Kal Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। देश के कुछ हिस्सा में तेज बारिश होगी तो कहीं पर ठंड बढ़ने वाली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी मौसम का पूर्वानुमान के मुताबिक कल यानी 22 नवंबर को उत्तर प्रदेश और दिल्ली के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाने की आशंका है। वहीं, पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भी मौसम बदल सकता है। इन राज्यों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने घने कोहरे और भारी बारिश की आशंका वाले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। आइए जानते हैं पूरे देश में कैसा होगा कल का मौसम
उत्तर प्रदेश में 22 नवंबर को पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना है। सुबह के समय कोहरे की वजह से सड़कों पर कम दिखाई दे सकता है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है। ऐसे में हाईवे पर सफर करने वाले लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। कोहरे की वजह से सड़क, रेल और हवाई यातायात भी प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग ने वाहन चलाते समय फॉग लाइट का इस्तेमाल करने और जल्दबाजी न करने की सलाह दी है।
वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। यहां बारिश या घने कोहरे को लेकर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। वहीं बिहार और झारखंड में 22 नवंबर को कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, मौसम विभाग ने राज्य में भारी बारिश या गरज-चमक को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की है।
पूर्वोत्तर में कैसा रहेगा मौसम
पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में 22 नवंबर को मौसम खराब रह सकता है। मौसम विभाग ने असम और मेघालय के साथ नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई है। इन राज्यों में बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है। IMD के अनुसार, इन राज्यों में 21 और 22 नवंबर को बारिश का दौर जारी रह सकता है। कुछ इलाकों में व्यापक स्तर पर बारिश होने का अनुमान है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश में भी 22 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। लगातार बारिश के कारण स्थानीय स्तर पर लोगों को आवाजाही में परेशानी हो सकती है।
दक्षिण भारत में कैसा होगा मौसम
दक्षिण भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, 22 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश, यानम, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और केरल के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। रायलसीमा में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। वहीं, तमिलनाडु में 23 से 27 नवंबर और केरल में 24 से 26 नवंबर के बीच कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी आने वाले दिनों में बारिश और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।