PM Modi: 'पहले की सरकारों ने गरीबों को लूटा',बिहार के वैशाली में विपक्ष पर बरसे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गंगा नदी पर बने छह लेन के नीतीश सेतु पुल का उद्घाटन किया। करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह पुल पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ता है। इस दौरान उन्होंने वैशाली से विपक्ष पर बड़ा हमला बोला

अपडेटेड Nov 21, 2026 पर 5:05 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पीएम मोदी ने बिहार में बिजली उत्पादन के क्षेत्र में हुई प्रगति का भी जिक्र किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के विकास को लेकर अपनी सरकार की योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने गंगा नदी पर बने 6 लेन के 'नीतीश सेतु' पुल और 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने वैशाली से विपक्ष पर बड़ा हमला बोला। पीएम ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए बिहार के विकास को लेकर उनके किए गए कामकाज पर भी सवाल उठाए। वैशाली में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बिहार में NDA सरकार अपने एक साल पूरे होने का जश्न मना रही है। उन्होंने राज्य के विकास में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल की भूमिका की सराहना की।

पीएम मोदी ने पिछली सरकार पर जमकर साधा निशाना

वैशाली में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान बिहार के विकास में अहम योगदान दिया।" उन्होंने राज्य में बुनियादी ढांचे के विकास और कनेक्टिविटी में हुए सुधारों का भी जिक्र किया। पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "पिछली सरकारों ने गरीबों को लूटा।" उन्होंने बिहार में सड़कों के निर्माण का जिक्र करते हुए कहा, "राज्य में सड़कों का नेटवर्क तेजी से बिछाया जा रहा है।"


पीएम मोदी ने बिहार में बिजली उत्पादन के क्षेत्र में हुई प्रगति का भी जिक्र किया। उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था, जब बिहार के गांवों में बिजली की भारी कमी थी। उन्होंने कहा, “एक समय था जब बिहार के गांवों में बिजली नहीं थी। अब यह बिजली बनाने में अहम भूमिका निभा रहा है।”

नीतीश सेतु पुल का किया उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गंगा नदी पर बने छह लेन के नीतीश सेतु पुल का उद्घाटन किया। करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह पुल पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ता है। इस पुल की कुल लंबाई 19.7 किलोमीटर है, जिसमें 9.7 किलोमीटर का मुख्य पुल और संपर्क सड़कें शामिल हैं। इसके शुरू होने से गंगा पर बने दूसरे पुलों पर वाहनों का दबाव कम होगा। साथ ही उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सफर करना आसान होगा और दोनों क्षेत्रों की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी। इस पुल का नाम बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर रखा गया है।

इन योजनाओं की भी रखी आधारशिला

इसके अलावा पीएम मोदी ने करीब 14,450 करोड़ रुपये की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। इनमें हाईवे निर्माण, बिजली व्यवस्था में सुधार, पानी की सप्लाई, सीवरेज, शिक्षण संस्थानों और दूसरी जरूरी सुविधाओं से जुड़े काम शामिल हैं। इसके अलावा, उन्होंने बिहार में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने के लिए 100 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 26,900 से ज्यादा लोगों के लिए नए घरों में प्रवेश का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इन सभी योजनाओं का उद्देश्य बिहार में आवागमन को आसान बनाना, लोगों को बेहतर सुविधाएं देना और राज्य के विकास को गति देना है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।