं:-
9858223125
6006701934
9797504078
8492886895
8493801381
7006463710
लोग इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। इनके अलावा, जिला कंट्रोल रूम के नंबर 01995-259555 और 9484217492 हैं, और किश्तवाड़ के पुलिस कंट्रोल रूम का नंबर 9906154100 है।
प्रशासन ने लोगों को हर संभव मदद देने का भरोसा दिलाया है। अधिकारियों का कहना है कि वे स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं। वे यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे हैं कि प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाई जा सके।