IMD Weather Alert: कही पर भारी बारिश तो कहीं घने कोहरे की मार, अगले 4 दिनों में कैसा रहेगा दिल्ली समेत देश का मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में बना चक्रवाती तूफान 'अकवान' अब कमजोर हो गया है। 20 नवंबर को यह धीरे-धीरे कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदल गया। 21 नवंबर की सुबह यह उत्तरी छत्तीसगढ़ और आसपास के इलाकों में पहुंच गया था

अपडेटेड Nov 21, 2026 पर 2:52 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
दिल्ली-एनसीआर में अगले चार दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है

IMD Weather Update: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है। कहीं पर भारी बारिश तो वहीं कहीं पर घना कोहरा देखने को मिला है। वहीं इन सब के बीच देश के कई हिस्सों में मौसम को लेकर नया अपडेट जारी किया है। भारत मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिणी तटीय ओडिशा और उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश के आसपास एक्टिव चक्रवाती तूफान 'अकवान' अब कमजोर पड़ चुका है। आईएमडी ने तमिलनाडु और केरल में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है। पूर्वी हवाओं के प्रभाव से 23 से 27 नवंबर के बीच तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

इस दौरान कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। आईएमडी ने हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है।

कमजोर पड़ रहा 'अकवान'


मौसम विभाग के मुताबिक, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में बना चक्रवाती तूफान 'अकवान' अब कमजोर हो गया है। 20 नवंबर को यह धीरे-धीरे कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदल गया। 21 नवंबर की सुबह यह उत्तरी छत्तीसगढ़ और आसपास के इलाकों में पहुंच गया था। इसके अलावा नागालैंड और मराठवाड़ा के आसपास भी हवा में कम दबाव और चक्रवाती गतिविधियां बनी हुई हैं। इनका असर देश के कई हिस्सों के मौसम पर पड़ सकता है।

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में अगले चार दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है। इस दौरान मौसम ज्यादातर साफ रहेगा। वहीं दिल्ली में सुबह के समय हल्का कोहरा और धुंध लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, 21 नवंबर को दिल्ली में आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं कल यानी 22 और 23 नवंबर को आसमान बादलों से ढका रह सकता है। सुबह ज्यादातर जगहों पर धुंध या हल्का कोहरा छा सकता है। कुछ स्थानों पर मध्यम कोहरा भी देखने को मिल सकता है। इस दिन अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

वहीं, 24 नवंबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। सुबह कुछ जगहों पर धुंध या हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

कैसा होगा दक्षिण भारत का मौसम

दक्षिण भारत के राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 21 से 23 नवंबर और फिर 26 से 27 नवंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, 24 और 25 नवंबर को भी कई जगहों पर बारिश हो सकती है। तमिलनाडु में 23 से 27 नवंबर के बीच कुछ इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा केरल और माहे में 21 से 27 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है। यहां 24 से 26 नवंबर के बीच कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 24 और 25 नवंबर को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा के झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

यूपी में कैसा होगा मौसम

मौसम विभाग ने 21 नवंबर को हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में घने कोहरे की आशंका जताई है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 22 और 23 नवंबर को घना कोहरा छा सकता है। कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित होने की संभावना है। वहीं, अगले कुछ दिनों में दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है, जबकि उत्तर भारत में सुबह के समय कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों का ध्यान रखने और जरूरी सावधानियां बरतने की जरूरत है।

पूर्वोत्तर भारत में कैसा होगा मौसम

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 21 से 24 नवंबर के बीच अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है। वहीं, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 21 और 22 नवंबर को कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। हालांकि, पश्चिमी, मध्य और पूर्वी भारत के ज्यादातर हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

आंध्र प्रदेश में कैसा होगा मौसम

तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 21 से 27 नवंबर तक बारिश होने की संभावना है। वहीं, 23 से 25 नवंबर के बीच इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा, कर्नाटक के तटीय और उत्तरी आंतरिक हिस्सों में 24 से 27 नवंबर तक बारिश और बिजली चमकने का अनुमान है। दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में भी 23 से 27 नवंबर के बीच मौसम बदल सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।