YouTuber Jyoti Malhotra : पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा पर रोज नए खुलासे हो रहे हैं। वहीं गिरफ्तारी के बाद ज्योति मल्होत्रा से एनआईए, आईबी और सैन्य खुफिया अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं। इसी बीच ज्योति मल्होत्रा के डायरी के कुछ पन्ने सामने आए हैं, जिसमें काफी कुछ निकलकर सामने आया है। जानकारी के मुताबिक ये डायरी 2012 से लिखी जा रही है और इसमें पाकिस्तान के प्रति ज्योति की सोच और रिश्तों को लेकर काफी बातें लिखी हैं।
ज्योति मल्होत्रा ने डायरी में पाकिस्तान की अपनी यात्राओं, वहां की बातचीत और अनुभवों का ज़िक्र किया है। इन जानकारियों के आधार पर एजेंसियां अब उनकी गतिविधियों की गंभीरता से जांच कर रही हैं। 'ट्रैवल विद जेओ' नाम का यूट्यूब चैनल चलाने वाली सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को भारत की संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान को देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट, जिस पर 1.31 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे, को फिलहाल सस्पेंड कर दिया गया है। हालांकि उनका यूट्यूब चैनल अभी भी एक्टिव है और उसमें 3.77 लाख सब्सक्राइबर्स हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, अपनी डायरी में ज्योति मल्होत्रा ने लिखा, "मैं पाकिस्तान की 10 दिन की यात्रा पूरी कर आज भारत लौटी हूं। वहां मुझे लोगों से बहुत स्नेह मिला। हमारे सब्सक्राइबर्स और कई दोस्त भी मिलने आए। लाहौर में बिताए दो दिन बहुत ही खास थे, लेकिन बहुत कम लगे।" ज्योति मल्होत्रा ने कथित तौर पर दो बार पाकिस्तान की यात्रा की थी। उनकी आखिरी यात्रा उस आतंकी हमले से सिर्फ दो महीने पहले हुई थी, जो पहलगाम में हुआ था। पाकिस्तान के लिए उनके बार-बार के सफर ने भारतीय सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है।
'सरहदें कब तक बनी रहेंगी...'
डायरी में एक और दिलचस्प बात लिखी है: "मुझे नहीं पता कि यह सरहदें कब तक बनी रहेंगी, लेकिन उम्मीद है कि हमारे दिलों की दूरियां मिट जाएं। हम सब एक ही मिट्टी के हैं। अगर कोई बात वीडियो में नहीं बताई गई है, तो आप कमेंट में पूछ सकते हैं। अब आपकी इजाज़त से मैं विदा लेती हूँ; पाकिस्तान की सीमा यहीं खत्म होती है।"
ज्योति मल्होत्रा की पाकिस्तान यात्राओं से जुड़े कई वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में वे लाहौर के एक रेस्टोरेंट में कुछ लोगों के साथ खाना खाती नजर आ रही हैं। वहीं, एक और वायरल तस्वीर में उन्हें पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ की बेटी और मौजूदा पंजाब मुख्यमंत्री मरियम नवाज़ शरीफ के साथ देखा गया है। इन तस्वीरों और वीडियो को देखकर लोगों के मन में पाकिस्तान से उनके रिश्तों को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं।
पाकिस्तान में मंदिरों को लेकर कही थी ये बात
ज्योति मल्होत्रा ने अपने लेखों में लिखा है, "मैं पाकिस्तान सरकार से अपील करती हूं कि वह भारतीय लोगों के लिए वहां के गुरुद्वारों और मंदिरों तक पहुंच आसान बनाए। हिंदू श्रद्धालुओं को वहां जाने के लिए और रास्ते खोलने चाहिए। साथ ही, मंदिरों की सुरक्षा भी जरूरी है और 1947 में बिछुड़े परिवारों को फिर से मिलाने में मदद करनी चाहिए। पाकिस्तान के बारे में जितना भी बोला जाए, वो कम है – ये जगह अलग ही दुनिया है, पागलपन से भरी और रंग-बिरंगी।”
हरियाणा के हिसार की रहने वाली ज्योति मल्होत्रा को 16 मई को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया और पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया। हिसार के पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन का कहना है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई उन्हें अपने लिए एक एजेंट के रूप में तैयार कर रही थी।