IMD Weather Alert: चक्रवाती तूफान अर्णब का असर शांत होने के तुरंत बाद अब देश के समुद्री और तटीय इलाकों में एक नया तूफानी तंत्र तेजी से आकार ले रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी ताजा मौसम बुलेटिन के मुताबिक शनिवार, 31 अक्टूबर को दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे अंडमान सागर के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र और मजबूत होकर डिप्रेशन में बदल जाएगा। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि इस मौसमी बदलाव के कारण समुद्री क्षेत्रों और तटीय राज्यों में 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तूफानी हवाएं चलेंगी, जिनकी रफ्तार बढ़कर 65 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसके साथ ही पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भारी बारिश और मैदानी तथा मध्य भारत के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।
