India-pakistan Tension: सीजफायर के उल्लंघन के बाद जम्मू और कश्मीर से लेकर गुजरात तक देश के कई सीमावर्ती इलाकों में 11 मई की सुबह शांति रही। इन शहरों में गोलाबारी या ड्रोन देखे जाने की कोई नई रिपोर्ट नहीं आई। बीती रात पाकिस्तान के समझौते का उल्लंघन के बाद इन शहरों में ड्रोन देखें गए थे जिन्हें सेना ने नष्ट कर दिया। आपको बता दें कि 10 मई की शाम को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत और पाकिस्तान के बीच 'संघर्ष विराम' की घोषणा की। नई दिल्ली और इस्लामाबाद ने भी बाद में सैन्य संघर्ष को रोकने के कदम की पुष्टि की।
हालांकि कुछ ही घंटों के भीतर, पाकिस्तान ने जम्मू और कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पास के इलाकों में गोलाबारी शुरू कर दी। श्रीनगर और गुजरात के कच्छ तक पाकिस्तानी ड्रोन देखें गए जिन्हें मार गिराया गया।
अमृतसर में एहतियातन रहा ब्लैकआउट
पाकिस्तान की सीमा से सटे पंजाब के अमृतसर में 10-11 मई की रात को एहतियात के तौर पर ब्लैकआउट का आदेश दिया गया था। लोगों को घर के अंदर रहने और खिड़कियों और बालकनियों से दूर रहने को कहा गया था। समाचार एजेंसी एएनआई ने बताया कि ब्लैकआउट हटा लिया गया है, लेकिन अमृतसर अभी भी 'रेड अलर्ट' पर है। शहर के श्री गुरु रामदास जी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के परिसर के अंदर स्थित गुरुद्वारा संतसर जी में मत्था टेकने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षा कारणों से वापस भेज दिया जा रहा है।
हाल के दिनों में पुंछ, राजौरी, उधमपुर, अमृतसर और पठानकोट उत्तर भारत के उन शहरों में से हैं, जहां पाकिस्तान की ओर से भारी गोलाबारी और ड्रोन के झुंड सैन्य ठिकानों और आम लोगों को निशाना बनाने की कोशिश करते देखे गए हैं।
भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था. इसके विपरीत पाकिस्तान ने ड्रोन से देश के सीमावर्ती क्षेत्रों में आम लोगों को निशाना बनाया है। हालांकि अधिकांश हमलों को निष्क्रिय कर दिया गया, लेकिन जम्मू-कश्मीर में LoC से सटे इलाकों में भारी गोलाबारी में लगभग 25 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए।