Weather Update: झारखंड में अगले 24 घंटे में पारा तेजी से फिसलेगा, रांची और आसपास के जिलों में ठिठुरन बढ़ेगी

Weather Update: झारखंड में ठंड एक बार फिर तेज होने वाली है। मौसम विभाग के मुताबिक 3 दिसंबर से शीतलहर जैसी स्थिति बन सकती है और तापमान तेजी से नीचे जा सकता है। कई जिलों में सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ेगी। लोगों को आने वाले दिनों में गिरते पारे और ठंडी हवाओं के लिए तैयार रहने की सलाह दी गई है

अपडेटेड Dec 02, 2025 पर 9:19 AM
Story continues below Advertisement
Weather Update: ठंड बढ़ने के साथ कोहरे का असर उड़ानों पर भी दिखने लगा है। सोमवार को कई फ्लाइट्स देरी से पहुंचीं।

झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। पिछले कुछ दिनों से हल्की राहत देने वाली ठंड अब दोबारा तेज पड़ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 3 दिसंबर से राज्य में शीतलहर का नया दौर शुरू होने की संभावना है। जिससे सुबह और रात के तापमान में तेज गिरावट देखने को मिल सकती है। दिन में धूप की हल्की गर्माहट तो मिलेगी, लेकिन शाम ढलते ही ठिठुरन बढ़ने के आसार हैं। कई जिलों में पारा सामान्य से नीचे गिर सकता है। लोग ठंडी हवाओं के असर को पहले से ज्यादा महसूस करेंगे।

रांची, पलामू, सिमडेगा और आसपास के इलाकों में खास तौर पर तापमान में गिरावट के संकेत मिले हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल हल्की ठंड ही महसूस हो रही है, लेकिन आने वाले दिनों में सुबह-शाम की सर्दी और तेज हो जाएगी, जिसके लिए लोगों को तैयार रहने की जरूरत है।

कल से चार डिग्री तक नीचे गिर सकता है पारा


विभाग के मुताबिक राज्य का न्यूनतम तापमान अगले 24 से 36 घंटों में 4 डिग्री तक गिर सकता है। कई जिलों में शीतलहर जैसी स्थिति बनने की आशंका है। रांची में फिलहाल न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 2 डिग्री ज्यादा है, लेकिन इसमें 4-5 डिग्री की तेज गिरावट सम्भव है।

कई जिलों में ठंड बढ़ेगी

झारखंड के अधिकतर हिस्सों में पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ऊपर रहा। गुमला में सबसे कम 10.3 डिग्री और बहरागोड़ा में सबसे अधिक 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। डालटनगंज में तापमान 11.5 डिग्री और जमशेदपुर में 13.8 डिग्री रहा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर-पश्चिमी हवा के सक्रिय होने पर सबसे पहले पलामू, रांची, सिमडेगा और आस-पास के जिलों में ठंड बढ़ेगी।

इस बार कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना कम

मौसम विभाग के विशेषज्ञों का कहना है कि ला नीना कमजोर पड़ रहा है, इसलिए इस बार अत्यधिक कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना फिलहाल कम दिख रही है। हालांकि शीतलहर के बीच पारा लगातार गिर सकता है और सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ेगी।

आज से बादल छंटने की संभावना

बीते कुछ दिनों में बादल होने के कारण रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी गई थी। लेकिन अब आसमान साफ होने के साथ ठंडी हवाएँ अपना असर दिखाना शुरू करेंगी और तापमान में क्रमिक गिरावट शुरू हो जाएगी। उत्तर-पश्चिमी हवा का बहाव तेज होते ही पारा नीचे आता जाएगा।

विमान परिचालन पर कोहरे का असर

ठंड बढ़ने के साथ कोहरे का असर उड़ानों पर भी दिखने लगा है। सोमवार को कई फ्लाइट्स देरी से पहुंचीं। खिलाड़ियों को लेने गया विमान भी देर से पहुंचा। भारत और दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ियों को लेने पहुंचने वाला स्पाइसजेट विमान भी समय पर नहीं पहुंच सका। ये उड़ान सुबह 9:20 बजे आने वाली थी, लेकिन 10:26 बजे पहुंची।

फ्लाइट्स की टाइमिंग पर विपरीत असर

स्पाइसजेट की दूसरी फ्लाइट जो दोपहर 1 बजे की निर्धारित थी, वो 2:45 बजे रांची पहुंची। एयर इंडिया एक्स की दो उड़ानें कोलकाता डायवर्ट करनी पड़ीं। सोमवार को विभिन्न एयरलाइंस की कुल 10 उड़ानें देरी से रांची पहुंचीं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

चक्रवात 'Ditwah' के कारण भारी बारिश और जलभराव, चेन्नई, तिरुवल्लूर समेत कई जिलों में स्कूल, कॉलेज बंद

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।