Kalyan Banerjee Attack: अभिषेक बनर्जी के बाद अब बंगाल में TMC सांसद कल्याण बनर्जी पर हमला, भीड़ ने 'चोर-चोर' के नारे भी लगाए

Kalyan Banerjee Attack: तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के बाद अब पश्चिम बंगाल के हुगली ज़िले में TMC सांसद कल्याण बनर्जी पर कथित तौर पर हमला किया गया है। कोलकाता के पास भीड़ ने उन पर तब धावा बोल दिया जब वे एक ज्ञापन सौंपने के लिए चंडीताला पुलिस स्टेशन जा रहे थे

अपडेटेड May 31, 2026 पर 12:55 PM
Story continues below Advertisement
Kalyan Banerjee Attack: कोलकाता के पास तृणमूल सांसद कल्याण बनर्जी पर भीड़ ने हमला किया

Kalyan Banerjee Attack: पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद हुई हिंसा के पीड़ितों के परिवारों से मिलने पहुंचे तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के साथ शनिवार (31 मई) को हुए दुर्व्यवहार के बाद अब TMC के एक और सांसद पर हमला हुआ है। टीएमसी के सीनियर नेता कल्याण बनर्जी पर कोलकाता के पास हुगली में कथित तौर पर हमले की खबर सामने आई है। हमला करने वालों ने कल्याण बनर्जी के खिलाफ चोर-चोर के नारे भी लगाए।

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक कल्याण बनर्जी पर कथित तौर पर हुगली के चंडीतला पुलिस स्टेशन के पास रविवार (31 मई) को हमला किया गया। बताया जा रहा है कि यह हमला उस वक्त हुआ जब वे बंगाल चुनाव के बाद हुई हिंसा के संबंध में एक ज्ञापन सौंपने गए थे। इस दौरान कोलकाता के पास कल्याण बनर्जी पर भीड़ ने हमला कर दिया। इस हमले में वे कथित तौर पर घायल हो गए हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कल्याण बनर्जी को प्रदर्शनकारियों के एक ग्रुप ने घेर लिया था। उन्होंने काले झंडे लहराए और टीएमसी सांसद के खिलाफ नारे लगाए। हालात कुछ ही देर में बेकाबू हो गए। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान सांसद के साथ हाथापाई भी हुई।


मौके से सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि जब सुरक्षाकर्मी और समर्थक भीड़ को काबू करने की कोशिश कर रहे थे, तो वहां अफरा-तफरी मच गई। एक वीडियो में बनर्जी ज़मीन पर लेटे हुए दिखाई दे रहे हैं। जबकि पुलिस और सुरक्षाकर्मी उनके चारों ओर जमा हैं। यह दृश्य इस टकराव के तनावपूर्ण माहौल को साफ तौर पर दिखाता है।

मौके पर मौजूद बंगाल के पुलिसकर्मियों ने स्थिति को काबू में करने और सांसद की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तुरंत मामले में हस्तक्षेप किया। अधिकारी घटनाक्रम का पता लगाने और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने के लिए वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों की जांच कर रहे हैं। TMC ने इस घटना की निंदा की है। ममता की पार्टी ने अपने राजनीतिक विरोधियों पर इस विरोध प्रदर्शन को भड़काने का आरोप लगाया है। हालांकि, बीजेपी ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है।

अभिषेक बनर्जी पर भी हमला

इससे एक दिन पहले तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद और पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी पर हमला हुआ था। हमले के सिलसिले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। सोनारपुर इलाके में चुनाव बाद हिंसा के पीड़ितों के परिवारों से मिलने पहुंचे बनर्जी के साथ शनिवार 30 मई को दुर्व्यवहार किया गया।

ये भी पढ़ें- Abhishek Banerjee Attack: 'हीरो बनने के लिए वहां क्यों गए?'; ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले में 5 गिरफ्तार, BJP-TMC में सियासी संग्राम

बड़ी संख्या में नाराज लोगों ने उन पर अंडे, जूते तथा पत्थर फेंके। इस दौरान बनर्जी क्रिकेट हेलमेट पहनकर और अपने सहयोगियों की मदद से बड़ी मुश्किल से भीड़ के बीच से निकल सके। बाद में बनर्जी ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ता उन्हें जान से मारने की कोशिश कर रहे थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।